होम / टीवी / प्रसार भारती की MPEG-2 स्लॉट की नीलामी के तीसरे दिन ₹329 करोड़ की बोली लगी
प्रसार भारती की MPEG-2 स्लॉट की नीलामी के तीसरे दिन ₹329 करोड़ की बोली लगी
डीडी फ्री डिश के लिए MPEG-2 स्लॉट की नीलामी के तीसरे दिन विभिन्न कैटेगरीज में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 year ago
प्रसार भारती की डीडी फ्री डिश के लिए MPEG-2 स्लॉट की नीलामी के तीसरे दिन विभिन्न कैटेगरीज में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जहां एंटरटेनमेंट, मूवीज, रीजनल और न्यूज चैनल्स के लिए कुल ₹328.60 करोड़ की राशि प्राप्त हुई।
बकेट A+ में कुल छह स्लॉट बेचे गए, जिसमें Zee ने दो स्लॉट हासिल किए, जियोस्टार ने दो लिए, जबकि सोनी और सन नियो ने एक-एक स्लॉट खरीदा।
फ्री डिश के इस प्रीमियम कैटेगरी में Zee ने सबसे ऊंची बोली लगाई और ₹18.60 करोड़ में Zee अनमोल को हासिल किया, जबकि बिग मैजिक को ₹17.25 करोड़ में खरीदा। अन्य शीर्ष बोली लगाने वालों में सोनी पल (₹18.55 करोड़), कलर्स रिश्ते (₹18.35 करोड़), सन नियो (₹18.50 करोड़) और स्टार उत्सव (₹18.25 करोड़) शामिल रहे। इस बकेट की कुल बोली राशि ₹109.50 करोड़ रही।
बकेट A (मूवी चैनल्स) में छह स्लॉट बिके, जिन्हें कलर्स सिनेप्लेक्स सुपरहिट्स, स्टार उत्सव मूवीज, सोनी वाह, जी अनमोल सिनेमा, कलर्स सिनेप्लेक्स बॉलीवुड और जी एक्शन ने हासिल किया। इस कैटेगरी में कुल ₹98.6 करोड़ की बोली लगी। स्टार उत्सव मूवीज के लिए सबसे ऊंची बोली ₹16.95 करोड़ की लगी, जबकि ज़ी एक्शन को सबसे कम ₹15.65 करोड़ में खरीदा गया।
बकेट B (रीजनल और म्यूजिक चैनल्स) में छह चैनल्स ने स्लॉट हासिल किए, जिनमें बी4यू भोजपुरी, मस्ती, बी4यू म्यूजिक, चुम्बक टीवी, एंटरटेनमेंट प्राइम और ज़ी बिस्कोप शामिल हैं। इस कैटेगरी में सबसे ऊंची बोली ₹13.40 करोड़ की बी4यू म्यूजिक के लिए लगी, जबकि बी4यू भोजपुरी ने ₹12.50 करोड़ की सबसे कम बोली पर स्लॉट प्राप्त किया। इस कैटेगरी की कुल बोली राशि ₹77.85 करोड़ रही।
बकेट C (न्यूज चैनल्स) में तीन प्रमुख हिंदी न्यूज चैनल्स- एनडीटीवी इंडिया, रिपब्लिक भारत और न्यूज 18 इंडिया ने स्लॉट हासिल किए। इनकी बोली ₹14.10 करोड़ से ₹14.35 करोड़ के बीच रही, जिसमें एनडीटीवी इंडिया सबसे ऊंची बोली लगाने वाला चैनल रहा। इस कैटेगरी में कुल ₹42.65 करोड़ की बोली लगी।
बकेट A+ सबसे अधिक मूल्यवान कैटेगरी के रूप में उभरी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सामान्य एंटरटेनमेंट, मूवीज और न्यूज चैनल्स की भारतीय टेलीविजन पर मजबूत पकड़ बनी हुई है।
टैग्स