रश्मिका मंदाना की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘मायसा’ 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होगी। फिल्म में अभिनेत्री आदिवासी गोंड लड़की के किरदार में नजर आएंगी।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मायसा’ (Mysa) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रवींद्र पुल्ले (Ravindra Pulle) के निर्देशन में बनी इस एक्शन थ्रिलर (Action Thriller) की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। फिल्म अब इसी साल 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
रिलीज डेट के साथ निर्माताओं ने फिल्म में रश्मिका मंदाना के किरदार की पहली झलक भी साझा की है। पोस्टर सामने आने के बाद अभिनेत्री का इंटेंस अवतार चर्चा में आ गया है। ‘मायसा’ के पोस्टर में रश्मिका बेहद दमदार और आक्रामक अंदाज में दिखाई दे रही हैं। उनके एक हाथ पर खून लगा हुआ है और वह हाथ में भाला पकड़े नजर आ रही हैं। वहीं, दूसरे हाथ में हथकड़ी दिखाई दे रही है।
MYSAA!
— Rashmika Mandanna (@iamRashmika) September 1, 2026
The rage! The pain! The heartache! The grief! The grit! The courage! The power and the storm you don’t anticipate coming - That’s Mysaa! 🔥
In cinemas worldwide on 27.11.26!❤️@RawindraPulle @jakes_bejoy @unformulafilms @TSeries @tseriessouth pic.twitter.com/aaDqspvHE7
पोस्टर के साथ लिखा गया संदेश भी फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ाता है- ‘जब दुनिया जल रही होती है, तब वह उठ खड़ी होती है।’ फिल्म में रश्मिका एक आदिवासी गोंड लड़की की भूमिका निभा रही हैं। इस किरदार को पर्दे पर प्रभावी ढंग से उतारने के लिए अभिनेत्री ने शारीरिक और भावनात्मक स्तर पर काफी मेहनत की है।
रवींद्र पुल्ले के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रश्मिका मंदाना के साथ ईश्वरी राव (Easwari Rao), गुरु सोमासुंदरम (Guru Somasundaram) और राव रमेश (Rao Ramesh) भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
‘अंबर धारा’ फेम कश्मीरा ईरानी जल्द मां बनने वाली हैं। अभिनेत्री ने पति अक्षत सक्सेना के साथ सोशल मीडिया पर अपने पहले बच्चे के आने की खुशखबरी साझा की है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
टीवी की मशहूर अभिनेत्री कश्मीरा ईरानी (Kashmira Irani) जल्द ही मां बनने वाली हैं। ‘अंबर धारा’ (Amber Dhara) से घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री ने पति और अभिनेता अक्षत सक्सेना (Akshat Saxena) के साथ अपने पहले बच्चे के आने की खुशखबरी सोशल मीडिया पर साझा की है। 40 वर्षीय कश्मीरा की इस घोषणा के बाद मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है।
कश्मीरा ईरानी ने इंस्टाग्राम (Instagram) पर अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी एक बेहद रचनात्मक तस्वीर के जरिए दी। छुट्टियों के दौरान ली गई तस्वीर में दो नारियल दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक पर ‘मॉम’ और दूसरे पर ‘डैड’ लिखा हुआ कैप लगाया गया है।
View this post on Instagram
कश्मीरा ईरानी और अक्षत सक्सेना ने 10 फरवरी 2024 को शादी की थी। कश्मीरा ईरानी ने साल 2008 में टीवी शो ‘अंबर धारा’ से मुख्य अभिनेत्री के तौर पर अभिनय की शुरुआत की थी। इस शो में उन्होंने सुलगना पाणिग्रही (Sulagna Panigrahi) के साथ जुड़ी हुई जुड़वां बहनों का किरदार निभाया था।
टेलीविजन के अलावा कश्मीरा कई फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में भी काम कर चुकी हैं। उनके अभिनय सफर में ‘पीके’ (PK), ‘टाइगर जिंदा है’ (Tiger Zinda Hai), ‘रंगून’ (Rangoon), ‘भारत’ (Bharat), ‘मॉडर्न लव मुंबई’ (Modern Love Mumbai), ‘डिटेक्टिव शेरदिल’ (Detective Sherdil) और इम्तियाज अली (Imtiaz Ali) की ‘मैं वापस आऊंगा’ (Main Wapas Aaunga) जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं।
