SEA TV के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) हर्षित जैन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
by
Vikas Saxena
SEA TV से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) और मुख्य प्रबंधन से जुड़े अधिकारी यानी कि 'की मैनेजेरियल पर्सन' (KMP) हर्षित जैन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
कंपनी ने बताया कि हर्षित जैन ने 21 मार्च 2026 को अपना इस्तीफा सौंपा है, जो 30 मार्च 2026 को कामकाज खत्म होने के बाद प्रभावी हो जाएगा। उन्होंने इस्तीफे की वजह व्यक्तिगत कारण बताई है और यह भी साफ किया है कि इसके पीछे कोई और बड़ा कारण नहीं है।
कंपनी ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान दी गई सेवाएं काफी महत्वपूर्ण रही हैं। साथ ही, कंपनी ने यह भी बताया कि नए CFO की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रधानमंत्री ने विदेश यात्रा पर टैक्स या सेस लगाए जाने की खबरों को खारिज कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए पीएम ने कहा कि सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
by
Samachar4media Bureau
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विदेश यात्रा पर टैक्स या सेस लगाए जाने की खबर को 'पूरी तरह गलत' बताए जाने के बाद बिजनेस न्यूज चैनल CNBC-TV18 ने अपनी रिपोर्ट वापस ले ली है। चैनल ने स्वीकार किया कि उसकी खबर सटीक नहीं थी और इसके लिए खेद भी जताया।
दरअसल, CNBC-TV18 ने शुक्रवार को एक ‘एक्सक्लूसिव’ रिपोर्ट में दावा किया था कि केंद्र सरकार विदेश यात्राओं पर अस्थायी टैक्स, सेस या सरचार्ज लगाने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट में कहा गया था कि बढ़ती वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और युद्ध संबंधी वित्तीय दबावों से निपटने के लिए उच्च स्तर पर इस प्रस्ताव पर चर्चा चल रही है।
रिपोर्ट सामने आने के बाद बिजनेस, शिक्षा और पर्यटन के सिलसिले में विदेश यात्रा करने वाले लोगों के बीच चिंता बढ़ गई थी। हालांकि, कुछ ही समय बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इन दावों को खारिज कर दिया। प्रधानमंत्री ने लिखा, 'यह पूरी तरह गलत है। इसमें जरा भी सच्चाई नहीं है। विदेश यात्रा पर किसी प्रकार की पाबंदी लगाने का सवाल ही नहीं उठता।' उन्होंने आगे कहा कि सरकार ‘Ease of Doing Business’ और ‘Ease of Living’ को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
This is totally false.
— Narendra Modi (@narendramodi) May 15, 2026
Not an iota of truth in this.
There is no question of putting such restrictions on foreign travel.
We remain committed to improving ‘Ease of Doing Business’ and ‘Ease of Living’ for our people. https://t.co/9lxjbxz0nV
सरकार की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद CNBC-TV18 ने अपनी रिपोर्ट सभी प्लेटफॉर्म्स से हटा ली। चैनल ने बयान जारी करते हुए कहा, 'सरकार द्वारा विदेश यात्रा पर टैक्स/सेस लगाने पर विचार किए जाने संबंधी हमारी खबर सटीक नहीं थी। हम यह खबर वापस लेते हैं और गलती के लिए खेद जताते हैं।'
Our story on government considering tax/cess on foreign travel is not accurate.
— CNBC-TV18 (@CNBCTV18News) May 15, 2026
We withdraw the story and regret the error.
