होम / टीवी / चैनल को ‘पटरी’ पर लाने के लिए न्यूज नेशन में हुए कई बड़े फैसले
चैनल को ‘पटरी’ पर लाने के लिए न्यूज नेशन में हुए कई बड़े फैसले
अर्थव्यवस्था के नजरिये से मीडिया के लिए ये मुश्किल समय है, ऐसे में अधिकांश मीडिया संस्थान कॉस्ट कटिंग के रास्ते खोजने की जुगत में हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
हिंदी न्यूज चैनल ‘न्यूज नेशन’ (News Nation) में लगता है कि इन दिनों सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। बिगड़ती अर्थव्यवस्था में चैनल को आगे बढ़ाने के लिए कई बड़े निर्णय लिए गए हैं। इसके तहत जहां पिछले दिनों हुए इंक्रीमेंट को रोक दिया गया है। वहीं, सप्ताह में पांच दिन के बजाय छह दिन काम करने के लिए कहा गया है।
इस बारे में संस्थान की ओर से एक सर्कुलर भी जारी किया गया है। इस सर्कुलर के अनुसार, ‘कंपनी के प्रदर्शन को देखते हुए हाल ही में इंक्रीमेंट के बारे में की गई घोषणा को वापस लेने का फैसला लिया गया है। कंपनी की ग्रोथ बढ़ाने और काम को और गति देने के लिए अब शनिवार को भी वर्किंग डे होगा।'
इस सर्कुलर में कंपनी की परफॉर्मेंस में बेहतरी के लिए सभी सहयोगियों से इस दिशा में और प्रयास करने के साथ ही ज्यादा समय देने की उम्मीद भी जताई गई है। चैनल में नई व्यवस्था एक दिसंबर से लागू होगी।
यहां कार्यरत पुराने स्टाफ ने बताया कि पहले लोगों को मिलने वाली छुट्टियों को कम करके वीकली ऑफ बढ़ाए गये थे अब इन्हें भी कम कर दिया गया है। पहले यहां ऑल्टरनेट के हिसाब में महीने में छह वीकली ऑफ थे, जिन्हें अब घटाकर चार कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि अर्थव्यवस्था के नजरिये से मीडिया के लिए ये मुश्किल समय है, ऐसे में अधिकांश मीडिया संस्थान कॉस्ट कटिंग के रास्ते खोजने की जुगत में हैं।
टैग्स न्यूज नेशन कॉस्ट कटिंग