‘अर्जुन रेड्डी’ फेम शालिनी पांडे का एक फर्जी एआई-जेनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। अभिनेत्री ने लोगों से इसे शेयर, डाउनलोड या फॉरवर्ड न करने की अपील की।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
‘अर्जुन रेड्डी’ (Arjun Reddy) से लोकप्रियता हासिल करने वाली अभिनेत्री शालिनी पांडे (Shalini Pandey) डीपफेक (Deepfake) वीडियो का शिकार हो गई हैं। अभिनेत्री का एक एआई-जेनरेटेड (AI-Generated) फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसकी जानकारी मिलने के बाद शालिनी ने इस मामले पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है।
अभिनेत्री ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें यह वीडियो कहीं दिखाई देता है, तो वे इसे आगे शेयर या फॉरवर्ड न करें। उन्होंने वीडियो को डाउनलोड करने और उसके साथ किसी भी तरह का संपर्क करने से भी बचने की सलाह दी है।
शालिनी पांडे ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी (Instagram Story) के जरिए इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो पूरी तरह फर्जी है और उसमें वह मौजूद नहीं हैं।
View this post on Instagram
अभिनेत्री ने कहा कि उनके बारे में इस तरह का मनगढ़ंत एआई वीडियो ऑनलाइन वायरल होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने तकनीक के गलत इस्तेमाल पर भी सवाल उठाया और कहा कि इसका इस्तेमाल खास तौर पर महिलाओं को निशाना बनाने और उन्हें नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।
शालिनी ने यह मुद्दा ऐसे समय में उठाया है, जब डीपफेक और एआई के जरिए तैयार की गई फर्जी सामग्री को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है। किसी व्यक्ति की तस्वीर या वीडियो में डिजिटल तरीके से बदलाव कर उसे गलत संदर्भ में पेश किए जाने को लेकर खास तौर पर महिला कलाकारों की ओर से आवाज उठाई जाती रही है।
तमिल एडिशन की कमान विजय सेतुपति संभालेंगे, जबकि तेलुगु संस्करण को नागार्जुन होस्ट करेंगे। कन्नड़ में किच्चा सुदीप और मलयालम में मोहनलाल दर्शकों के सामने शो लेकर आएंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
जियोस्टार (JioStar) 6 सितंबर को ‘बिग बॉस’ (Bigg Boss) के चार साउथ एडिशन का एक साथ प्रीमियर करने जा रहा है। तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषा में आने वाले इन चारों संस्करणों की मेजबानी अलग-अलग लोकप्रिय सितारे करेंगे। इस बार विजय सेतुपति (Vijay Sethupathi), नागार्जुन (Nagarjuna), किच्चा सुदीप (Kichcha Sudeepa) और मोहनलाल (Mohanlal) शो को होस्ट करते नजर आएंगे।
तमिल एडिशन की कमान विजय सेतुपति संभालेंगे, जबकि तेलुगु संस्करण को नागार्जुन होस्ट करेंगे। कन्नड़ में किच्चा सुदीप और मलयालम में मोहनलाल दर्शकों के सामने शो लेकर आएंगे।
चारों संस्करणों का प्रसारण जियोस्टार के अलग-अलग टीवी चैनलों पर होगा। बिग बॉस तमिल स्टार विजय, बिग बॉस तेलुगु स्टार मां, बिग बॉस कन्नड़ कलर्स कन्नड़ और बिग बॉस मलयालम एशियानेट पर प्रसारित किया जाएगा। इसके साथ ही सभी एडिशन जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर भी स्ट्रीम होंगे।
शो के प्रीमियर से पहले जियोस्टार ने चारों होस्ट को एक साथ दिखाने वाला क्रॉसओवर प्रोमो जारी किया है। प्रोमो में अलग-अलग दक्षिण भारतीय राज्यों के खान-पान से जुड़े मजेदार कन्फ्यूजन के जरिए चारों भाषाई संस्करणों को जोड़ा गया है। इसके साथ ही हर क्षेत्र की अपनी सांस्कृतिक पहचान को भी बनाए रखा गया है।
जियोस्टार के हेड, एंटरटेनमेंट (साउथ) कृष्णन कुट्टी (Krishnan Kutty) ने कहा कि चारों होस्ट का अपने-अपने दर्शकों के साथ अलग और मजबूत रिश्ता है, जो हर क्षेत्र में बिग बॉस की लोकप्रियता का अहम हिस्सा है। उनके मुताबिक, चारों सितारों को एक साथ लाने वाला यह प्रोमो दक्षिण भारत की संस्कृति और उनके व्यक्तित्व से जुड़ा हुआ है।