उल्लेखनीय है कि हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से अगले एक वर्ष तक अनावश्यक विदेशी यात्राओं से बचने की अपील जरूर की थी। उन्होंने इसे वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच देश के विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत बनाए रखने से जोड़ा था।
पत्रकार अभिजीत चौधरी ने करीब पांच साल बाद हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ को अलविदा कह दिया है। उन्होंने लिंक्डइन पोस्ट के जरिए अपने अनुभव साझा करते हुए टीम और संस्थान का आभार जताया।
by
Samachar4media Bureau
पत्रकार अभिजीत चौधरी ने हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ (Aaj Tak) और ‘इंडिया टुडे’ (India Today) समूह से अपनी पारी समाप्त कर ली है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए इस जानकारी को सार्वजनिक किया।
अपनी पोस्ट में अभिजीत चौधरी ने लिखा कि “अलविदा” भाषा के सबसे भारी शब्दों में से एक है और अब उन्हें यही शब्द लिखना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 27 मई 2021 को उन्होंने हिंदी पत्रकारिता के अपने सफर की शुरुआत ‘आजतक’ से की थी।
उन्होंने अपने लगभग पांच साल के कार्यकाल को याद करते हुए लिखा कि इस न्यूजरूम ने उन्हें सिर्फ काम करना नहीं, बल्कि खबरों को समझना, महसूस करना और हर दिन कुछ नया सीखना सिखाया। अभिजीत ने कहा कि कैमरे के पीछे बिताया हर पल, हर बुलेटिन, डेडलाइन और साथियों के साथ काम करने का अनुभव हमेशा उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा रहेगा। उन्होंने संस्थान और सहकर्मियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब वह नई यात्रा की ओर बढ़ रहे हैं।
TV Today Network का FY26 में मुनाफा तेज़ी से घटकर ₹14.35 करोड़ रह गया। कमजोर विज्ञापन आय, रेडियो कारोबार में नुकसान और बढ़ती लागत ने कंपनी के प्रदर्शन को प्रभावित किया।
by
Samachar4media Bureau
आज तक (Aaj Tak) और इंडिया टुडे (India Today) जैसे प्रमुख न्यूज ब्रांड्स संचालित करने वाली 'TV Today Network Limited' का FY26 में मुनाफा तेज़ी से घटा है। कंपनी ने मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में ₹14.35 करोड़ का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि FY25 में यह ₹74.53 करोड़ था।
कंपनी की ऑपरेशनल आय भी करीब 19 प्रतिशत गिरकर ₹808.7 करोड़ रह गई, जो पिछले वित्त वर्ष में ₹993.02 करोड़ थी। स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी का लाभ ₹13.74 करोड़ रहा, जबकि एक साल पहले यह ₹74.83 करोड़ था।
कंपनी ने बताया कि कमजोर विज्ञापन राजस्व, पुनर्गठन लागत और रेडियो कारोबार में जारी नुकसान का असर वित्तीय प्रदर्शन पर पड़ा। TV Today की रेडियो ब्रॉडकास्टिंग यूनिट को अब “डिस्कंटीन्यूड ऑपरेशंस” के रूप में वर्गीकृत किया गया है। FY26 में इस कारोबार से कंपनी को ₹5.89 करोड़ का नुकसान हुआ। कंपनी पहले ही अपने FM रेडियो कारोबार को बेचने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है।
नवंबर 2025 में TV Today ने अभिजीत रियल्टर्स एंड इंफ्रावेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ ₹10 करोड़ में रेडियो बिजनेस बेचने का समझौता किया था। इसके अलावा कंपनी ने रेडियो कारोबार से जुड़ा ₹9.63 करोड़ का इम्पेयरमेंट लॉस भी दर्ज किया। नए लेबर कोड लागू होने से बढ़ी लागत का भी असर पड़ा, हालांकि मार्च तिमाही में कंपनी ने कुछ प्रावधान वापस लेकर राहत हासिल की।
इसके बावजूद कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत बनी हुई है। 31 मार्च 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति ₹1,129.16 करोड़ रही, जबकि कैश और कैश इक्विवेलेंट बढ़कर ₹23.43 करोड़ हो गए।
दिल्ली हाईकोर्ट ने 'FIFA World Cup 2026' के भारत में प्रसारण को लेकर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और प्रसार भारती से जवाब मांगा है। याचिका में टूर्नामेंट के फ्री-टू-एयर प्रसारण की मांग की गई है।
