होम / टीवी / ITV नेटवर्क ने शुरू की महिलाओं के लिए समर्पित यह अनूठी पहल
iTV नेटवर्क ने शुरू की महिलाओं के लिए समर्पित यह अनूठी पहल
देश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘आईटीवी नेटवर्क’ (iTV Network) पूरी तरह से महिलाओं के लिए समर्पित एक नई पहल शुरू की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
देश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘आईटीवी नेटवर्क’ (iTV Network) ने पूरी तरह से महिलाओं के लिए समर्पित एक नई पहल शुरू की है, जिसका नाम है We Women Want। यह मल्टीमीडिया वर्टिकल विशुद्ध रूप से महिलाओं पर केंद्रित है। इस वर्टिकल का उद्देश्य विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से समाज में उदाहरण पेश करने वाली महिलाओं को पहचानना, उनके उल्लेखनीय कार्यों को सामने लाना और महिलाओं को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर बातचीत करना है।
09 जुलाई 2022 से इसकी शुरुआत की जाएगी और पहले एपिसोड में जानी-मानी फैशन डिजायनर रीना ढाका और अंजुल भंडारी आईटीवी नेटवर्क की सीनियर एग्जिक्यूटिव प्रिया सहगल से अपनी जिंदगी के तमाम अहम पहलुओं पर चर्चा करेंगी।
इस बारे में प्रिया सहगल का कहना है, ‘We Women Want पूरी तरह से महिलाओं के बारे में महिलाओं द्वारा किया जा रहा शो है। इस शो में हमारे पैनलिस्ट उन गहन और अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे, जिनका सामना हर महिला को किसी न किसी मोड़ पर करना पड़ता है। हम सिर्फ महिलाओं की सफलता के बारे में ही बल्कि उनके रोजमर्रा के संघर्षों के बारे में भी चर्चा करेंगे, जिनसे वह किसी तरह जूझती हैं और उनसे निजात पाती हैं।’
पहले एपिसोड में रीना ढाका अपनी निजी और प्रोफेशनल जिंदगी के बारे में तमाम बातें शेयर करेंगी कि कैसे उन्होंने कामकाजी महिला होते हुए कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से टक्कर ली और उसे मात दी।
इसके अलावा अंजुल भंडारी बताएंगी कि कैसे शादी के लिए उन्हें दसवीं कक्षा में स्कूल छोड़ना पड़ा और किन संघर्षों से जूझते हुए आज वह इस मुकाम तक पहुंची हैं। कार्यक्रम में अपने जीवन के अनुभवों के साथ ही अंजुल यह भी बताएंगी कि महिलाएं किस तरह से 'अग्नि स्त्री' हैं और कैसे महिला जीवन में सभी चीजों को तालमेल बिठाते हुए संतुलन करना जानती है।
नेटवर्क के अंग्रेजी चैनल ‘न्यूजएक्स’(NewsX) पर इस शो का प्रसारण हर शनिवार को शाम साढ़े सात बजे किया जाएगा। रविवार को दोपहर साढ़े 12 बजे और रात दस बजे इसका पुन: प्रसारण किया जाएगा। वहीं, हिंदी चैनल ’इंडिया न्यूज’ (India News) पर प्रत्येक शनिवार को इसका प्रसारण दोपहर साढ़े तीन बजे और पुन: प्रसारण रविवार की दोपहर साढ़े 12 बजे किया जाएगा। यह कार्यक्रम तमाम प्रमुख ओटीटी प्लेटफॉर्म्स जैसे-Dailyhunt, Zee5, MX Player, ShemarooMe, Watcho, Mzaalo, Jio TV, Tata Play और PayTm livestreams पर लाइव स्ट्रीम भी किया जाएगा।
टैग्स आईटीवी नेटवर्क वी वीमेन वांट