होम / टीवी / ZEE NEWS के ‘DNA’ में हुआ बड़ा बदलाव, शुरू हुआ चर्चाओं का दौर
ZEE NEWS के ‘DNA’ में हुआ बड़ा बदलाव, शुरू हुआ चर्चाओं का दौर
देश के पहले सैटेलाइट चैनल ‘जी टीवी’ का संचालन करने वाले ‘जी समूह’ (Zee Group) के 108 देशों में प्रसारित होने वाले न्यूज चैनल ‘जी न्यूज’ (Zee News) में लगता है कि आजकल सब कुछ सही नहीं चल रहा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
देश के पहले सैटेलाइट चैनल ‘जी टीवी’ का संचालन करने वाले ‘जी समूह’ (Zee Group) के 108 देशों में प्रसारित होने वाले न्यूज चैनल ‘जी न्यूज’ (Zee News) में लगता है कि आजकल सब कुछ सही नहीं चल रहा है। बताया जाता है कि चैनल में अंदरखाने में बहुत कुछ ‘पक’ रहा है। इसका असर चैनल के लोकप्रिय प्राइम टाइम शो ‘डीएनए’ (DNA) में हुए बड़े बदलाव के रूप में भी देखा जा सकता है।
बता दें कि लंबे समय से रात नौ बजे ‘DNA’ होस्ट कर रहे चैनल के एडिटर-इन-चीफ और सीईओ सुधीर चौधरी इस हफ्ते की शुरुआत से इस शो में नजर नहीं आ रहे हैं। उनकी जगह पर इस शो को ‘जी हिन्दुस्तान’ (Zee Hindustan) के एंकर रोहित रंजन होस्ट कर रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ऐसा अनायास नहीं हो रहा है, बल्कि पूरी स्ट्रैटेजी के तहत ऐसा किया जा रहा है। ऐसे में मीडिया इंडस्ट्री में लोग तमाम तरह के कयास लगा रहे हैं। इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि इस शो से हटाए जाने के बाद सुधीर चौधरी ने चैनल को अलविदा कह दिया है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
‘DNA’ जी न्यूज का काफी लोकप्रिय शो है। अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो चैनल की टीआरपी में एक बड़ा हिस्सा इस शो का ही होता है। ऐसे में पिछले 10 हफ्तों से टीआरपी की रेस में टॉप-5 से बाहर रहने वाले ‘जी न्यूज’ के लिए चुनौतियां कम नहीं हैं। यहां ये भी उल्लेखनीय है कि यूट्यूब में हर हफ्ते नंबर वन रहने वाला ‘जी न्यूज‘ सबसे ज्यादा व्यूज ‘डीएनए‘ से ही लाता है। वैसे ट्विटर पर भी ‘डीएनए‘ के फैंस कुछ दिनों से सुधीर चौधरी की एबसेंस को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ‘जी न्यूज‘ अब अपने तीनों क्लस्टर में कार्यरत एंकर्स का एक सेंट्रल पूल बना रहा है और ये कदम उसी स्ट्रैटेजी का पहला कदम है। इस पूल के जरिये ही रोहित रंजन इस हफ्ते की शुरुआत से ‘डीएनए‘को होस्ट कर रहे हैं। करीब दो साल से ‘जी हिन्दुस्तान‘ में कार्यरत रोहित पूर्व में ‘सूर्या समाचार‘ और ‘पी7‘ चैनल में भी कार्य कर चुके हैं।
पर बड़ा सवाल ये है कि इस स्ट्रैटेजी के बारे में क्या सुधीर चौधरी को अवगत नहीं कराया गया है? अफवाहों से भरे बाजार में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। चर्चा यह भी है कि सुधीर चौधरी इस तरह खुद को साइडलाइन किए जाने से आहत हैं। आपको यह भी बता दें कि सुधीर चौधरी ‘जी न्यूज‘ से लंबे समय से जुड़े हुए हैं और यदि उनका इस्तीफा नहीं होता तो 12 जुलाई को वह इस चैनल के साथ अपना दशक पूरा कर लेते।
टैग्स जी न्यूज सुधीर चौधरी डीएनए शो रोहित रंजन