by
Samachar4media Bureau
दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने FIFA World Cup 2026 के भारत में प्रसारण को लेकर दायर याचिका पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (Ministry of Information and Broadcasting) और प्रसार भारती (Prasar Bharati) से जवाब मांगा है। मामले की सुनवाई अगले सप्ताह होगी। जस्टिस पुरुषेन्द्र कुमार कौरव (Justice Purushaindra Kumar Kaurav) की बेंच ने मामले में नोटिस जारी करते हुए कहा कि याचिका में मांगी गई राहतें जनहित याचिका (PIL) जैसी हैं।
यह याचिका अधिवक्ता अवधेश बैरवा (Avdhesh Bairwa) की ओर से दायर की गई है। याचिका में मांग की गई है कि FIFA World Cup 2026 का प्रसारण भारत में सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती के जरिए सुनिश्चित किया जाए। खास तौर पर टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों को फ्री-टू-एयर प्लेटफॉर्म पर दिखाने की अपील की गई है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि सरकार टूर्नामेंट के सभी 104 मैचों के प्रसारण अधिकार हासिल करने की दिशा में कदम उठाए। याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता वैभव गग्गर ने कोर्ट से कहा कि संबंधित अधिकारी पहले से प्रयास कर रहे हैं और कोर्ट का हस्तक्षेप इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। FIFA World Cup 2026 का आयोजन अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में 11 जून से 19 जुलाई 2026 तक होगा।
राज टेलीविजन नेटवर्क के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक 12 मई 2026 को हुई, जिसमें कंपनी ने श्री हरि सरवणा विग्नेश को कंटेंट हेड और सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल के तौर पर नियुक्त किया है।
by
Vikas Saxena
राज टेलीविजन नेटवर्क (Raj Television Network Limited) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक 12 मई 2026 को हुई, जिसमें कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के ऑडिटेड नतीजों को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही कंपनी ने श्री हरि सरवणा विग्नेश को कंटेंट हेड और सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल के तौर पर नियुक्त किया है।
श्री हरि इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी और साइबर सिक्योरिटी प्रोफेशनल हैं। उन्होंने लंदन की Royal Holloway University से इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी में MSc किया है। उन्हें रिस्क मैनेजमेंट, कंप्लायंस, नेटवर्क सिक्योरिटी और साइबर डिफेंस का अच्छा अनुभव है।
कंपनी के मुताबिक उन्हें ISO 27001, PCI DSS, NIST Cybersecurity Framework, क्रिप्टोग्राफी, फायरवॉल मैनेजमेंट और सिक्योर नेटवर्किंग प्रोटोकॉल्स की जानकारी है। इसके अलावा उन्हें एथिकल हैकिंग और वल्नरेबिलिटी असेसमेंट का भी अनुभव है।
वे पहले Niagara Networks में ऑटोमेशन इंजीनियर के तौर पर काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने एडवांस टेस्ट ऑटोमेशन स्क्रिप्ट्स तैयार कीं और सॉफ्टवेयर वल्नरेबिलिटी से जुड़े मामलों पर काम किया।
श्री हरि ने कई साइबर सिक्योरिटी सर्टिफिकेशन और वेब हैकिंग प्रोग्राम भी पूरे किए हैं। उन्हें “Capture the Flag” साइबर सिक्योरिटी प्रतियोगिता में तीसरा स्थान भी मिला था।
कंपनी ने बताया कि उन्हें Python, Bash scripting, नेटवर्क सिक्योरिटी इम्प्लीमेंटेशन और ऑटोमेटेड रिकॉनिसेंस टूल्स का भी अच्छा अनुभव है। कंपनी के अनुसार उनकी तकनीकी समझ, नेतृत्व क्षमता और कम्युनिकेशन स्किल्स उन्हें रिस्क, कंप्लायंस और साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र में मजबूत प्रोफेशनल बनाती हैं।
कंपनी ने यह भी बताया कि श्री हरि, प्रमोटर और होल टाइम डायरेक्टर एम. रघुनाथन के बेटे हैं।
