होम / टीवी / न्यूज चैनल्स की रेटिंग जारी करने के BARC के समय पर अनुराग ठाकुर ने कही ये बात
न्यूज चैनल्स की रेटिंग जारी करने के BARC के समय पर अनुराग ठाकुर ने कही ये बात
टीआरपी घोटाले को लेकर ब्लैकआउट किए जाने के एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद, 12 जनवरी को सूचना-प्रसारण मंत्रालय ने बार्क को रेटिंग जारी करने के लिए कहा था।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
देश में टेलीविजन दर्शकों की संख्या मापने वाली संस्था ब्रॉडकास्टर्स ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (BARC) इंडिया ने सूचना-प्रसारण मंत्रालय (MIB) को यह अवगत कराया है कि वह संशोधित और संवर्धित डेटा रिपोर्टिंग मानकों के बारे में सभी घटकों को सूचित कर रहा है। इसके अलावा, ऑडियंस मेजरमेंट बॉडी ने एमआईबी को यह भी बताया था कि न्यूज और आला जॉनर की व्युअरशिप डेटा जारी करने के लिए उसे आठ सप्ताह का समय चाहिए होगा। लोकसभा में सूचना-प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने यह जानकारी दी।
ठाकुर ने लोकसभा को सूचित किया, ‘बार्क ने अवगत कराया है कि वह सभी घटकों बार्क के संशोधित और संवर्धित डेटा रिपोर्टिंग मानकों के विवरण के बारे में पर्याप्त रूप से सूचित और जागरुक करने के लिए उनसे संपर्क कर रहा है और इस प्रकार इसे अलग-अलग न्यूज चैनल रेटिंग की रिपोर्टिंग को फिर से शुरू करने के लिए आठ सप्ताह (मंत्रालय की अनुमति की तारीख से) का समय चाहिए।’
बता दें कि इस सप्ताह की शुरुआत में, बार्क इंडिया ने यह जानकारी दी है कि उसका इरादा 17 मार्च, 2022 से न्यूज डेटा जारी करने का है।
टीआरपी घोटाले को लेकर ब्लैकआउट किए जाने के एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद, 12 जनवरी को सूचना-प्रसारण मंत्रालय ने बार्क को तत्काल प्रभाव से रेटिंग जारी करने के लिए कहा था। अक्टूबर 2020 में, बार्क ने 8-12 सप्ताह की प्रारंभिक अवधि के लिए तत्काल प्रभाव से न्यूज व आला जॉनर के सभी चैनलों के लिए अलग-अलग साप्ताहिक रेटिंग का प्रकाशन बंद करने का निर्णय लिया था। इसके बाद, 15 फरवरी 2021 को सूचना-प्रसारण मंत्रालय ने बार्क को रेटिंग के मामले में यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया था।
ठाकुर ने कहा, ‘यह हेराफेरी की कथित रिपोर्टों और रेटिंग के प्रकाशन के संपूर्ण तंत्र की समीक्षा के मद्देनजर आवश्यक हो गया था। बार्क द्वारा कॉर्पोरेट शासन व अपनी प्रक्रियाओं और उनकी पारदर्शिता को सुचारू बनाने आदि पर उठाए गए कदमों की समीक्षा के बाद 12 जनवरी 22 को बार्क को न्यूज रेटिंग फिर से जारी करने के लिए कहा गया था।’
एक अन्य सवाल के जवाब में सूचना-प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि बार्क ने सैम्पल्स के साथ छेड़छाड़ में शामिल लोगों के खिलाफ सक्रिय रूप से कार्रवाई की थी और कई राज्यों में अपने वेंडर्स के माध्यम से 11 प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। उन्होंने कहा, ‘इस प्रकार, यह मुद्दा संबंधित पुलिस के संबंधित क्षेत्राधिकार के न्यायिक प्राधिकारियों द्वारा जांच का विषय है।’
ठाकुर ने यह भी बताया कि बार्क ने रेटिंग सृजन प्रक्रिया में शामिल मैनेजमेंट को हटा दिया था। उन्होंने आगे कहा, ‘डेटा सत्यापन और कार्यविधि के लिए बार्क के भीतर निगरानी और तकनीकी समितियों को मजबूत किया गया है। डेटा के लिए सुलभता प्रोटोकॉल को भी नया रूप दिया गया है और उसे ठोस बनाया गया है।’
बार्क को सूचना-प्रसारण मंत्रालय द्वारा 16 जनवरी 2014 को अधिसूचित 'भारत में टेलीविजन रेटिंग एजेंसियों संबंधी दिशानिर्देश' के अनुसार 28 जुलाई 2015 को टीआरपी रेटिंग एजेंसी के रूप में पंजीकरण प्रदान किया गया था।
इस बीच, एक अन्य सवाल के जवाब में ठाकुर ने कहा कि मंत्रालय ने निजी टीवी चैनलों के लिए नए अपलिंकिंग और डाउनलिंकिंग दिशानिर्देशों की अधिसूचना के संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया है।
बता दें कि नवंबर 2021 में, सूचना-प्रसारण मंत्रालय के सचिव अपूर्व चंद्रा ने कहा था कि मंत्रालय अपलिंकिंग और डाउनलिंकिंग दिशानिर्देशों में संशोधन कर रहा है, जो नियमों को आसान बना देगा। चंद्रा ने कहा था, ‘नए दिशानिर्देश अगले 3-4 महीनों में आने की उम्मीद है।’
टैग्स सूचना-प्रसारण मंत्रालय एमआईबी रेटिंग न्यूज जॉनर ब्रॉडकास्टर्स ऑडियंस रिसर्च काउंसिल व्युअरशिप डेटा