होम / टीवी / अब इस न्यूज चैनल में एडिटर बने वरिष्ठ पत्रकार सचिन अरोड़ा
अब इस न्यूज चैनल में एडिटर बने वरिष्ठ पत्रकार सचिन अरोड़ा
उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर-62 से शुरू होने जा रहे इस चैनल की आधिकारिक रूप से लॉन्चिंग 15 अगस्त को की जाएगी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
वरिष्ठ पत्रकार सचिन अरोड़ा ने अब अपनी नई पारी का आगाज किया है। उन्होंने जाने-माने पत्रकार और ‘ईटीवी न्यूज नेटवर्क’ (ETV News Network) व ‘जी मीडिया’ (Zee Media) के रीजनल क्लस्टर के पूर्व सीईओ जगदीश चंद्रा के नेतृत्व में जल्द लॉन्च होने जा रहे हिंदी न्यूज चैनल ‘भारत24’ (BHARAT 24) में जॉइन किया है। यहां वह एडिटर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर-62 से शुरू होने जा रहे इस चैनल की आधिकारिक रूप से लॉन्चिंग 15 अगस्त को की जाएगी।
मूल रूप से रोहतक (हरियाणा) के रहने वाले सचिन अरोड़ा को मीडिया में काम करने का करीब 21 साल का अनुभव है। ‘भारत24’ से पहले सचिन अरोड़ा ‘जी न्यूज’ (Zee News) में बतौर एसोसिएट एडिटर अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वह करीब साढ़े छह साल से इस चैनल से जुड़े हुए थे। पूर्व में करीब सात साल तक वह ‘आजतक’ (AajTak) में भी अपनी पारी खेल चुके हैं।
सचिन अरोड़ा ने रोहतक से ग्रेजुएशन करने के बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत उन्होंने वर्ष 2001 में ‘सहारा समय’ (Sahara Samay) से बतौर एंकर की थी।
इसके बाद वर्ष 2004 में वह यहां से ‘आजतक‘ चले गए, जहां वह मॉर्निंग प्राइम टाइम शो ‘आज की सुबह‘ होस्ट करते थे। इसके बाद वह लंबे समय तक सीनियर एंकर/करेसपॉन्डेंट के तौर पर ‘इंडिया टीवी‘ (India TV) में भी रहे। फिर वहां से होते हुए वह पहले ‘जी न्यूज’ और अब ‘भारत24’ पहुंचे हैं।
अपने पत्रकारीय करियर में सचिन अरोड़ा चार लोकसभा चुनावों के साथ-साथ कई विधानसभा चुनाव कवर कर चुके हैं। वह उन चुनिंदा पत्रकारों में शामिल हैं, जो स्क्रीन के साथ फील्ड पर भी एक्टिव रहते हैं। समाचार4मीडिया की ओर से सचिन अरोड़ा को उनके नए सफर के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
टैग्स न्यूज चैनल एडिटर हिंदी न्यूज चैनल्स जगदीश चंद्रा भारत24 सचिन अरोड़ा