होम / टीवी / 2023 में इन नेटवर्क्स ने जमायी धाक, लॉन्च किए नए चैनल
2023 में इन नेटवर्क्स ने जमायी धाक, लॉन्च किए नए चैनल
इस साल कई ऐसे टीवी चैनलों ने दस्तक दी है, जिससे इस इंडस्ट्री में रोजगार के अवसर खुले हैं। आइए, एक नजर डालते हैं ऐसे ही चैनलों की लॉन्चिंग पर
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
वर्ष 2023 समाप्त होने में कुछ दिन ही शेष रह गए हैं और नए साल के स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से हो रही हैं। मीडिया इंडस्ट्री के लिहाज से यदि हम वर्ष 2023 की बात करें, तो इस साल कई ऐसे टीवी चैनलों ने दस्तक दी है, जिससे इस इंडस्ट्री में रोजगार के अवसर खुले हैं। आइए, एक नजर डालते हैं ऐसे ही चैनलों की लॉन्चिंग पर।
नेशनल हिंदी न्यूज चैनल ‘भारत एक्सप्रेस’ की दस्तक
नेशनल हिंदी न्यूज चैनल ‘भारत एक्सप्रेस’ (Bharat Express) कई महीनों की तैयारी के बाद एक फरवरी को लॉन्च हुआ था। सत्य, साहस और समर्पण के सिद्धांत के साथ 'भारत एक्सप्रेस' का आगाज हुआ था। राजधानी दिल्ली के होटल अंदाज (वर्ल्ड ऑफ हयात) में लॉन्चिंग सेरेमनी का आयोजन गया किया था। जहां देश के जाने-माने पत्रकार उदय शंकर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे और चैनल को लॉन्च किया था। इस अवसर पर ‘भारत एक्सप्रेस’ न्यूज नेटवर्क के चेयरमैन, एमडी और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय भी मौजूद रहे थे। लॉन्चिंग कार्यक्रम में राजनीति से लेकर कला और संस्कृति के क्षेत्र के जाने-माने चेहरों ने अपनी मौजूदगी दर्ज करायी थी, जिनमें केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान, दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम, गरीब नवाज फाउंडेशन के मौलाना अंसार रज़ा, पूर्व चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा, मशहूर कवि कुमार विश्वास, वरिष्ठ पत्रकार विनीत जैन, उदय शंकर आदि कई अतिथिगण शामिल रहे थे।
IN10 मीडिया नेटवर्क का हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट ‘नज़ारा’
IN10 मीडिया नेटवर्क ने साल की शुरुआत में हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट चैनलों की दुनिया में अपने विस्तार की योजना बनायी थी। इसी कवायद के तहत मीडिया नेटवर्क ने इस जॉनर में अपना दूसरा चैनल एक अप्रैल को लॉन्च किया, जिसका नाम था- ‘नज़ारा’। यह चैनल पूरे भारत के प्रमुख प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है। तब IN10 मीडिया नेटवर्क के मैनेजिंग एडिटर आदित्य पिट्टी ने कहा था कि ब्रॉडकास्ट बिजनेस को बढ़ाने के अपने विजन के तहत हमें नए जनरल एंटरटेनमेंट चैनल ‘नज़ारा’ के लॉन्च की घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है। हमें विश्वास है कि यह हमारे विविध चैनलों के बुके में शामिल होकर बेहद ही सफल साबित होगा। इससे अब जनरल एंटरटेनमेंट चैनलों के दर्शकों को और अधिक कंटेंट को देखने का विकल्प मिलेगा। चैनल का उद्देश्य ऐसे दर्शकों को अपने साथ जोड़े रखना है, जिन्हें ड्रामा, क्राइम, कॉमेडी, पौराणिक कथाए व कई अन्य जॉनर के शोज देखने में रुचि है।
'जी मीडिया' के तीन चैनल लॉन्च:
इस साल के विधानसभा चुनावों और अगले साल होने वाले आम चुनावों को ध्यान में रखते हुए 'जी मीडिया' (ZEE Media Corporation) ने इस साल अप्रैल में इसके बाद तीन चैनल्स लॉन्च किए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन तीन चैनल्स में पहला तो 'जी न्यूज एचडी' था और दो अन्य में एक कन्नड़ और एक तेलुगु भाषी चैनल था।
शेमारू एंटरटेनमेंट ने लॉन्च किया हिंदी एंटरटेनमेंट चैनल 'चुंबक टीवी'
शेमारू एंटरटेनमेंट ने मई में एक नया हिंदी एंटरटेनमेंट चैनल लॉन्च किया था, जिसका नाम है 'चुंबक टीवी'। चैनल भारत के युवाओं पर केंद्रित है। चैनल पर इंटरनेशनल डब किए शोज, नए जमाने के क्रिएटिव कंटेंट, बेहतरीन एनीमेशन शोज प्रसारित किए जा रहे हैं। मस्ती व खुशी चाहने वाले युवाओं के लिए यह चैनल अल्टीमेट सोर्स बनने का प्रयास कर रहा है। चैनल ने दावा किया था कि उसका उद्देश्य दर्शकों को बहुत ही ज्यादा मनोरंजक कंटेंट दिखाना है, जो इसके प्रोग्राम्स के सार को कैप्चर करते हुए इसकी टैगलाइन 'मस्त है' के साथ जुड़ सके। इसका कंटेंट ऐसे दर्शकों के लिए तैयार किया गया है, जो अपने प्रियजनों के साथ देख सकें और इसका आनंद ले सकें।
