होम / टीवी / नेशनल हिंदी न्यूज चैनल Tbi9 ने दी मार्केट में दस्तक, ये होगी खासियत
नेशनल हिंदी न्यूज चैनल tbi9 ने दी मार्केट में दस्तक, ये होगी खासियत
वक्ताओं ने कहा, देश को आजाद कराने में कई पत्रकार जेल भी गए, जिनका उद्देश्य केवल राष्ट्रहित था। आज मीडिया भी समाज में स्थापित हो, इसके लिए इस ओर कदम बढ़ाना होगा
पंकज शर्मा 6 years ago
ताजनगरी आगरा से एक नया नेशनल हिंदी न्यूज चैनल ‘टीबीआई9’ (tbi9) शुरू हुआ है। आगरा के होटल डबल ट्री बाय हिल्टन में आयोजित एक कार्यक्रम में इस चैनल की लॉन्चिंग हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल, फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर, डॉ. सोप के चेयरमैन एके जैन, डावर फुटवियर के चेयरमैन पूरन डावर, tbi9 चैनल के निदेशक अजय शर्मा, ब्रजेश शर्मा व देवेश शुक्ला द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
लॉन्चिंग को लेकर tbi9 के निदेशक अजय शर्मा ने कहा, ‘यह चैनल ताज नगरी से शुरू हो रहा है, जो हर छोटी-बड़ी खबर को जन-जन की आवाज बनकर देश में लोकप्रिय बनेगा। पूरी टीम गांव की पगडण्डी से लेकर दिल्ली के संसद भवन तक अपना कार्य करेगी और साथ ही खबर की तह तक जाकर हर खबर की सच्चाई दिखाएगी।
चैनल की लॉन्चिंग के मौके पर बेबी रानी मौर्य ने कहा कि आधुनिक पत्रकारिता के दौर में महिलाओं, पर्यावरण व स्थानीय मुद्दों को लेकर मीडिया को अपनी भूमिका अदा करनी चाहिए। जन जागरूकता से ही किसी भी समाज को दिशा देने का काम किया जा सकता है। इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण को बचाने की जिम्मेदारी हर व्यक्ति की है। जल संरक्षण करने के साथ ही वनों के कटान को रोकना होगा, ताकि पर्यावरण शुद्ध रह सके।
सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि मीडिया की भूमिका समाज में अहम महत्व रखती है। किसी के चेहरे की धूल को दिखाना हमारा कर्तव्य है, लेकिन आईने पर धूल लगाकर चेहरा दिखाना गलत है। उन्होंने कहा कि पुराने समय में पत्रकारिता करना बेहद कठिन होता था, लेकिन जब से डिजिटल मीडिया का दौर आया है, इस क्षेत्र में भी प्रतिस्पर्धा बढ़ी है। टीआरपी की दौड़ में हमें अपने कर्तव्य का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बदलाव के लिए सभी को सकारात्मक सोच के साथ कार्य करना होगा।
वहीँ, सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि मीडिया को स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखकर लोगों के बीच कार्य करने की आवश्यकता है। हर व्यक्ति की आवाज़ मीडिया बने, ऐसी सोच से ही हम सबका-साथ सबका विकास कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आगरा के विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। लोगों की समस्याओं को उठाना एक राजनेता व मीडिया दोनों का ही कर्तव्य है। आपस में मिलकर समस्या को दूर करने का प्रयास किया जा सकता है।
लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में मीडिया की अहम भूमिका है। आजादी के दौर को याद किया जाए तो पत्रकारिता एक मिशन के रूप में थी। देश को आजाद कराने में कई पत्रकार जेल भी गए, जिनका उद्देश्य केवल राष्ट्रहित था। आज मीडिया भी समाज में स्थापित हो, इसके लिए इस ओर कदम बढ़ाना होगा।
कार्यक्रम में जान-माने बॉलिवुड गायक शंकर साहनी की प्रस्तुतियों पर कार्यक्रम में आये लोग जमकर झूमे। कार्यक्रम का संचालन खुशबू ने किया और व्यवस्थाएं रावी इवेंट्स ने संभाली। इस दौरान रोमसंस ग्रुप के एमडी किशोर खन्ना, अहिंसा डिस्ट्रीब्यूटर के एमडी रोहित जैन, साईकृपा इम्पेक्स के चेयरमैन राजेश मंगल, अरहम स्टील्स के एमडी मोहित जैन, फेडरेशन ऑफ कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशंस ऑफ इंडिया के प्रेजिडेंट राजेश गोयल, आइफा के सचिन सारस्वत, पूर्व प्रिंसिपल हरिश्चंद्र शर्मा, रॉयल एकेडेमी के निदेशक रंजीत यादव, पार्क एक्सपोर्ट के चेयरमैन नजीर अहमद, संतोष कटारा आदि विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत रावी इवेंट्स के मनीष अग्रवाल, राम शर्मा व tbi9 के संपादक राजकुमार दंडोतिया, ब्रजेश शर्मा, सौरभ सिंह, श्रीकांत पाराशर, राजकुमार उप्पल, दिव्या त्यागी आकांक्षा दीक्षित, धीरज शर्मा एवं समूह के अन्य सदस्यों ने किया।
टैग्स चैनल लॉन्चिंग टीबीआई9