होम / टीवी / 'डिकोड विद सुधीर चौधरी' ने मचाया धमाल, डीडी न्यूज की दर्शक संख्या में उल्लेखनीय उछाल
'डिकोड विद सुधीर चौधरी' ने मचाया धमाल, डीडी न्यूज की दर्शक संख्या में उल्लेखनीय उछाल
इस शो का प्रसारण प्रत्येक सोमवार से शुक्रवार रात 9:00 बजे डीडी न्यूज पर किया जाता है। यह दर्शकों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर गहराई से, निष्पक्ष और संतुलित दृष्टिकोण प्रदान करता है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 8 months ago
देश के पब्लिक ब्रॉडकास्टर ‘डीडी न्यूज’ (DD News) ने अपने प्रमुख न्यूज कार्यक्रम 'डिकोड विद सुधीर चौधरी' (Decode with Sudhir Chaudhary) की सफल लॉन्चिंग के बाद व्युअरशिप यानी दर्शकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। वरिष्ठ पत्रकार और जाने-माने न्यूज एंकर सुधीर चौधरी द्वारा होस्ट किया जाने वाला यह शो ‘डीडी न्यूज’ के प्राइम टाइम शेड्यूल का एक मजबूत स्तंभ बन चुका है, जो एक व्यापक दर्शक वर्ग को आकर्षित कर रहा है।
पब्लिक ब्रॉडकास्टर के अनुसार, 'डिकोड विद सुधीर चौधरी' ने डीडी न्यूज पर न्यूज देखने के तौर-तरीकों को पूरी तरह बदल दिया है। कार्यक्रम की गहरी विश्लेषणात्मक शैली और प्रभावशाली चर्चाओं ने दर्शकों को काफी आकर्षित किया, जिसके परिणामस्वरूप पहले ही सप्ताह में टीआरपी (TRP) में ऐतिहासिक बढ़ोतरी देखी गई। इस शो की शानदार कहानी कहने की शैली ने व्युअरशिप में नया कीर्तिमान स्थापित किया, जिससे डीडी न्यूज का सोमवार से शुक्रवार रात 9 से 10 बजे का स्लॉट अभूतपूर्व लोकप्रियता पर पहुंच गया।
यह कार्यक्रम केवल टेलीविजन तक ही सीमित नहीं रहा। 'डिकोड' ने डीडी न्यूज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मई 2025 में शानदार प्रदर्शन किया। इसके पहले ही एपिसोड को अब तक लगभग 26 लाख (2.6 मिलियन) व्यूज मिले हैं, जो डीडी न्यूज की यूट्यूब के न्यूज जॉनर में एक नया रिकॉर्ड है।
इस शो की शुरुआत 15 मई 2025 को हुई थी और महीने के अंत तक इसने कुल 2.39 करोड़ (23.9 मिलियन) व्यूज हासिल किए, जो डीडी न्यूज के पूरे महीने के 4.92 करोड़ (49.2 मिलियन) व्यूज का लगभग 48.58% है। इसके साथ ही, 'डिकोड' ने 148 मिलियन इम्प्रेशन्स भी जनरेट किए, जो मई महीने में डीडी न्यूज के कुल 218 मिलियन इम्प्रेशन्स का लगभग 67.89% है। इतना ही नहीं, इसी अवधि में चैनल ने 4.53 लाख नए सब्सक्राइबर्स भी जोड़े।
यह आंकड़े स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि 'डिकोड' ने डीडी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यूज, इम्प्रेशन्स और ऑडियंस एंगेजमेंट में बड़ी भूमिका निभाई। बता दें कि इस शो का प्रसारण प्रत्येक सोमवार से शुक्रवार रात 9:00 बजे सिर्फ डीडी न्यूज पर किया जाता है। यह कार्यक्रम दर्शकों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर गहराई से, निष्पक्ष और संतुलित दृष्टिकोण प्रदान करता है।
टैग्स