होम / टीवी / NDTV के बोर्ड ने संजय पुगलिया को फिर होल-टाइम डायरेक्टर बनाने का लिया फैसला
NDTV के बोर्ड ने संजय पुगलिया को फिर होल-टाइम डायरेक्टर बनाने का लिया फैसला
न्यू दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड (NDTV) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की अहम बैठक 28 जनवरी 2026 को हुई। इस बैठक में कंपनी से जुड़े कई बड़े फैसलों को मंजूरी दी गई।
Vikas Saxena 1 month ago
न्यू दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड (NDTV) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की अहम बैठक 28 जनवरी 2026 को हुई। इस बैठक में कंपनी से जुड़े कई बड़े फैसलों को मंजूरी दी गई।
सबसे पहले, बोर्ड ने कंपनी के 31 दिसंबर 2025 को खत्म हुई तिमाही और नौ महीनों के लिए बिना ऑडिट किए गए वित्तीय नतीजों को मंजूरी दी। ये नतीजे स्टैंडअलोन और कंसॉलिडेटेड दोनों आधार पर हैं। ये वित्तीय परिणाम सेबी के नियमों के मुताबिक तैयार किए गए हैं और इन्हें कंपनी की वेबसाइट ndtv.com पर भी देखा जा सकता है। इन नतीजों के साथ कंपनी के ऑडिटर्स एस. एन. धवन एंड कंपनी एलएलपी की रिपोर्ट भी शामिल है।
बोर्ड मीटिंग में दूसरा अहम फैसला संजय पुगलिया की दोबारा नियुक्ति को लेकर लिया गया। बोर्ड ने संजय पुगलिया को फिर से NDTV का Whole-time Director नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। उनका नया कार्यकाल 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2029 तक यानी पूरे तीन साल का होगा। हालांकि, इस नियुक्ति पर अंतिम मुहर कंपनी की आगामी एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद लगेगी।
इसके अलावा, बोर्ड ने संजय गुप्ता एंड एसोसिएट्स को कंपनी का कॉस्ट ऑडिटर फिर से नियुक्त करने का भी फैसला किया है। यह नियुक्ति वित्त वर्ष 2026-27 के लिए होगी।
संजय पुगलिया मीडिया जगत का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्हें टीवी, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में दशकों का अनुभव है। वह 12 साल तक ‘CNBC Awaaz’ के संचालन से जुड़े रहे हैं और इसकी लॉन्चिंग टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। इसके अलावा वह ‘Star News’ के न्यूज डायरेक्टर भी रह चुके हैं। संजय पुगलिया ‘Zee News’ का नेतृत्व भी कर चुके हैं और ‘Aaj Tak’ की स्थापना टीम का भी हिस्सा रहे हैं। प्रिंट मीडिया में उन्होंने ‘Business Standard’ और ‘Navbharat Times’ के साथ काम किया है। 1990 के दशक में वह BBC Hindi Radio को नियमित योगदान देते रहे हैं। NDTV से पहले वह Quint Digital Media Limited में प्रेजिडेंट व एडिटोरियल डायरेक्टर की भूमिका निभा रहे थे।
कंपनी ने यह भी साफ किया है कि संजय पुगलिया का कंपनी के किसी अन्य डायरेक्टर से कोई पारिवारिक संबंध नहीं है और उनके खिलाफ सेबी या किसी अन्य नियामक संस्था की ओर से कोई प्रतिबंध नहीं है।
NDTV बोर्ड की यह बैठक बुधवार शाम 4 बजे शुरू हुई और 6 बजे समाप्त हुई।
टैग्स