होम / टीवी / प्रदर्शनकारियों के निशाने पर फिर आए ‘न्यूज नेशन’ के पत्रकार, किया हमला
प्रदर्शनकारियों के निशाने पर फिर आए ‘न्यूज नेशन’ के पत्रकार, किया हमला
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कुछ उपद्रवियों ने एक बार फिर न्यूज नेशन के पत्रकार को निशाना बनाया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कुछ उपद्रवियों ने एक बार फिर न्यूज नेशन के पत्रकार को निशाना बनाया है। चैनल के पत्रकार के साथ मारपीट की यह घटना मुंबई में CAA के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान सामने आई है।
पत्रकार मुंबई के नागपड़ा इलाके में सोमवार सुबह 4.15 बजे विरोध प्रदर्शन को कवर करने पहुंचे थे। तभी प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने वीडियो जर्नलिस्ट के साथ मारपीट की, साथ ही उनका कैमरा तक तोड़ दिया। पत्रकार के साथ मारपीट करने के बाद उपद्रवी मौके से फरार हो गए।
मुंबई के नागपड़ा थाने में न्यूज नेशन की टीम ने शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में करीब एक महीने से प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारी भी हिंसा पर उतर आए थे और वहां चल रहे विरोध प्रदर्शन की कवरेज करने गए वरिष्ठ पत्रकार और न्यूज नेशन के कंसल्टिंग एडिटर दीपक चौरसिया के साथ बदसलूकी की थी। यही नहीं तब भी उपद्रवियों ने न्यूज नेशन के कैमरामैन का कैमरा भी तोड़ दिया था। हालांकि इसके बाद दीपक चौरसिया से मारपीट और कैमरा छीनने के मामले में कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
टैग्स पत्रकार हमला न्यूज नेशन