होम / टीवी / ‘NDTV’ की टीम में शामिल हुए राहुल कंवल, संभाला कार्यभार
‘NDTV’ की टीम में शामिल हुए राहुल कंवल, संभाला कार्यभार
'टीवी टुडे नेटवर्क' (TVTN) में न्यूज डायरेक्टर व 'बिजनेस टुडे' के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर पद से पिछले दिनों इस्तीफा देने के बाद राहुल कंवल अब औपचारिक रूप से ‘एनडीटीवी’ की टीम में शामिल हो गए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 8 months ago
'टीवी टुडे नेटवर्क' (TVTN) में न्यूज डायरेक्टर व 'बिजनेस टुडे' के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर पद से पिछले दिनों इस्तीफा देने के बाद जाने-माने पत्रकार राहुल कंवल अब ‘एनडीटीवी’ (NDTV) की टीम में शामिल हो गए हैं। 26 मई को उन्होंने आधिकारिक रूप से बतौर एडिटर-इन-चीफ और सीईओ अपना कार्यभार संभाल लिया है। अपनी इस भूमिका में राहुल कंवल 'एनडीटीवी' के पूरे बिजनेस और एडिटोरियल ऑपरेशंस का नेतृत्व करेंगे।
बता दें कि राहुल कंवल से जुड़ी हर अपडेट 'समाचार4मीडिया' ने सबसे पहले अपने पाठकों तक पहुंचायी है और यह खबर भी आप तक सबसे पहले पहुंचा रहा है। 05 अप्रैल को 'समाचार4मीडिया' ने सूत्रों के हवाले से सबसे पहले यह खबर दी थी कि राहुल कंवल NDTV से जुड़ सकते हैं। हमारी इस खबर पर भी 26 अप्रैल को ही आधिकारिक मुहर लग चुकी है। NDTV के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 25 अप्रैल 2025 को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया था कि राहुल कंवल को NDTV का चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) और एडिटर-इन-चीफ नियुक्त किया जाएगा।
राहुल कंवल पत्रकारिता जगत का जाना-माना नाम हैं, जिन्हें इस क्षेत्र में 25 वर्षों से भी ज्यादा का अनुभव है। वह अभी तक 'इंडिया टुडे' और 'आजतक' में न्यूज डायरेक्टर के रूप में कार्यरत थे और 'बिजनेस टुडे' के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर भी रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने 'हेडलाइंस टुडे' और 'जी न्यूज' जैसे संस्थानों में वरिष्ठ संपादकीय भूमिकाएं निभाई हैं। 23 मई को 'टीवी टुडे नेटवर्क' में उनका आखिरी कार्यदिवस था।
राहुल कंवल ने अपने कार्यकाल में इंडिया टुडे ग्रुप की न्यूज गैदरिंग और ऑपरेशंस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। वह इंडिया टुडे के प्रमुख प्राइमटाइम शो ‘न्यूजट्रैक’ का चेहरा रहे और उनका वीकेंड इंटरव्यू शो ‘जब वी मेट’ भी बेहद लोकप्रिय रहा।
राहुल कंवल की नियुक्ति के बारे में ‘AMG मीडिया नेटवर्क्स’ के सीईओ संजय पुगलिया ने कहा, ‘एनडीटीवी एक न्यूज सुपर-ब्रैंड है, जो पिछले लगभग चार दशकों से विश्वसनीयता और भरोसे का प्रतीक रहा है। पिछले दो वर्षों में एनडीटीवी ने पांच नए प्रोडक्ट लॉन्च किए हैं और अपने मूल्यों के साथ विस्तार करता रहा है। राहुल कंवल के पास गहरी संपादकीय समझ, पत्रकारिता के प्रति जुनून और अच्छी नेतृत्व क्षमता है, जो एनडीटीवी को और ऊंचाई तक ले जाने में मदद करेंगी।’
वहीं, इस बारे में राहुल कंवल का कहना है, 'अपनी पीढ़ी के बहुत से लोगों की तरह मैंने एनडीटीवी देखकर ही पत्रकारिता को जाना। इस प्रतिष्ठित न्यूज ब्रैंड में नई ऊर्जा और दिशा लाने का अवसर मेरे लिए गर्व की बात है। वर्षों से एनडीटीवी चुनाव कवरेज और ब्रेकिंग न्यूज के लिए भरोसेमंद नाम रहा है। इस विशिष्ट संस्था की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए मैं एनडीटीवी की शानदार टीम के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं।'
14 सितंबर 1980 को महाराष्ट्र के देवलाली में जन्मे राहुल कंवल ने दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की। राहुल हावर्ड बिजनेस स्कूल के जनरल मैनेजमेंट प्रोग्राम (GMP) के पूर्व छात्र हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद कार्डिफ यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म का कोर्स भी कर चुके हैं। उन्हें चिवनिंग स्कॉलरशिप और रॉय पेक ट्रस्ट ग्रांट फॉर होस्टाइल एनवायरनमेंट जर्नलिज्म जैसे कई सम्मान भी मिल चुके हैं। इसके अलावा, उन्हें रोरी पेक ट्रस्ट ग्रांट भी मिला था, जिसके तहत उन्होंने Hostile Environment Journalism की ट्रेनिंग ली।
राहुल कंवल ने पत्रकारिता में एक महत्वपूर्ण योगदान Anti-Fake News War Room (AFWA) की स्थापना के रूप में दिया, जो फेक न्यूज और दुष्प्रचार को रोकने के लिए बनाया गया था। इसके अलावा, उन्होंने Open Source Intelligence Desk (OSINT) की भी नींव रखी, जो डेटा आधारित पत्रकारिता को मजबूती देने का काम करता है। पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए राहुल कंवल को ‘एक्सचेंज4मीडिया न्यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स’ (enba) समेत कई पुरस्कार और सम्मान मिल चुके हैं।
टैग्स