होम / टीवी / ‘न्यूज नेशन’ से बोले PM मोदी, मैं अपना कर्तव्य मानकर जनता के हित के काम कर रहा हूं
‘न्यूज नेशन’ से बोले PM मोदी, मैं अपना कर्तव्य मानकर जनता के हित के काम कर रहा हूं
‘न्यूज नेशन’ के वरिष्ठ पत्रकार विकास चंद्रा को दिए गए इस खास इंटरव्यू में पीएम मोदी ने तमाम प्रमुख मुद्दों पर पूछे गए सवालों के बेबाकी से जवाब दिए।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
18वीं लोकसभा के गठन के लिए देश में इन दिनों चुनावी बयार बह रही है। सात चरणों में होने वाले चुनाव के पांच चरण पूरे हो चुके हैं। इस बीच विभिन्न राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए जनता के बीच अपनी नीतियों और वादों को पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस समेत अन्य पार्टियां भी रैलियों, रोड शो और सोशल मीडिया कैंपेन के माध्यम से मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश कर रही हैं। नेताओं द्वारा एक-दूसरे पर तीखे हमले और लोकलुभावन घोषणाएं इस चुनावी माहौल को और भी गर्म बना रही हैं।
इस बीच पुरी में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंदी न्यूज चैनल ‘न्यूज नेशन’ (News Nation) को एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू दिया है। ‘न्यूज नेशन’ के वरिष्ठ पत्रकार विकास चंद्रा को 20 मई को दिए गए इस इंटरव्यू में पीएम मोदी ने नेशन फर्स्ट, देश के विकास, विपक्ष की स्थिति, 400 पार के नारे, राम मंदिर और महाकाल कॉरिडोर समेत तमाम प्रमुख मुद्दों पर पूछे गए सवालों के बेबाकी से जवाब दिए हैं।
400 पार के नारे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में पीएम का कहना था कि ये महज नारा नहीं है, बल्कि अब देश के 140 करोड़ लोगों का संकल्प बन चुका है और इस संकल्प को देशवासी जी रहे हैं। मोदी का कहना था, ‘मैं अपना कर्तव्य मानकर जनता के हित के काम कर रहा हूं। जो लोग विरोध करते हैं अथवा तमाम आरोप लगाते हैं, वो तो मेरे जन्म से पहले से कर रहे हैं, क्योंकि ऐसे लोग एक निश्चित प्रकार की सत्ता की भूख में डूबे हुए लोग हैं। ये लोग देश को अपनी फैमिली प्रॉपर्टी मानते हैं। ये लोग देश के संविधान को, देश के लोकतंत्र को और देश के मतदाताओं की ताकत को नहीं मानते हैं, इसलिए इस तरह की हरकतें करते हैं।
‘न्यूज नेशन’ द्वारा यह पूछे जाने पर कि आप पर व्यक्तिगत हमले हो रहे हैं और धर्म की राजनीत करने का आरोप लग रहा है, पीएम मोदी का कहना था, ‘मैं समझता हूं कि यह गहरा विषय नहीं है। सरदार वल्लभ भाई पटेल जिन्होंने देश को एक किया, हमने उनके नाम पर दुनिया का सबसे बड़ा स्टैच्यू 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' बनाया। बाबा साहेब आंबेडकर जिन्होंने संविधान को बहुत बड़ी ताकत दी, हमने उनके पंच तीर्थ बनाए। महात्मा गांधी की दांडी यात्रा को इतने दिनों तक भुला दिया गया था। हमने दांडी में भव्य स्मारक बनाया।’
इस दौरान मोदी का यह भी कहना था, ‘मैं मानता हूं कि हमारे देश में 140 करोड़ देशवासी ऐसे हैं, जिनके मन में इच्छा रहती है कि कभी चारधाम यात्रा करनी है, कभी द्वादश ज्योतिर्लिंगों पर जाना है, कभी मां गंगा में स्नान कराना है. ये भारत के नागरिक के हक हैं कि उन्हें इस दौरान समुचित व्यवस्थाएं मिले। जैसा कि मैंने कहा, मैं अपना कर्तव्य मानकर कर जनता के हित के काम कर रहा हूं।’
इस पूरे इंटरव्यू को आप यहां देख सकते हैं।
टैग्स नरेंद्र मोदी आम चुनाव पीएम मोदी चुनाव न्यूज नेशन इंटरव्यू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साक्षात्कार इलेक्शन