होम / टीवी / अक्षय शर्मा ने किया Zee Media में दूसरी पारी का आगाज, इस चैनल संग जुड़े
अक्षय शर्मा ने किया Zee Media में दूसरी पारी का आगाज, इस चैनल संग जुड़े
अक्षय शर्मा ने मुख्यमंत्री, हरियाणा के मीडिया सलाहकार ‘अमित आर्य’ की टीम से अपने कार्य को विराम दे दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
अक्षय शर्मा ने मुख्यमंत्री, हरियाणा के मीडिया सलाहकार ‘अमित आर्य’ की टीम से अपने कार्य को विराम दे दिया है। अक्षय यहां सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा प्रेस कंसल्टेंट के दायित्व पर कार्यरत थे।
बता दें कि अक्षय ने अब अपनी नई पारी ‘जी मीडिया’ (Zee Media) के साथ शुरू की है, जहां वे ‘ZEE UP/UK’ चैनल के इनपुट डिपार्टमेंट में अपना योगदान देंगे। अक्षय यहां असाइनमेंट टीम के लिए काम करेंगे।
अक्षय शर्मा इससे पूर्व ‘जी हिन्दुस्तान’ (Zee Hindustan) में कार्य कर चुके हैं और यहां भी वह इनपुट टीम के साथ जुड़े हुए थे।
अक्षय शर्मा मूलतः पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं और करीब छह वर्षों से नोएडा में रह रहे हैं। अक्षय शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर स्नातक तक शिक्षा मुजफ्फरनगर में ही हुई, जिसके बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय का रुख किया और यहां से परास्नातक की डिग्री प्राप्त कर मीडिया के क्षेत्र में कार्य शुरू किया।
अक्षय शर्मा ने ‘सहारा समय’ न्यूज चैनल के इनपुट विभाग के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह वरिष्ठ पत्रकार पुण्य प्रसून बाजपेयी की टीम के साथ ‘सूर्या समाचार‘ जॉइन किया, जहां उन्हे गेस्ट को-ऑर्डिनेशन का जिम्मा मिला। यहां अपना योगदान देने के बाद अक्षय शर्मा पहुंचे महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ‘वॉर रूम‘ में, जहां उन्होंने हिंदी कंटेंट राइटर का जिम्मा संभाला और चुनाव होने तक यहां अपनी सेवाएं दीं।
इसके बाद अक्षय का अगला पड़ाव था ‘स्वराज एक्सप्रेस‘ में। यहां भी उन्होंने गेस्ट को-ऑर्डिनेशन विभाग में अपना योगदान देते हुए वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ के कार्यक्रम ‘विनोद दुआ लाइव‘ की जिम्मेदारी संभाली। तकरीबन आठ माह बाद अक्षय ने नई मंजिल तलाशी ‘जी हिन्दुस्तान’ चैनल और फिर यहां से होते हुए मुख्यमंत्री, हरियाणा के मीडिया सलाहकार की टीम में शामिल हुए और अब ‘ZEE UP/UK’ चैनल अपना योगदान देंगे।
अक्षय शर्मा को राष्ट्रपति स्काउट पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। उन्होंने एनसीसी में बटालियन सीनियर की जिम्मेदारी भी निभाई है। वर्ष 2017 में बांग्लादेश में आयोजित फ्रेंडशिप इवेंट में भी अक्षय ने भारत का परचम लहराया था और यहां एशिया पैसिफिक रीजन के मंच पर हिंदी में अपना संबोधन कर वाहवाही लूटी थी।
टैग्स पत्रकार मीडिया चैनल अक्षय शर्मा जी यूपी/यूके