होम / टीवी / अब इस न्यूज चैनल से नई शुरुआत करने जा रहे हैं पत्रकार घनश्याम उपाध्याय
अब इस न्यूज चैनल से नई शुरुआत करने जा रहे हैं पत्रकार घनश्याम उपाध्याय
घनश्याम उपाध्याय पूर्व में ‘राज्यसभा टीवी‘ (RSTV) समेत कई न्यूज चैनल्स में काम कर चुके हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
पत्रकार घनश्याम उपाध्याय अब अपनी नई पारी का आगाज करने जा रहे हैं। समाचार4मीडिया से बातचीत में घनश्याम उपाध्याय ने बताया कि वह जाने-माने पत्रकार और ‘ईटीवी न्यूज नेटवर्क’ (ETV News Network) व ‘जी मीडिया’ (Zee Media) के रीजनल क्लस्टर के पूर्व सीईओ जगदीश चंद्रा के नेतृत्व में जल्द लॉन्च होने जा रहे हिंदी न्यूज चैनल ‘भारत24’ (BHARAT 24) में बतौर एंकर जॉइन करने जा रहे हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर-62 से शुरू होने जा रहे इस चैनल की आधिकारिक रूप से लॉन्चिंग 15 अगस्त को की जाएगी।
घनश्याम उपाध्याय इससे पहले ‘राज्यसभा टीवी‘ (RSTV) में बतौर सीनियर एंकर काम कर चुके हैं। वह ‘राज्यसभा टीवी‘ में लोकप्रिय डिबेट शो ‘देश देशांतर‘ की एंकरिंग किया करते थे। ‘राज्यसभा टीवी‘ पर उनका शो ‘मेरा गांव‘ भी काफी पसंद किया गया। इस कार्यक्रम को 'सांसद आदर्श ग्राम योजना' की वेबसाइट पर भी शोकेस किया गया था।
घनश्याम उपाध्याय को टीवी और रेडियो में काम करने का लगभग 14 साल का अनुभव है। इससे पहले वह ‘स्वराज एक्सप्रेस‘ (Swaraj Express), ‘न्यूज नेशन‘ (News Nation), ‘समाचार प्लस‘ (Samachar Plus) और ‘सहारा समय‘ (Sahara Samay) में भी काम कर चुके हैं। ‘समाचार प्लस‘ में वह प्राइम टाइम डिबेट शो ‘बिग बुलेटिन‘ और ‘सहारा समय‘ में ‘कवर स्टोरी‘ होस्ट करते थे। घनश्याम उपाध्याय ‘ऑल इंडिया रेडियो‘ के ‘एफएम गोल्ड‘ रेडियो स्टेशन पर बतौर आरजे भी काम कर चुके हैं। यहां वह ‘एफएम सुबह सात बजे‘,‘सदाबहार दस गाने‘ और ‘फिर गुलाब महके‘ होस्ट करते थे।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘ऑल इंडिया रेडियो’ के युववाणी स्टेशन से बतौर कैजुअल उद्घोषक के तौर पर की। पूर्व में घनश्याम उपाध्याय ‘सीएनईबी’ और ‘वॉयस ऑफ इंडिया’ न्यूज चैनल्स में भी काम कर चुके हैं। मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले घनश्याम उपाध्याय ने हरियाणा के हिसार में स्थित गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। समाचार4मीडिया की ओर से घनश्याम उपाध्याय को उनकी आगामी पारी के लिए अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं।
टैग्स न्यूज एंकर राज्य सभा टीवी घनश्याम उपाध्याय नई पारी नियुक्ति जॉइनिंग भारत24