होम / टीवी / नवरात्र के पहले दिन लॉन्च हुआ ‘न्यूज इंडिया’ का लोगो, टीम ने लिया ये संकल्प
नवरात्र के पहले दिन लॉन्च हुआ ‘न्यूज इंडिया’ का लोगो, टीम ने लिया ये संकल्प
नोएडा फिल्म सिटी में नए चैनल ‘न्यूज इंडिया’ का लोगो नवरात्र के पहले दिन गुरुवार को बेहद सादगी से लॉन्च किया गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
नोएडा फिल्म सिटी में नए चैनल ‘न्यूज इंडिया’ का लोगो नवरात्र के पहले दिन गुरुवार को बेहद सादगी से लॉन्च किया गया। कहा जा रहा है कि ‘न्यूज इंडिया’ चैनल की लॉन्चिंग का काउंटडाउन भी इसके साथ ही शुरू हो गया है। नई सोच और जोश से लबरेज ‘न्यूज इंडिया’ की युवा टीम की कमान एडिटर इन-चीफ कम सीईओ सरफरा सैफी संभाल रहे हैं।
‘न्यूज इंडिया’ के लोगो की लॉन्चिंग सरफराज सैफी ने की। शक्ति और साधना के महापर्व नवरात्रि के मौके पर पूरी टीम ने संकल्प लिया कि चैनल का कंटेंट बेहद साफ-सुथरा रखेंगे। सरफराज सैफी ने बताया कि ‘न्यूज इंडिया’ लीक से हटकर खबरों को कवर करेगा और टीवी के दर्शकों के लिए नए प्रयोग करेगा।
‘न्यूज इंडिया’ की यंग टीम इस मेगा प्रोजेक्ट के लिए कई दिनों से काम कर रही है। सरफ़राज सैफी की मानें तो लॉन्चिंग की तैयारी पूरी हो चुकी है। टेक्निकल तौर पर ड्राई रन शुरू हो चुका है। सुबह से शाम तक हर शो की अलग तरह से प्लानिंग की गई है और दर्शकों को ‘न्यूज इंडिया’ की स्क्रीन पर एक नया अहसास मिलना तय है।
बता दें कि ‘न्यूज इंडिया’चैनल लॉन्च होने से पहले ही काफी चर्चा में आ चुका है। ‘न्यूज इंडिया’की वेबसाइट करीब एक महीने पहले लॉन्च हो चुकी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी ‘न्यूज इंडिया’ ने कई सारे प्रयोग किए हैं। ‘हम न्यूज इंडिया के लोग‘ और ‘पत्रकारिता के पुरखे‘ सीरीज को लोगों ने काफी सराहा और ये दोनों ही सीरीज एक अलग प्रयोग के तौर पर सुर्खियों में रहीं।
बताया जाता है कि ‘न्यूज इंडिया‘ ने ग्राउंड रिपोर्टिंग को लेकर अलग तैयारी कर रखी है। युवा और अनुभवी लोगों के साथ जो टीम तैयार हुई है, उससे बड़ी उम्मीदें हैं। सरफराज सैफी के नेतृत्व में 20 शानदार एंकरों की ‘फौज‘ भी चैनल पर उतरेगी। मनीष अवस्थी, अर्चना सिंह, करुण कुमार, आशीष सिंह, निदा अहमद, रमन ममगांई, चारुल शर्मा, कुंदन जमैयार, पूजा, शेखर आनंद त्रिवेदी, अनुज श्रीवास्तव, वागीशा और श्रेया सहित कई चेहरे इस चैनल की स्क्रीन पर नजर आएंगे।
बता दें कि ‘टाइम्स ग्रुप‘ और ‘टीवी टुडे ग्रुप‘ ने पिछले दिनों नया चैनल लॉन्च किया है। ऐसे में मीडिया के गलियारों में अब ‘न्यूज इंडिया‘ का बेसब्री से इंतजार हो रहा है।
टैग्स न्यूज इंडिया लोगो एडिटर इन चीफ सरफराज सैफी