इस शो से रणविजय (Rannvijay Singha), नेहा धूपिया (Neha Dhupia), प्रिंस नरूला (Prince Narula), रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) और एल्विश यादव (Elvish Yadav) जैसे नाम भी जुड़े रहे हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
नेटफ्लिक्स (Netflix) भारत में अपनी कंटेंट रणनीति का दायरा बढ़ाते हुए टीवी के लोकप्रिय फ्रेंचाइजी शो की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म एमटीवी रोडीज (MTV Roadies) को नेटफ्लिक्स इंडिया पर लाने के लिए जियोस्टार (JioStar) के साथ करीब 18 करोड़ रुपये की डील कर रहा है।
हालांकि, इस संभावित समझौते की आधिकारिक घोषणा अभी नेटफ्लिक्स या जियोस्टार की ओर से नहीं हुई है। अगर यह डील पूरी होती है तो यह भारत में नेटफ्लिक्स की कंटेंट रणनीति में एक और अहम बदलाव का संकेत होगी। इससे पहले प्लेटफॉर्म द्वारा MTV Hustle के पांचवें सीजन के लिए करीब 13 करोड़ रुपये की डील किए जाने की रिपोर्ट सामने आई थी।
नेटफ्लिक्स ने भारत में अपनी शुरुआत के दौर में ‘सेक्रेड गेम्स (Sacred Games)’ और ‘दिल्ली क्राइम (Delhi Crime)’ जैसे प्रीमियम ओरिजिनल्स के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई थी। लेकिन अब भारतीय स्ट्रीमिंग बाजार में जियोहॉटस्टार (JioHotstar), प्राइम वीडियो (Prime Video) और यूट्यूब (YouTube) जैसे प्लेटफॉर्म के बीच मुकाबला काफी बढ़ चुका है।
ऐसे माहौल में पहले से लोकप्रिय टीवी फ्रेंचाइजी नेटफ्लिक्स के लिए बड़ा आकर्षण बन सकती हैं। ‘रोडीज’ जैसे शो के साथ प्लेटफॉर्म को ऐसे दर्शकों तक पहुंचने का मौका मिलता है, जो पहले से इस फॉर्मेट और ब्रांड से परिचित हैं।
एमटीवी रोडीज दो दशक से ज्यादा समय से युवाओं के बीच लोकप्रिय रहा है। शो ने एडवेंचर रियलिटी फॉर्मेट से आगे बढ़ते हुए ऑडिशन, कंटेस्टेंट्स, गैंग लीडर्स, आपसी टकराव और विवादों के जरिए एक बड़ा पॉप-कल्चर फ्रेंचाइजी रूप ले लिया है।
इस शो से रणविजय (Rannvijay Singha), नेहा धूपिया (Neha Dhupia), प्रिंस नरूला (Prince Narula), रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) और एल्विश यादव (Elvish Yadav) जैसे नाम भी जुड़े रहे हैं।
अगर डील अंतिम रूप लेती है, तो ‘रोडीज’ की नेटफ्लिक्स पर मौजूदगी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के लिए बड़े पैमाने के भारतीय मनोरंजन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम होगी।
नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार वापसी की है। 24वें दिन फिल्म ने 12.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
नीम करौली बाबा (Neem Karoli Baba) के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) बॉक्स ऑफिस पर स्लीपर हिट साबित होती नजर आ रही है। शुरुआत में बेहद धीमी कमाई करने वाली इस भक्ति ड्रामा (Devotional Drama) फिल्म ने तीसरे हफ्ते से ऐसी रफ्तार पकड़ी कि इसके आंकड़ों ने सबको हैरान कर दिया है।
फिल्म की ओपनिंग सिर्फ 10 लाख रुपये से हुई थी और पहले दो हफ्तों में भी इसका प्रदर्शन खास नहीं रहा। लेकिन रिलीज के 24वें दिन रविवार को फिल्म ने 12.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन (Net Collection) कर डाला। खास बात यह है कि इसी दिन इसने ‘आवारापन 2’ (Awarapan 2) से करीब 12 गुना ज्यादा कारोबार किया।
Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ ने चौथे रविवार यानी रिलीज के 24वें दिन भारत में 12.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। यह फिल्म की अब तक की सबसे बड़ी एक दिन की कमाई है।
