होम / टेलिस्कोप / ‘कांतारा’ विवाद में रणवीर सिंह को हाईकोर्ट से राहत: सख्त चेतावनी भी दी
‘कांतारा’ विवाद में रणवीर सिंह को हाईकोर्ट से राहत: सख्त चेतावनी भी दी
कर्नाटक हाई कोर्ट ने ‘कांतारा’ विवाद में रणवीर सिंह को अंतरिम राहत दी है। कोर्ट ने सरकार को दंडात्मक कार्रवाई से रोका, लेकिन अभिनेता को धार्मिक भावनाओं पर टिप्पणी को लेकर सख्त चेतावनी भी दी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 8 hours ago
अभिनेता रणवीर सिंह को ‘कांतारा’ विवाद में कर्नाटक हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार 24 फरवरी को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि अभिनेता के खिलाफ कोई भी दंडात्मक कार्रवाई न की जाए, बशर्ते वह जांच में पूरा सहयोग करें। साथ ही कोर्ट ने सरकार और अन्य प्रतिवादियों को अपनी आपत्तियां दाखिल करने के लिए कहा है।
सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति एम नागप्रसन्ना ने रणवीर को सख्त चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि एक फिल्म स्टार होने के नाते उनका समाज पर व्यापक प्रभाव है और उन्हें अपनी बातों के प्रति जिम्मेदार रहना चाहिए। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अधिकार किसी को नहीं है और केवल माफी मांग लेने से शब्द वापस नहीं लिए जा सकते।
यह मामला पिछले वर्ष गोवा में आयोजित 56वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान सामने आया था। रणवीर ने वहां फिल्म ‘कांतारा 2’ की सराहना करते हुए ऋषभ शेट्टी के किरदार की नकल की थी। इस दौरान उन्होंने कथित रूप से एक देवता को महिला भूत कह दिया था, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया। फिलहाल कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 2 मार्च तक स्थगित कर दी है।
टैग्स