इसके अतिरिक्त, कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के ऑडिटेड नतीजों को भी मंजूरी दे दी है। मार्च 2026 तिमाही में उसका कुल रेवेन्यू बढ़कर करीब 21.82 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान कंपनी ने करीब 22 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का नेट प्रॉफिट करीब 79 लाख रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष में कंपनी को 21 करोड़ रुपये से ज्यादा का घाटा हुआ था।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि मार्च 2026 तिमाही के लिए किसी डिविडेंड की सिफारिश नहीं की गई है। कंपनी के ऑडिटर्स N Naresh & Co. ने वित्तीय नतीजों पर बिना किसी संशोधन के ऑडिट रिपोर्ट जारी की है।
राज कुमार जैन को 25 मार्च 2026 से अतिरिक्त निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था। अब उन्हें पांच साल के कार्यकाल के लिए स्वतंत्र निदेशक बनाने के प्रस्ताव पर शेयरधारकों की मंजूरी मांगी जा रही है।
by
Vikas Saxena
नेटवर्क18 मीडिया (Network18 Media & Investments Limited) ने अपने शेयरधारकों से कंपनी के स्वतंत्र निदेशक (Independent Director) के तौर पर राज कुमार जैन की नियुक्ति को मंजूरी देने के लिए पोस्टल बैलेट नोटिस जारी किया है। कंपनी ने यह जानकारी सेबी के नियमों के तहत स्टॉक एक्सचेंज को दी है।
कंपनी के मुताबिक, राज कुमार जैन को 25 मार्च 2026 से अतिरिक्त निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था। अब उन्हें पांच साल के कार्यकाल के लिए स्वतंत्र निदेशक बनाने के प्रस्ताव पर शेयरधारकों की मंजूरी मांगी जा रही है। इस प्रस्ताव को स्पेशल रिजॉल्यूशन के जरिए पारित किया जाएगा।
पोस्टल बैलेट की प्रक्रिया पूरी तरह ई-वोटिंग के जरिए होगी। ई-वोटिंग 12 मई 2026 सुबह 9 बजे से शुरू होकर 10 जून 2026 शाम 5 बजे तक चलेगी। इसके बाद 11 जून 2026 या उसके बाद नतीजों की घोषणा की जाएगी।
कंपनी ने बताया कि नोटिस केवल उन शेयरधारकों को ई-मेल के जरिए भेजा जा रहा है, जिनका ई-मेल पता कंपनी या डिपॉजिटरी के रिकॉर्ड में दर्ज है। ई-वोटिंग की सुविधा के लिए KFin Technologies को एजेंसी नियुक्त किया गया है।
राज कुमार जैन मीडिया और कॉरपोरेट जगत का बड़ा नाम माने जाते हैं। वह पहले Bennett Coleman & Co. Ltd. यानी टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के सीईओ रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने Whirlpool Corporation, Walmart Inc. और Hindustan Lever Ltd. जैसी कंपनियों में भी अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं।
कंपनी के अनुसार, सेल्स, मार्केटिंग, सप्लाई चेन, स्ट्रैटेजी और कॉरपोरेट गवर्नेंस में उनका लंबा अनुभव Network18 के लिए फायदेमंद साबित होगा। वर्तमान में वह कई कंपनियों के बोर्ड में भी शामिल हैं, जिनमें SRF Limited, Relaxo Footwears Limited और JK Agri Genetics Limited शामिल हैं।
भारतीय क्रिकेट कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) जल्द ही Sony Entertainment Television और Sony LIV पर एंटरटेनमेंट डेब्यू करते नजर आएंगे। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया ने इसका टीजर जारी कर दिया है।
by
Samachar4media Bureau
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी और वर्ल्ड कप विजेता कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) अब क्रिकेट मैदान के बाहर नए अंदाज में नजर आने वाले हैं। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (Sony Pictures Networks India) ने एक टीजर जारी कर संकेत दिया है कि रोहित जल्द ही एंटरटेनमेंट की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।
यह टीजर 8 मई को जारी किया गया, जिसे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन (Sony Entertainment Television), Sony LIV और कंपनी के डिजिटल व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किया गया है। हालांकि, अभी तक इस प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी साझा नहीं की गई है। कंपनी ने कहा है कि जल्द ही इससे जुड़े अन्य विवरण सामने लाए जाएंगे।
