होम / टीवी / इस दूरदर्शन केंद्र की बदलेगी सूरत, सरकार ने मंजूर किए एक करोड़ रुपए
इस दूरदर्शन केंद्र की बदलेगी सूरत, सरकार ने मंजूर किए एक करोड़ रुपए
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन का आधुनिकीकरण एक सतत प्रक्रिया है और इस संबंध में समय-समय पर निर्णय लिए जाते हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा स्थित दूरदर्शन केंद्र का कायाकल्प किया जाएगा। केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इसके आधुनिकीकरण के लिए 1.06 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। संसद में इस बारे में जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन का आधुनिकीकरण एक सतत प्रक्रिया है और इस संबंध में समय-समय पर निर्णय लिए जाते हैं। इनमें मौजूदा या नए स्थानों पर FM ट्रांसमीटर/स्टेशन की स्थापना, ट्रांसमीटर को बदलना या उसका आधुनिकीकरण करना, क्षेत्रीय समाचार इकाइयों, स्टूडियो को डिजिटल बनाना, हाई डेफिनेशन वाली तकनीकों को अपनाना और DTH एवं हाई डेफिनेशन टीवी का विस्तार शामिल है।
पिछले पांच सालों में सोशल मीडिया पर सरकारी योजनाओं के प्रचार व्यय से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए जावड़ेकर ने बताया कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय अपनी मीडिया यूनिट्स प्रेस इनफार्मेशन ब्यूरो, दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं और नीतियों का फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम सहित मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर प्रचार करता है और इसका खर्च संबंधित मीडिया इकाइयों के लिए निर्धारित कोष से किया जाता है। इसके साथ ही केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालय/विभाग भी अपनी नीतियों और योजनाओं का सोशल मीडिया पर प्रचार करते हैं, लेकिन इस पर होने वाले खर्चे का ब्यौरा केंद्रीय रूप से नहीं रखा जाता।
सरकार से स्वामित्व वाले मंचों, एप्लीकेशन और वेबसाइट से नागरिकों के डाटा लीक होने से जुड़े सवाल पर जावड़ेकर ने कहा कि हम पहले ही यह सूचित कर चुके हैं कि उपयोगकर्ताओं द्वारा सरकारी योजनाओं से संबंधित ऐप में लॉग इन करने के लिए आवश्यक जानकारी एप्लिकेशन के हिसाब से भिन्न होती है। जहां तक बात डाटा सुरक्षा की है, तो डाटा प्रोटेक्शन बिल, 2019 पिछले साल दिसंबर में लोकसभा में पेश हो चुका है।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक,ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय प्रकाश जावड़ेकर दूरदर्शन केंद्र