होम / टीवी / न्यूज इंडिया के मैनेजिंग एडिटर पशुपति शर्मा ने दिया इस्तीफा, बताई यह वजह
न्यूज इंडिया के मैनेजिंग एडिटर पशुपति शर्मा ने दिया इस्तीफा, बताई यह वजह
करीब तीन महीने पहले लॉन्च हुए नेशनल चैनल ‘न्यूज इंडिया’ से बड़ी खबर आ रही है। खबर के मुताबिक ‘न्यूज इंडिया‘ के मैनेजिंग एडिटर पशुपति शर्मा ने यहां से अपना इस्तीफा दे दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
करीब तीन महीने पहले लॉन्च हुए नेशनल चैनल ‘न्यूज इंडिया’ (News India) से बड़ी खबर आ रही है। खबर के मुताबिक ‘न्यूज इंडिया‘ के मैनेजिंग एडिटर पशुपति शर्मा ने यहां से अपना इस्तीफा दे दिया है। इससे एक बार फिर कयासों का दौर शुरू हो गया है कि क्या ‘न्यूज इंडिया‘ में सब कुछ ठीक ठाक नहीं है? दरअसल, ‘न्यूज इंडिया‘ के आउटपुट हेड रंजेश शाही, उसके बाद सीनियर एंकर अर्चना सिंह और अब पशुपति के इस्तीफे के बाद ऐसी अटकलों को बल मिल रहा है।
इस मामले में समाचार4मीडिया से बातचीत में पशुपति शर्मा ने अपने इस्तीफे की बात स्वीकार की है। वहीं, न्यूज रूम में उड़ रही अफवाहों पर उन्होंने कहा कि उनके लिए वहां काम करना अब थोड़ा कठिन हो गया था। पशुपति के मुताबिक, ‘मैनेजमेंट के लोगों का एडिटोरियल टीम में दखल करीब एक महीने से काफी बढ़ गया था। बेवजह लोगों को निकाल देना, सैलरी को देर से देना और इसके अलावा उनके पद को भी उतना सम्मान वहां नहीं मिल पा रहा था।‘
पशुपति शर्मा ने बताया कि वह पूरे चैनल के मैनेजिंग एडिटर थे, न कि सिर्फ दिल्ली के, उसके बावजूद उनकी जिम्मेदारियों को सीमित करने की कोशिश की जा रही थी। पशुपति के मुताबिक, ‘मेरे लिए इस प्रकार का निर्णय लेना बेहद कठिन था, लेकिन जिस प्रकार मेरी मेहनत से बनाई हुई टीम के लोगों के साथ व्यवहार किया गया, उसके बाद मैंने इस्तीफा देना ही उचित समझा।‘ गौरतलब है कि ‘न्यूज इंडिया’ से पहले करीब एक साल से पशुपति शर्मा ‘जी हिन्दुस्तान’ में बतौर एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
‘जी हिन्दुस्तान’ की रिलॉन्चिंग में पशुपति शर्मा की अहम भूमिका रही थी। ‘जी हिन्दुस्तान’ के नए लुक और कंटेंट के पीछे उनका अहम रोल रहा। कोरोना संकट के बीच रिलॉन्चिंग के कुछ हफ्तों बाद ही चैनल ने अपनी अलग पहचान बना ली थी। यहां पशुपति शर्मा प्लानिंग टीम का हिस्सा रहे और सुपर प्राइम टाइम शो उनके हाथों से होकर ही गुजरते थे।
‘जी हिन्दुस्तान’ की रिलॉन्चिंग के वक्त उन्होंने सीईओ पुरुषोत्तम वैष्णव के साथ खुली चर्चा के बाद 'खबरों का टॉप एंगल' जैसा अनूठा शो शुरू कर स्टूडियो से बाहर खुले आसमान से खबरों के प्रजेंटेशन का नया ट्रेंड शुरू किया तो ‘वंदे मातरम’ शो से चैनल को नई पहचान दिलाई।
मूल रूप से पूर्णिया (बिहार) के रहने वाले पशुपति शर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का करीब 20 साल का अनुभव है। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो दिल्ली स्थित जेएनयू से एमए, एमफिल करने के साथ ही उन्होंने माखनलाल राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई की है।
जुलाई 2020 में ‘जी हिन्दुस्तान’ में अपनी पारी की शुरुआत करने से पहले वह ‘इंडिया न्यूज‘ में बतौर आउटपुट हेड अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वर्ष 2018 में ‘इंडिया न्यूज‘ जॉइन करने से पहले वह ‘न्यूज नेशन‘ में करीब छह साल तक अहम भूमिका में रहे। पशुपति शर्मा पूर्व में ‘इंडिया टीवी‘,‘न्यूज 24‘, ‘टीवी टुडे‘ ग्रुप, ‘दैनिक जागरण‘ और ‘दैनिक भास्कर‘ में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
टैग्स जी हिन्दुस्तान इस्तीफा न्यूज इंडिया मैनेजिंग एडिटर पशुपति शर्मा