होम / टीवी / जगदीश चंद्रा के नेतृत्व में जल्द लॉन्चिंग को तैयार है यह चैनल, प्रमुख पदों पर हुई भर्ती
जगदीश चंद्रा के नेतृत्व में जल्द लॉन्चिंग को तैयार है यह चैनल, प्रमुख पदों पर हुई भर्ती
चैनल की लॉन्चिंग की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। चैनल में तमाम प्रमुख बड़े पदों पर नियुक्तियां हो चुकी हैं। बताया जाता है कि इस चैनल से कई जाने-माने न्यूज एंकर्स जुड़ चुके हैं
पंकज शर्मा 3 years ago
जैसे कि समाचार4मीडिया ने कुछ समय पहले खबर दी थी कि जाने-माने पत्रकार और ‘ईटीवी न्यूज नेटवर्क’ (ETV News Network) व ‘जी मीडिया’ (Zee Media) के रीजनल क्लस्टर के पूर्व सीईओ जगदीश चंद्रा जल्द नए हिंदी न्यूज चैनल की लॉन्चिंग के साथ न्यूज ब्रॉडकास्टिंग की दुनिया में वापसी की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, अब सूत्रों के हवाले से ताजा खबर मिली है कि उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर-62 में खुल रहे इस चैनल का नाम ‘भारत24’ (Bharat24) होगा और 15 अगस्त को आधिकारिक रूप से इसकी लॉन्चिंग की जाएगी।
अंदरखाने के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चैनल की लॉन्चिंग की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। चैनल में तमाम प्रमुख बड़े पदों पर नियुक्तियां हो चुकी हैं। बताया जाता है कि इस चैनल से कई जाने-माने न्यूज एंकर्स जुड़ चुके हैं, जबकि अभी कई न्यूज एंकर्स समेत अन्य पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। चैनल में भर्ती प्रक्रिया जारी है।
यह भी पढ़ें: मार्केट में जल्द दस्तक देगा नया हिंदी न्यूज चैनल, जगदीश चंद्रा के हाथों में होगी कमान!
बताया जाता है कि इस चैनल में वरिष्ठ टीवी पत्रकार अजय कुमार को मैनेजिंग एडिटर की जिम्मेदारी दी गई है। अजय कुमार इससे पहले हिंदी न्यूज चैनल ‘इंडिया टीवी’ (India TV) में करीब दो साल से बतौर मैनेजिंग एडिटर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे, जहां से पिछले दिनों उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार सैयद उमर ‘भारत24’ में सीनियर एडिटर के पद पर नियुक्त किए गए हैं। उमर इससे पहले 'NEWS INDIA 24X7' में सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर के पद पर अपनी भूमिका निभा रहे थे। सैयद उमर को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का करीब 20 साल का अनुभव है।
वहीं, मनोज जिज्ञासी इस चैनल में स्ट्रैटेजिक एडवाइजर और ‘चीफ बिजनेस ऑफिसर’ (CBO) की जिम्मेदारी संभालेंगे। मनोज जिज्ञासी इससे पहले करीब दो साल से ‘जी मीडिया कॉरपोरेशन लिमिटेड’ (Zee Media Corporation Ltd) में चीफ रेवेन्यू ऑफिसर (CRO) के पद पर कार्यरत थे, जहां से कुछ माह पूर्व उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। इसके साथ ही अमित मित्तल को 'चीफ टेक्निकल ऑफिसर’ (CTO) के पद पर नियुक्त किया गया है।
टैग्स न्यूज चैनल अजय कुमार हिंदी न्यूज चैनल्स जगदीश चंद्रा भारत24 मनोज जिज्ञासी सैयद उमर