होम / टीवी / डीडी फ्री डिश: MPEG-2 स्लॉट की ई-नीलामी में ब्रॉडकास्टर्स ने नहीं लिया हिस्सा, जानें वजह
डीडी फ्री डिश: MPEG-2 स्लॉट की ई-नीलामी में ब्रॉडकास्टर्स ने नहीं लिया हिस्सा, जानें वजह
'डीडी फ्री डिश' के एमपीईजी-2 स्लॉट के लिए हाल ही में आयोजित 79वीं ई-नीलामी के लिए एक भी ब्रॉडकास्टर्स ने बोली नहीं लगाई
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
'डीडी फ्री डिश' के एमपीईजी-2 स्लॉट के लिए हाल ही में आयोजित 79वीं ई-नीलामी के लिए एक भी ब्रॉडकास्टर्स ने बोली नहीं लगाई, क्योंकि इसकी कीमत बहुत ज्यादा थी। हमारी सहयोगी वेबसाइट एक्सचेंज4मीडिया को सूत्रों से यह जानकारी मिली है।
सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती ने 79वीं ऑनलाइन ई-नीलामी के जरिए 24 जुलाई, 2024 से 31 मार्च, 2025 तक की अवधि के लिए डीडी फ्री डिश के खाली पड़े 'एमपीईजी-2 स्लॉट' के आवंटन के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे।
प्रसार भारती द्वारा अधिसूचित निजी टीवी चैनलों को डीडी फ्री डिश स्लॉट के आवंटन के लिए ई-नीलामी पद्धति ( E-auction Methodology) के अनुसार ई-नीलामी आयोजित की गई थी।
यह लगातार दूसरी बार है जब डीडी फ्री डिश के एमपीईजी-2 स्लॉट के लिए किसी ने बोली नहीं लगाई। एक्सचेंज4मीडिया ने मई में बताया था कि पिछली डीडी फ्री डिश ई-नीलामी में भी "अनुचित मूल्य निर्धारण" के कारण कोई बोलीदाता नहीं आया था।
इस ई-नीलामी प्रक्रिया में जॉनर/लैंग्वेज के अनुसार अलग-अलग बकेट में टीवी चैनलों का वर्गीकरण किया गया। बकेट ए+ में जनरल एंटरटेनमेंट (हिंदी/उर्दू) चैनल्स रखे गए, बकेट ए में मूवी (हिंदी/उर्दू) चैनल्स शामिल किए गए।
बकेट बी में म्यूजिक (हिंदी/उर्दू), स्पोर्ट्स (हिंदी/उर्दू), भोजपुरी भाषा के सभी चैनल्स और अन्य शेष हिंदी/उर्दू जॉनर्स के चैनल्स शामिल किए गए।
वहीं, बकेट सी में न्यूज व करेंट अफेयर्स चैनल्स (हिंदी/उर्दू) शामिल रहे, जबकि बकेट डी में भक्ति/आध्यात्मिक/आयुष, मराठी और पंजाबी जॉनर्स व न्यूज व करेंट अफेयर्स (अंग्रेजी) के चैनल्स शामिल रहे।
बकेट आर1 उन सभी भाषाओं के चैनल्स के लिए हैं, जो अन्य बकेट में शामिल नहीं हैं।
आवंटन अवधि के लिए चैनल्स का प्रारंभिक आरक्षित मूल्य निम्न है-
राउंड 1 (बकेट ए+) के लिए शुरुआती आरक्षित मूल्य 14,61,31,000 रुपये है। राउंड 2 (बकेट सी) 13,03, 14,000 रुपये है। राउंड 3 (बकेट ए) 12,58,44,000 रुपये है। राउंड 4 (बकेट डी) 12,44,69,000 रुपये है। राउंड 5 (बकेट बी) 12,37,81,000 रुपये है और राउंड 6 (बकेट आर 1) 9,14,61,000 रुपये है।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई थी।
टैग्स डीडी फ्रीडिश ब्रॉडकास्टर 79 ई-ऑक्शन