होम / टीवी / सीनियर न्यूज एंकर रुबिका लियाकत को लेकर अब आई ये बड़ी खबर
सीनियर न्यूज एंकर रुबिका लियाकत को लेकर अब आई ये बड़ी खबर
इस खबर के मुताबिक, रुबिका लियाकत ‘भारत24’ (Bharat24) के साथ अपनी नई पारी शुरू करने जा रही हैं। इसके अलावा वह अपना यूट्यूब चैनल भी लेकर आएंगी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
हिंदी न्यूज चैनल ‘एबीपी न्यूज’ (ABP News) से पिछले दिनों इस्तीफा देने के बाद जानी-मानी न्यूज एंकर रुबिका लियाकत को लेकर अब एक बड़ी खबर सामने आई है। इस खबर के मुताबिक, रुबिका लियाकत जाने-माने पत्रकार और ‘ईटीवी न्यूज नेटवर्क’ (ETV News Network) व ‘जी मीडिया’ (Zee Media) के रीजनल क्लस्टर के पूर्व सीईओ डॉ. जगदीश चंद्रा के नेतृत्व में पिछले साल लॉन्च हुए हिंदी न्यूज चैनल ‘भारत24’ (Bharat24) में बतौर वाइस प्रेजिडेंट अपनी नई पारी शुरू करने जा रही हैं। इसके अलावा वह अपना यूट्यूब चैनल भी चलाएंगी।
‘भारत24’ के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ जगदीश चंद्रा ने इस खबर की पुष्टि करते हुए समाचार4मीडिया को बताया कि रुबिका ने उनका ऑफर स्वीकर कर लिया है। समाचार4मीडिया ने इस बारे में रुबिका लियाकत से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनसे बात नहीं हो पाई।
जगदीश चंद्रा का कहना है कि अपने करियर में टॉप पर होने के बाद भी रुबिका ने ‘भारत 24’ में शामिल होने का फैसला किया, क्योंकि यह देश में सबसे तेजी से बढ़ता राष्ट्रीय हिंदी समाचार चैनल है। आगामी आम चुनावों और अन्य राज्यों के चुनावों को देखते हुए चैनल की विकास योजनाएं बेहद मजबूत हैं।
जगदीश चंद्रा के अनुसार, ‘पिछले साल 15 अगस्त को अपनी लॉन्चिंग के बाद से इस चैनल ने 'जहां तक भारत, वहां तक भारत24' के अपने अंतर्निहित विषय के साथ राष्ट्रीय चैनल बनने पर ध्यान केंद्रित किया है। आज चैनल पर रोजाना 1000 से अधिक समाचार आ रहे हैं और यह सभी राज्यों के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को सामने ला रहा है। लॉन्चिंग के शुरुआती 150 दिनों में 150 से अधिक विज्ञापनदाताओं को जोड़ने के साथ ही चैनल को दर्शकों और विज्ञापनदाताओं से शानदार प्रतिक्रिया मिली है।’
बता दें कि रुबिका लियाकत की गिनती टीवी पत्रकारिता की दुनिया में तेज-तर्रार महिला एंकर के रूप में होती है। वह वर्ष 2018 से 'एबीपी न्यूज' के साथ जुड़ी हुई थीं। रुबिका की हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी पर मजबूत पकड़ है और अपने इस हुनर का वो शब्दों के चयन में पूरा इस्तेमाल करती हैं। वह अपने लोकप्रिय शो ‘ताल ठोक के’ और ‘मास्टर स्ट्रोक’ के लिए जानी जाती हैं।
मूलरूप से उदयपुर की रहने वालीं रुबिका मुंबई यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं। उन्होंने ‘Futuristic Media Communication Centre’ (FMCC) से मीडिया की पढ़ाई की है। ग्रेजुएशन के बाद रुबिका लियाकत 'लाइव इंडिया' का हिस्सा बन गईं। जून 2007 से लेकर सितंबर 2008 तक वह ‘लाइव इंडिया’ से जुड़ीं रहीं। 2008 में नए लॉन्च हुए चैनल ‘न्यूज24’ में बतौर एंकर उन्होंने काम किया था।
उसके बाद उन्होंने ‘जी न्यूज’ के साथ रिपोर्टिंग और एंकरिंग की पारी शुरू की। खबरों की समझ, भाषा कौशल और लगभग हर क्षेत्र पर पकड़ के चलते जल्द ही उन्होंने ‘जी न्यूज’ में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की। इसके बाद वह ‘एबीपी न्यूज’ में आ गईं और अब यहां से वह ‘भारत24’ के साथ अपनी नई पारी शुरू करने जा रही हैं।
टैग्स एबीपी न्यूज इस्तीफा न्यूज एंकर नई पारी रुबिका लियाकत एबीपी नेटवर्क जॉइनिंग जगदीश चंद्रा भारत24