होम / टीवी / TRAI के नोटिस के खिलाफ कानूनी लड़ाई पर विचार कर रहें टीवी ब्रॉडकास्टर्स
TRAI के नोटिस के खिलाफ कानूनी लड़ाई पर विचार कर रहें टीवी ब्रॉडकास्टर्स
टीवी ब्रॉडकास्टर्स ने TRAI के ताजा शो-कॉज नोटिस के खिलाफ एकजुट होकर कानूनी तैयारी शुरू कर दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 months ago
टीवी ब्रॉडकास्टर्स ने TRAI के ताजा शो-कॉज नोटिस के खिलाफ एकजुट होकर कानूनी तैयारी शुरू कर दी है। TRAI ने हाल ही में टीवी चैनलों को 10+2 ऐड कैप यानी हर घंटे सिर्फ 12 मिनट का विज्ञापन दिखाने के नियम के उल्लंघन को लेकर 250 से ज्यादा नोटिस भेजे हैं। लेकिन चैनल कह रहे हैं कि जब ये मामला पहले से ही कोर्ट में चल रहा है तो TRAI किसी तरह की कार्रवाई नहीं कर सकता।
इंडस्ट्री की दो बड़ी बॉडी IBDF और NBDA इस पर मिलकर अगला कदम तय कर रही हैं। माना जा रहा है कि दोनों मिलकर एक संयुक्त कानूनी रणनीति बना सकती हैं।
असल में 2013 में दिल्ली हाई कोर्ट ने साफ कहा था कि जब तक केस पूरी तरह नहीं निपट जाता, TRAI ऐड-कैप नियम पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं करेगा। चैनलों का कहना है कि कोर्ट ने न तो स्टे हटाया है और न ही फैसला दिया है, ऐसे में नोटिस भेजकर कार्रवाई की कोशिश करना कोर्ट के आदेश के खिलाफ है।
TRAI के नोटिस में कहा गया है कि कई चैनल हर हफ्ते विज्ञापन की अवधि का पूरा डेटा जमा नहीं कर रहे और कुछ चैनल 12 मिनट से ज्यादा का ऐड भी चला रहे हैं। लेकिन चैनलों का तर्क है कि जिस नियम को लेकर कोर्ट ने पहले ही रोक लगा रखी है, उसे लागू करने की कोशिश करना गलत है।
ब्रॉडकास्टर्स का यह भी कहना है कि ऐसे समय में जब टीवी इंडस्ट्री बढ़ती लागत, कम होती कमाई और OTT व DD Free Dish की बढ़ती प्रतिस्पर्धा से जूझ रही है, यदि विज्ञापन का समय जबरन कम किया गया तो खासकर फ्री-टू-एयर और रीजनल चैनल गंभीर आर्थिक संकट में पड़ जाएंगे।
टैग्स