NDTV ग्रुप ने लॉन्च किया 'NDTV मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़'
इस साल मई में खबर आयी कि नई दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड (New Delhi Television Ltd.) यानी कि 'एनडीटीवी' विभिन्न भारतीय भाषाओं में 9 न्यूज चैनल शुरू करेगा। यह फैसला 17 मई को हुई बोर्ड मीटिंग में लिया गया था। इस कड़ी के तहत ही ग्रुप ने अपना पहला रीजनल न्यूज चैनल अगस्त में 'NDTV मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़' के नाम से लॉन्च किया। 21 अगस्त की सुबह 10 बजे भोपाल में NDTV के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर व एडिटर-इन-चीफ संजय पुगलिया ने इसे लॉन्च किया।
तब चैनल ने दावा किया था कि 'NDTV मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़' इन दोनों राज्यों में आने वाले चुनावों की सटीक और निष्पक्ष खबरें और एनालिसिस दिखाएगा। खबरें लोकल होंगी, लेकिन अंदाज एकदम ग्लोबल होगा और पूरा फोकस ग्राउंड रिपोर्ट पर होगा। लिहाजा, इसके लिए दोनों राज्यों के चप्पे-चप्पे पर संवाददाता तैनात किए गए हैं। इन खबरों को बनाने वाली टीम यंग है, टेक्नोलॉजी एकदम मॉडर्न है, खबरें हर वर्ग और समुदाय की होंगी और इन्हें बनाने वाले भी हर वर्ग और समुदाय से होंगे, यानी खबरों में डायवर्सिटी होगी और टीम इन्क्लूसिव होगी।
NDTV ग्रुप ने लॉन्च किया 'NDTV राजस्थान'
रीजनल न्यूज चैनल की दिशा में NDTV तेजी से अब अपने पंख फैला रहा है। इस कड़ी में NDTV अपने भरोसे की विरासत को लेकर राजस्थान पहुंच और सितंबर में 'NDTV राजस्थान' नाम से एक और रीजनल चैनल लॉन्च किया। न्यूज ब्रॉडकास्टर एनडीटीवी का ये दूसरा रीजनल चैनल था, क्योंकि पिछले महीने समूह ने 'NDTV मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़' लॉन्च किया था।
रिपब्लिक कन्नड़
‘रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क’ (Republic Media Network) ने अगस्त के अंत और सितंबर की शुरुआत में ‘वीआरएल न्यूज मीडिया’ (VRL News Media) की पूरी ब्रॉडकास्ट न्यूज डिवीजन का अधिग्रहण कर लिया था। यह अधिग्रहण वीआरएल मीडिया के ब्रॉडकास्ट न्यूज डिवीजन की एक बड़ी संपत्ति खरीद का हिस्सा था। इसी मीडिया कंपनी के पास अप्रैल 2017 में शुरू हुए ‘दिग्विजय 24x7’ (Dighvijay 24x7) न्यूज चैनल का स्वामित्व अधिकार था और इस अधिग्रहण के बाद इस चैनल को ‘रिपब्लिक कन्नड़’ (Republic Kannada) के नाम से रीलॉन्च किया गया। इस तरह से यह रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क के लाइनअप में चौथा चैनल बन गया।
'वायकॉम18 स्पोर्ट्स' ने दो और स्पोर्ट्स चैनल्स किए लॉन्च
'वायकॉम18 स्पोर्ट्स' (Viacom18 Sports) 1 नवंबर, 2023 से दो और स्पोर्ट्स चैनल्स 'स्पोर्ट्स18 - 2' और 'स्पोर्ट्स18 - 3' लॉन्च किए। ब्रॉडकास्टर की डिस्ट्रीब्यूशन इकाई 'इंडियाकास्ट' ने नए लॉन्च किए गए इन चैनलों के लिए डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म (DOPs) के लिए एक प्रमोशन योजना की घोषणा की थी, जो 1 नवंबर, 2023 से शुरू हुई।
बिजनेस न्यूज चैनल ‘एनडीटीवी प्रॉफिट’
‘नई दिल्ली टेलिविजन लिमिटेड’ (New Delhi Television Ltd) के बिजनेस न्यूज चैनल ‘एनडीटीवी प्रॉफिट’ (NDTV Profit) को लेकर हाल ही में एक बड़ी खबर सामने आयी। इस खबर के मुताबिक, छह साल के अंतराल के बाद इसी महीने से इस चैनल का परिचालन फिर से शुरू होने जा रहा है। बताया जा रहा है कि आठ दिसंबर, 2023 को यह चैनल पहले की तरह लाइव हो जाएगा। बता दें कि एक जून 2017 को इस चैनल का प्रसारण बंद कर दिया गया था।
कंपनी ने इस बारे में स्टॉक एक्सचेंज को सूचित कर दिया है। स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में कंपनी का कहना है कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने एनडीटीवी प्रॉफिट चैनल के रेगुलर ऑपरेशंस को अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है।
टैग्स टीवी चैनल हिंदी न्यूज चैनल टीवी चैनल्स चैनल लॉन्च लॉन्चिंग ईयर एंडर लॉन्च डिजिटल चैनल ईयर एंडर 2023 अलविदा 2023