होम / टीवी / ABP न्यूज ला रहा है ‘स्पेशल टास्क’, जगविंदर पटियाल करेंगे होस्ट
ABP न्यूज ला रहा है ‘स्पेशल टास्क’, जगविंदर पटियाल करेंगे होस्ट
2 अगस्त 2025 से चैनल पर शुरू हो रहा है एक बेहद दमदार और खोजी शो- 'स्पेशल टास्क', जिसकी मेजबानी करेंगे प्रतिष्ठित व पुरस्कार विजेता पत्रकार जगविंदर पटियाल।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 6 months ago
एबीपी न्यूज टेलीविजन पर 2 अगस्त 2025 से शुरू हो रहा है एक बेहद दमदार और खोजी शो- 'स्पेशल टास्क', जिसकी मेजबानी करेंगे प्रतिष्ठित व पुरस्कार विजेता पत्रकार जगविंदर पटियाल। हर शनिवार रात 8 बजे प्रसारित होने वाला यह शो सिर्फ कहानियां नहीं सुनाएगा, बल्कि आम लोगों के अनकहे संघर्षों को सामने लाएगा, सिस्टम की खामियों को उजागर करेगा और उन सच्चाइयों को जनता के सामने रखेगा जिन पर देशव्यापी बहस की जरूरत है।
'स्पेशल टास्क' का मकसद उन मुद्दों की तह तक पहुंचना है जिन्हें अक्सर मुख्यधारा मीडिया में नजरअंदाज कर दिया जाता है। एबीपी न्यूज की यह पेशकश जमीनी स्तर पर की गई गहन रिपोर्टिंग और चश्मदीद गवाहियों के जरिए कड़वी सच्चाइयों को सामने लाती है। इसके पहले सीजन का शीर्षक है ऑपरेशन- बेटा, जिसमें तीन एक घंटे के एपिसोड होंगे, हर एक कड़ी समाज से जुड़े बेहद संवेदनशील और गंभीर मुद्दों को निर्भीकता से उजागर करेगी। भूले-बिसरे समुदायों की पीड़ा से लेकर संस्थागत लापरवाहियों तक, इस सीरीज का हर हिस्सा दर्शकों को सोचने और सवाल उठाने के लिए मजबूर करेगा।
इस शो की सबसे बड़ी ताक़त हैं जगविंदर पटियाल, जिनके पास 27 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव है। युद्धग्रस्त इलाकों से लेकर राजनीतिक संकट और प्राकृतिक आपदाओं तक, उन्होंने हर मौके पर फील्ड से बेखौफ और गहन रिपोर्टिंग की है। उन्हें रामनाथ गोयनका पत्रकारिता पुरस्कार और बलराज साहनी राष्ट्रीय सम्मान जैसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड मिल चुके हैं। उनकी रिपोर्टिंग की तीव्रता और सच्चाई से जुड़ाव ही 'स्पेशल टास्क' को एक प्रामाणिक और प्रभावशाली शो बनाता है।
चैनल के मुताबिक, 'स्पेशल टास्क' केवल एक शो नहीं, बल्कि एक पत्रकारिता मिशन है- ऐसा मिशन जो दबे हुए सवालों को उजागर करे, सत्ता से जवाब मांगे, और उन सच्चाइयों को सामने लाए जिन पर पर्दा डाल दिया गया है। यह शो बोलने से वंचित लोगों की आवाज बनेगा, सच्ची और साहसी पत्रकारिता के जरिए जमीनी हकीकतों को देश के सामने रखेगा और हर एपिसोड के साथ एक सार्थक संवाद को जन्म देगा।
टैग्स