होम / टीवी / WION में इस बड़े पद से पलकी शर्मा उपाध्याय ने दिया इस्तीफा
WION में इस बड़े पद से पलकी शर्मा उपाध्याय ने दिया इस्तीफा
‘जी’ मीडिया ग्रुप के अंग्रेजी न्यूज चैनल 'विऑन' (WION) से एक बड़ी खबर सामने आयी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘जी’ मीडिया ग्रुप के अंग्रेजी न्यूज चैनल 'विऑन' (WION) से एक बड़ी खबर सामने आयी है। दरअसल, 'विऑन' चैनल की मैनेजिंग एडिटर पलकी शर्मा उपाध्याय ने ग्रुप को अलविदा कह दिया है। सूत्रों के मुताबिक, आज शुक्रवार दोपहर 2 बजे 'विऑन' टीम के साथ बैठक में उन्होंने अपने इस्तीफे की घोषणा की। खबर है कि वे फिलहाल आज रात अपने प्राइम टाइम शो 'ग्रेविटास' के आखिरी एपिसोड की मेजबानी करेंगी।
माना जा रहा है कि डॉ. सुभाष चंद्रा और नए मैनेजमेंट को ये लगने लगा था कि ये चैनल महज एक शो और एक एंकर तक केंद्रित होकर रह गया था।
उन्हें इस साल मई में ही एग्जिक्यूटिव एडिटर से मैनेजिंग एडिटर के पद पर प्रमोट किया गया था। पलकी शर्मा पिछले तीन सालों से ‘विऑन’ के साथ जुड़ी हुईं थीं।
हमारी सहयोगी वेबसाइट ‘एक्सचेंज4मीडिया’ ने इस बारे में ‘विऑन’ के संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन खबर लिखे जानें तक फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पायी है और न ही इसकी आधिकारिक पुष्टि हो पायी है।
माना जा रहा है कि पलकी शर्मा ‘सीएनएन-आईबीएन’ या ‘इंडिया टुडे’ ग्रुप जॉइन कर सकती हैं, हालांकि फिलहाल इस बारे में कुछ भी कहना अभी जल्दबाजी होगी। वहीं खबर लिखे जाने तक पलकी शर्मा से भी कोई कॉन्टैक्ट नहीं हो सका है।
गौरतलब है कि पलकी शर्मा दुनिया भर की खबरों को कवर करने में काफी आगे रहती हैं। रूस-यूक्रेन के बीच चल रहे संघर्ष पर उनकी रिपोर्ट की न केवल दुनिया भर के दर्शकों द्वारा, बल्कि भारत में यूक्रेन के राजदूत इगोर पोलिखा जैसे विश्व नेताओं द्वारा भी सराहना की गई है।
राजस्थान के पिलानी में जन्मीं पलकी शर्मा को मीडिया के क्षेत्र में काम करने का करीब 21 साल का अनुभव है। ‘जी मीडिया’ (विऑन) में वह करीब सवा पांच साल से अपनी भूमिका निभा रही हैं। पूर्व में वह ‘दूरदर्शन न्यूज‘,‘हिन्दुस्तान टाइम्स‘,‘सीएनएन-आईबीएन‘ और ‘आईटीवी नेटवर्क‘ में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
बता दें कि पलकी शर्मा अभी तक देश के पहले ऐसे अंतरराष्ट्रीय न्यूज चैनल की मैनेजिंग एडिटर थीं, जो 190 से ज्यादा देशों में देखा जाता है। वह देश में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले प्राइम टाइम अंग्रेजी न्यूज शो में से ‘ग्रेविटास’ (Gravitas) को होस्ट करती थीं। इसके अलावा वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘ग्रेविटास प्लस’ (Gravitas Plus) नामक डिजिटल शो भी होस्ट करती थीं।
पलकी शर्मा दुबई में 'विऑन ग्लोबल समिट' नाम से चैनल के वार्षिक कार्यक्रम का नेतृत्व करती थीं। इसके अलावा वह अब तक तमाम राष्ट्राध्यक्षों समेत देश-विदेश की जानी-मानी हस्तियों का इंटरव्यू भी कर चुकी हैं और कई बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों को कवर कर चुकी हैं।
टैग्स मैनेजिंग एडिटर विऑन पलकी शर्मा