होम / टीवी / इस बड़े पद पर अब टीवी9 नेटवर्क से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार सिद्धार्थ त्रिपाठी
इस बड़े पद पर अब टीवी9 नेटवर्क से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार सिद्धार्थ त्रिपाठी
सिद्धार्थ त्रिपाठी ने कुछ दिनों पहले हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ में अपनी करीब सवा तीन साल पुरानी पारी को विराम दे दिया था।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
वरिष्ठ टीवी पत्रकार सिद्धार्थ त्रिपाठी ने ‘टीवी9’ नेटवर्क के साथ मीडिया में अपनी नई पारी शुरू की है। उन्होंने यहां पर बतौर सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) जॉइन किया है।
समाचार4मीडिया से बातचीत में सिद्धार्थ त्रिपाठी ने बताया कि यहां पर वह टीवी और डिजिटल दोनों के हाइब्रिड स्वरूप यानी जिसमें टीवी के साथ-साथ डिजिटल और ऐप बेस्ड प्रीमियम कंटेंट वाले ओटीटी का भी समावेश होगा, उसकी जिम्मेदारी संभालेंगे।
बता दें कि सिद्धार्थ त्रिपाठी ने कुछ दिनों पहले हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ में अपनी करीब सवा तीन साल पुरानी पारी को विराम दे दिया था। वह यहां सीनियर एडिटर के तौर पर कार्यरत थे और रात नौ बजे के प्राइम टाइम शो ‘खबरदार’ की जिम्मेदारी संभालते थे। 'आजतक' के सलाहकार संपादक व प्राइम टाइम एंकर सुधीर चौधरी के नए शो ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ की जिम्मेदारी भी इन दिनों सिद्धार्थ त्रिपाठी के कंधों पर थी।
मूल रूप से कानपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले सिद्धार्थ त्रिपाठी को मीडिया में काम करने का दो दशक से ज्यादा का अनुभव है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से साइंस ग्रेजुएट सिद्धार्थ त्रिपाठी ‘आजतक’ से पहले करीब सवा छह साल तक ‘जी न्यूज’ में बतौर एसोसिएट एडिटर अपनी पारी खेल चुके हैं। यहां उन्होंने चैनल के लोकप्रिय शो ‘डीएनए’ (DNA) बनाने वाली टीम को लीड किया। इसके अलावा पूर्व में वह ‘सहारा टीवी’, ‘जनमत टीवी’ और ‘लाइव इंडिया’ जैसे प्रतिष्ठित न्यूज चैनल्स में भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं।
सिद्धार्थ त्रिपाठी को ‘खबरदार’ और ‘डीएनए’ शो के निर्माण के लिए प्रतिष्ठित ‘एक्सचेंज4मीडिया न्यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स’ (enba) भी मिल चुका है। दोनों चैनल्स में अपनी पारी के दौरान वह टीम लीड के रूप में इस अवॉर्ड को पाने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं।
समाचार4मीडिया की ओर से सिद्धार्थ त्रिपाठी को उनके नए सफर के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
टैग्स आजतक पत्रकार मीडिया न्यूज चैनल पत्रकारिता जर्नलिस्ट समाचार4मीडिया टीवी9 भारतवर्ष हिंदी पत्रकारिता सिद्धार्थ त्रिपाठी न्यूज टीवी9 नेटवर्क हिंदी न्यूज खबर समाचार सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर मीडिया न्यूज़ मीडिया की न्यूज़