होम / टीवी / इस खबर पर महिला न्यूज एंकर के निकले आंसू, उठाया बड़ा सवाल
इस खबर पर महिला न्यूज एंकर के निकले आंसू, उठाया बड़ा सवाल
कहा, मैं माफी चाहती हूं कि मुझे ये सब नहीं करना चाहिए। मुझे संतुलित होकर अपनी बात आप तक पहुंचानी चाहिए
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
हैदराबाद में सामूहिक दुष्कर्म के बाद महिला डॉक्टर की हत्या को लेकर देशभर के लोगों में गुस्सा व रोष है। इस घटना के विरोध में देशभर में लोग विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। मीडिया में कई दिनों से यह मामला सुर्खियों में बना हुआ है। महिला डॉक्टर के साथ हैवानों द्वारा की गई ज्यादती के बारे में एक शो के दौरान चर्चा करते समय ‘एबीपी न्यूज’ की सीनियर न्यूज एंकर रूबिका लियाकत काफी भावुक हो गईं। इस दौरान न सिर्फ उनका गला भर आया, बल्कि आंसू भी निकल पड़े।
दरअसल, रूबिका लियाकत चैनल पर पैनलिस्ट से चर्चा कर रही थीं। इसी दौरान वे अपने आंसू नहीं रोक सकीं और रो पड़ीं। उनका कहना था, ‘यहां पर बैठकर मैं कब तक आपके सामने ये सवाल उठाती रहूंगी कि हिंदुस्तान की बच्चियां आजादी से क्यों नहीं घूम पातीं?’
रूबिका का यह भी कहना था, ‘इस मुल्क में जब वो जाती हैं तो क्यों उन्हें डर लगता है कि आंखें नोंच लेंगी। कब तक ये सवाल हम उठाते रहेंगे और आप लोग प्रज्ञा ठाकुर पर लड़ेंगे। मंदिर और मस्जिद पर लड़ेंगे। महिलाओं के लिए कितने दिनों तक आप इस तरीके से प्रदर्शन करते नजर आएंगे। निर्भया हुआ तो लगा था कि बस अब खत्म हुआ। मैं माफी चाहती हूं कि मुझे ये सब नहीं करना चाहिए। मुझे संतुलित होकर अपनी बात आप तक पहुंचानी चाहिए। मैं माफी चाहती हूं कि मैं एक औरत हूं और मैं आज अपने आप को रोक नहीं पा रही हूं।’
हैदराबाद की हैवानियत पर फूटा @RubikaLiyaquat का गुस्सा, छलक उठे आंसू...#IAmAnuDubey pic.twitter.com/ocynM4pKJD
— ABP News (@ABPNews) November 30, 2019
बता दें कि हैदराबाद में बुधवार की रात काम से लौटते समय 27 साल की महिला डॉक्टर की स्कूटी पंचर हो गई थी। इस दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने महिला डॉक्टर की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी। अगले दिन महिला डॉक्टर का अधजला शव बरामद हुआ था। इस घटना को लेकर देशभर में लोगों में उबाल है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों मोहम्मद आरिफ (26), नवीन (20), चिंताकुंता केशावुलु (20) और शिवा (20) को गिरफ्तार कर लिया है।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स एबीपी न्यूज रूबिका लियाकत महिला एंकर