View this post on Instagram
सोनी के लिए यह कदम सिर्फ कंटेंट लॉन्च नहीं, बल्कि एक बड़ा ब्रांड मूव भी माना जा रहा है। नेटवर्क ने भारत के सबसे लोकप्रिय खेल चेहरों में से एक रोहित शर्मा को अपने टीवी और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म दोनों पर एक साथ पेश कर विज्ञापनदाताओं को बड़े स्तर की पहुंच और क्रॉस-प्लेटफॉर्म विजिबिलिटी देने की रणनीति बनाई है।
रोहित शर्मा लंबे समय से भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े और भरोसेमंद ब्रांड चेहरों में गिने जाते हैं। क्रिकेट के अलावा विज्ञापन और ब्रांड एंडोर्समेंट की दुनिया में भी उनकी मजबूत पहचान है। टीजर के बाद अब दर्शकों के बीच यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई है कि रोहित शर्मा का यह नया एंटरटेनमेंट प्रोजेक्ट आखिर किस रूप में सामने आएगा।
वरिष्ठ पत्रकार राहुल काद्यान ने रिपब्लिक भारत (Republic Bharat) के साथ नई पारी शुरू की है। वह यहां स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट डेस्क की जिम्मेदारी संभालेंगे।
by
Samachar4media Bureau
वरिष्ठ पत्रकार राहुल काद्यान ने हिंदी न्यूज चैनल रिपब्लिक भारत (Republic Bharat) के साथ अपने नए सफर की शुरुआत की है। वह सोमवार से चैनल में स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट डेस्क पर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
राहुल काद्यान इससे पहले हिंदी न्यूज चैनल न्यूज24 (News24) में कार्यरत थे, जहां उन्होंने करीब चार साल तक अपनी सेवाएं दीं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें करीब 15 वर्षों का अनुभव है और इस दौरान उन्होंने कई प्रमुख हिंदी न्यूज चैनलों में विभिन्न भूमिकाएं निभाई हैं।
पत्रकारिता में राहुल काद्यान ने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज (India News) से की थी। इसके बाद वह टोटल टीवी (Total TV), समाचार प्लस (Samachar Plus), भास्कर न्यूज (Bhaskar News), फोकस न्यूज (Focus News) और सहारा समय (Sahara Samay) जैसे संस्थानों से जुड़े रहे। फोकस न्यूज का नाम बाद में बदलकर न्यूज वर्ल्ड (News World) कर दिया गया था।
राहुल काद्यान ने दिल्ली स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास मीडिया (IIMM) से ग्रेजुएशन किया है। इसके अलावा उन्होंने गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी, हिसार से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। मीडिया जगत में राहुल काद्यान की पहचान एक अनुभवी और सक्रिय पत्रकार के रूप में रही है।
समाचार4मीडिया की ओर से राहुल काद्यान को उनके नए सफर के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (MIB) ने TV Ratings Policy 2026 में बड़े बदलाव किए हैं। नए नियमों के तहत रेटिंग एजेंसियों में स्वतंत्र निदेशक और 80 हजार मीटर्ड होम अनिवार्य किए गए हैं।
by
Samachar4media Bureau
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (Ministry of Information & Broadcasting - MIB) ने TV Ratings Policy 2026 में अहम संशोधन करते हुए टेलीविजन ऑडियंस मापन प्रणाली के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। 8 मई 2026 को जारी आदेश में सरकार ने टीवी रेटिंग एजेंसियों के लिए सख्त गवर्नेंस मानक और बड़े स्तर पर ऑडियंस मापन ढांचा अनिवार्य किया है।
नई गाइडलाइंस के मुताबिक, टीवी रेटिंग एजेंसियों के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में कम से कम 33 प्रतिशत स्वतंत्र निदेशक (Independent Directors) होने जरूरी होंगे। इनका किसी भी ब्रॉडकास्टर, विज्ञापनदाता या एड एजेंसी से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं होना चाहिए। सरकार का कहना है कि यह कदम टीवी रेटिंग सिस्टम में निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए उठाया गया है।
