होम / टेलिस्कोप / सुनील शेट्टी ने बॉम्बे हाईकोर्ट में की पर्सनालिटी राइट्स की रक्षा की गुहार
सुनील शेट्टी ने बॉम्बे हाईकोर्ट में की पर्सनालिटी राइट्स की रक्षा की गुहार
पिछले महीने ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन ने भी इसी तरह के उल्लंघन के खिलाफ याचिका दायर की थी। डिजिटल युग में सेलिब्रिटीज की निजता की रक्षा एक उभरता मुद्दा बन चुका है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 4 months ago
मशहूर अभिनेता सुनील शेट्टी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस दफा किसी फिल्म या सोशल मीडिया पोस्ट के कारण नहीं, बल्कि अपनी और अपनी नातिन इवारा की छवि की सुरक्षा को लेकर। उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर कर व्यक्तित्व अधिकारों (पर्सनालिटी राइट्स) के उल्लंघन के खिलाफ न्याय की मांग की है।
सुनील का आरोप है कि कुछ वेबसाइट्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स व्यावसायिक लाभ के लिए बिना उनकी इजाजत के उनकी और इवारा की फोटोज का दुरुपयोग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इन तस्वीरों से डीपफेक वीडियोज बनाए जा रहे हैं, जो उनकी प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा रहे हैं। याचिका में उन्होंने अदालत से मांग की है कि इन प्लेटफॉर्म्स को तुरंत तस्वीरें हटाने और आगे किसी भी तरह के उपयोग पर रोक लगाने के आदेश दिए जाएं।
व्यक्तित्व अधिकार वह कानूनी सुरक्षा हैं जो किसी व्यक्ति की तस्वीर, नाम, आवाज या हस्तलिखित को अनधिकृत इस्तेमाल से बचाते हैं, ताकि उनकी पहचान और सम्मान की रक्षा हो सके। इस मामले की सुनवाई 10 अक्टूबर को जस्टिस आरिफ डॉक्टर की एकलपीठ ने की, जहां सुनील के वकील बिरेंद्र सराफ ने पक्ष रखा।
अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है, और जल्द ही अंतिम आदेश की उम्मीद है। सुनील से पहले भी कई हस्तियां बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंच चुकी हैं। हाल ही में पिछले महीने ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन ने भी इसी तरह के उल्लंघन के खिलाफ याचिका दायर की थी। डिजिटल युग में सेलिब्रिटीज की निजता की रक्षा एक उभरता मुद्दा बन चुका है, और यह केस इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
टैग्स