होम / टीवी / महिला सशक्तिकरण की दिशा में ‘ABP गंगा’ की नई पहल
महिला सशक्तिकरण की दिशा में ‘ABP गंगा’ की नई पहल
उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में अपनी धाक जमा रहा रीजनल हिंदी न्यूज चैनल ‘ABP गंगा’ ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहल शुरू की है, जिसका नाम है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में अपनी धाक जमा रहा रीजनल हिंदी न्यूज चैनल ‘ABP गंगा’ ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहल शुरू की है, जिसका नाम है ‘नारी’। इस स्पेशल टॉक शो के तहत ‘ABP गंगा’ यूपी व उत्तराखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों की ऐसी महिलाओं को एक मंच प्रदान कर रहा है, जिन्होंने खास उपलब्धि हासिल कर समाज में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। इस प्रोग्राम के तहत ऐसी ही प्रेरणास्रोत महिलाओं को अपनी यात्रा व अनुभवों को साझा करने का अवसर मिलेगा।
‘नारी’ प्रोग्राम के तहत ‘ABP गंगा’ की टीम उत्तरप्रदेश व उत्तराखंड के फिलहाल ऐसे 9 शहरों की यात्रा कर रही है, जहां की महिलाओं ने अपने अथक प्रयासों के जरिए समाज पर सकारात्मक प्रभाव डाला हो। इन शहरों में लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, आगरा, मेरठ, गोरखपुर, देहरादून और हल्द्वानी शामिल है।
बता दें कि ‘ABP गंगा’ की यह पहल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर एक भव्य पुरस्कार समारोह के साथ समाप्त होगी, जहां इन महिलाओं को समाज कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने और लोगों के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में कार्य करने के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।
इस प्रोग्राम को लेकर ABP न्यूज नेटवर्क के सीईओ अविनाश पांडे ने कहा, ‘नारी’ सम्मान हमेशा से ABP के लोगों के डीएनए में है। इसलिए यह एक पहल नहीं बल्कि प्रेरणादायी और जोश से भरी उन महिलाओं का सम्मान है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए समाज में अनूठी छाप छोड़ी है और यह पहल ऐसी ही महिलाओं के जीवन पर रोशनी डालता है। उन्होंने आगे कहा कि इस पहल के तहत हम अन्य महिलाओं को भी प्रोत्साहित और सशक्त बनाना चाहते हैं ताकि वे भी अपने योगदान से समाज पर सकारात्मक प्रभाव उत्पन्न करने का प्रयास करें।
टैग्स उत्तराखंड उत्तरप्रदेश ABP गंगा महिला सशक्तिकरण नारी स्पेशल टॉक शो