सरकार ने Establishment Survey से जुड़े नियमों में भी बड़ा बदलाव किया है। अब रेटिंग एजेंसियों को हर तीन साल में देश के “TV Universe” का सर्वे करना होगा, जिसमें टीवी वाले घरों की संख्या, सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइल और व्यूइंग इंफ्रास्ट्रक्चर का आकलन किया जाएगा। नए नियम के अनुसार, सर्वे में शामिल घरों की संख्या मीटर्ड होम्स से कम से कम 10 गुना ज्यादा होनी चाहिए।
सबसे बड़ा बदलाव मीटर्ड होम्स को लेकर किया गया है। संशोधित नीति के तहत टीवी रेटिंग एजेंसियों को रजिस्ट्रेशन के 18 महीनों के भीतर कम से कम 80 हजार मीटर्ड होम्स स्थापित करने होंगे। वहीं मौजूदा एजेंसियों को यह लक्ष्य 9 महीनों में पूरा करना होगा। मीडिया इंडस्ट्री लंबे समय से अधिक बड़े और विविध सैंपल बेस की मांग कर रही थी, ताकि शहरी और ग्रामीण दोनों बाजारों में दर्शकों की वास्तविक पसंद को बेहतर तरीके से मापा जा सके।
माना जा रहा है कि नए नियमों से खासकर क्षेत्रीय चैनलों और छोटे बाजारों की दर्शक संख्या का अधिक सटीक आकलन संभव होगा।सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी मौजूदा टीवी रेटिंग एजेंसियों को 60 दिनों के भीतर संशोधित गाइडलाइंस के तहत दोबारा रजिस्ट्रेशन कराना होगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
ओडिशा और देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी आध्यात्मिक पहल सामने आई है। ओडिशा सरकार ने भगवान जगन्नाथ के नाम पर एक समर्पित टीवी चैनल शुरू करने की दिशा में पहला ठोस कदम उठा लिया है।
by
Samachar4media Bureau
ओडिशा और देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी आध्यात्मिक पहल सामने आई है। ओडिशा सरकार ने भगवान जगन्नाथ के नाम पर एक समर्पित टीवी चैनल शुरू करने की दिशा में पहला ठोस कदम उठा लिया है। भगवान जगन्नाथ को “विश्व के स्वामी” और लाखों लोगों की आस्था का केंद्र माना जाता है।
इसी पहल को लेकर गुरुवार को लोक सेवा भवन स्थित कानून विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने की। बैठक में विशेष रूप से भगवान जगन्नाथ को समर्पित इस टीवी चैनल की शुरुआत पर चर्चा हुई।
बैठक में इस बात पर फोकस किया गया कि चैनल के जरिए श्री जगन्नाथ से जुड़ी दैनिक पूजा-पद्धतियों, त्योहारों और सदियों पुरानी संस्कृति को दुनिया भर तक कैसे पहुंचाया जाए। साथ ही यह भी चर्चा हुई कि चैनल भगवान जगन्नाथ की आध्यात्मिक भावना और उनकी परंपराओं को वैश्विक स्तर पर कैसे प्रस्तुत कर सकता है।
कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने शुरुआती चर्चा को “काफी सकारात्मक और उम्मीदों से भरा” बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रस्तावित चैनल पूरी दुनिया को जगन्नाथ संस्कृति से जोड़ने का एक मजबूत माध्यम बन सकता है। इससे शोध और अकादमिक चर्चा को भी बढ़ावा मिलेगा और करोड़ों भक्तों की भावनाओं और अनुभवों को बेहतर तरीके से सामने लाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा, “राज्य सरकार इस प्रस्ताव को बेहद सकारात्मक नजरिए से देख रही है।” साथ ही उन्होंने बताया कि आने वाले समय में इस परियोजना को लेकर विस्तृत चर्चा और पूरा रोडमैप तैयार किया जाएगा।
बैठक में अरबिंद कुमार पाधी (Arabinda Kumar Padhee) समेत कानून विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए। सभी ने इस बात पर सुझाव दिए कि चैनल में भक्ति, संस्कृति, शिक्षा और मनोरंजन का संतुलन किस तरह बनाया जा सकता है।
कई श्रद्धालु लंबे समय से ऐसे 24×7 प्लेटफॉर्म की मांग कर रहे थे, जहां भगवान जगन्नाथ की भक्ति और परंपराओं से जुड़ा कंटेंट लगातार देखा जा सके। ऐसे में इस पहल को भक्तों के लिए किसी बड़े आशीर्वाद से कम नहीं माना जा रहा।
अगर यह चैनल शुरू होता है, तो यह पुरी की पवित्र धरती से निकलकर दुनिया भर के श्रद्धालुओं और आध्यात्मिक रुचि रखने वाले लोगों तक भगवान जगन्नाथ की महिमा पहुंचाने का एक बड़ा माध्यम बन सकता है।