होम / टीवी / अब इस न्यूज चैनल पर नजर आएंगी एंकर पल्लवी त्यागी
अब इस न्यूज चैनल पर नजर आएंगी एंकर पल्लवी त्यागी
पल्लवी त्यागी पूर्व में रियलिटी शो ‘स्टार एंकर हंट’ में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
पत्रकार और न्यूज एंकर पल्लवी त्यागी ने ‘‘टीवी9 भारतवर्ष’ के साथ अपना नया सफर शुरू किया है। यहां उन्हें सीनियर एंकर कम स्पेशल करेसपॉन्डेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पल्लवी त्यागी ने न्यूज एंकरिंग की शुरुआत वर्ष 2006 में डीडी नेशनल चैनल के साथ की थी। हालांकि यह सफर मात्र पांच महीने ही चला, उस दौरान वह कॉलेज के सेकेंड ईयर में पढ़ रही थीं। कॉलेज के फाइनल ईयर में वर्ष 2008 में उन्हें ‘SITI Delhi’ के साथ काम करने का अवसर मिला। इसके करीब एक साल बाद ही उन्हें ‘A2Z News’ में लाइव बुलेटिन्स करने का मौका मिला।
इसके बाद वह ’स्टार न्यूज’ की ओर से कराए गए रियलिटी शो ‘स्टार एंकर हंट’ में नजर आईं। इस शो के लिए उस दौरान देश भर के हजारों प्रतिभागियों के बीच महज 20 प्रतिभागी सलेक्ट किए गए थे। दिल्ली की ओर से पल्लवी त्यागी को चुना गया और उन्होंने स्मार्ट परफॉर्मर ऑफ दिल्ली का अवॉर्ड भी जीता। इस शो में वह टॉप तीन की रैंक में पहुंच गईं और आखिर में फर्स्ट रनर अप का खिताब अपने नाम किया।
इस जीत के साथ ही पल्लवी त्यागी को वर्ष 2010 में ‘स्टार न्यूज’ (अब एबीपी न्यूज) के साथ बतौर एंकर काम करने का मौका मिला। अब तक के करियर में सभी जॉनर में उन्होंने 20 हजार से ज्यादा बुलेटिन्स किए हैं। अब उन्होंने ‘टीवी9 भारतवर्ष’ का दामन थाम लिया है।
पल्लवी त्यागी ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में बैचलर्स डिग्री ली है। यहां वह अपने बैच की टॉपर रही थीं। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया बिजनेस मैनेजमेंट में मास्टर्स की डिग्री ली है। इसके अलावा वह प्रशिक्षित भरतनाट्यम डांसर भी हैं। वह वर्ष 2018 में ‘Miss Glowing Skin’ का खिताब भी जीत चुकी हैं।
टैग्स एबीपी न्यूज टीवी9 भारतवर्ष पल्लवी त्यागी