अगर ओपनिंग डे के आंकड़े से तुलना करें तो फिल्म की 24वें दिन की कमाई 12650 फीसदी ज्यादा रही। चौथे वीकेंड में भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया और कुल 28.25 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया। इसमें शुक्रवार को 6.25 करोड़, शनिवार को 9.25 करोड़ और रविवार को 12.75 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है।
‘हनुमान अंश’ को महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है। फिल्म ने 24 दिनों में भारत में 40.13 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन (Gross Collection) 47.33 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
‘हनुमान अंश’ ने चौथे रविवार की कमाई के मामले में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बॉलीवुड फिल्मों की इस सूची में यह तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
इससे आगे ‘धुरंधर’ (Dhurandhar) 22.50 करोड़ रुपये के साथ पहले और ‘धुरंधर 2’ (Dhurandhar 2) 14.50 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं ‘हनुमान अंश’ ने 12.75 करोड़ रुपये के साथ ‘स्त्री 2’ (Stree 2) के 11 करोड़, ‘छावा’ (Chhaava) के 10.75 करोड़ और ‘जवान’ (Jawan) के 9.37 करोड़ रुपये के चौथे रविवार के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
अजय देवगन करीब 14 साल बाद टीवी पर वापसी कर रहे हैं। वह ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन से जुड़ेंगे, जिसका प्रसारण 31 अगस्त से सोनी टीवी और सोनी लिव पर होगा।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अभिनेता अजय देवगन (Ajay Devgn) करीब 14 साल के लंबे अंतराल के बाद टेलीविजन की दुनिया में वापसी करने जा रहे हैं। अभिनेता लोकप्रिय क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ (Crime Patrol) के नए सीजन का हिस्सा बने हैं। इससे पहले वह 2012 में प्रसारित म्यूजिकल ड्रामा शो ‘रामलीला: अजय देवगन के साथ’ (Ramleela: Ajay Devgn Ke Saath) में नजर आए थे।
अजय के टीवी से जुड़ने के साथ वह उन बड़े बॉलीवुड सितारों की सूची में शामिल हो गए हैं, जो इन दिनों छोटे पर्दे पर भी सक्रिय हैं। इस सूची में अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan), सलमान खान (Salman Khan), अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और अनिल कपूर (Anil Kapoor) जैसे नाम शामिल हैं।
‘क्राइम पेट्रोल’ का नया सीजन 31 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। दर्शक इसे रात 10:30 बजे सोनी टीवी (Sony TV) पर देख सकेंगे। इसके साथ ही शो की ओटीटी स्ट्रीमिंग सोनी लिव (Sony Liv) पर भी इसी समय होगी।
‘क्राइम पेट्रोल’ को लंबे समय तक अभिनेता अनूप सोनी (Anup Soni) ने होस्ट किया था और शो के साथ उनकी मजबूत पहचान बन गई थी। अब मेकर्स ने नए सीजन के लिए अजय देवगन को चुना है।
अजय की लोकप्रियता को देखते हुए शो के नए सीजन से काफी उम्मीदें हैं। अब देखने वाली बात होगी कि अभिनेता की मौजूदगी ‘क्राइम पेट्रोल’ को दर्शकों के बीच पहले जैसी चर्चा और लोकप्रियता दिला पाती है या नहीं।
अजय की टीवी पर वापसी ऐसे समय में हो रही है, जब बड़े फिल्मी सितारों और टेलीविजन के बीच की दूरी लगातार कम होती नजर आ रही है। ऐसे में ‘क्राइम पेट्रोल’ का नया सीजन अभिनेता के प्रशंसकों के लिए भी खास होने वाला है।
‘बंटवारा 1947’ के बाद सनी देओल ने अपनी अगली फिल्म ‘एंटनी’ की शूटिंग शुरू कर दी है। फिल्म में वह पुलिस अधिकारी की भूमिका में हाई-ऑक्टेन एक्शन करते नजर आएंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
सनी देओल (Sunny Deol) इन दिनों अपनी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ (Bantwara 1947) को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। 14 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने अब तक करीब 53.77 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसी बीच सनी ने अपना ध्यान अगली फिल्म की ओर कर लिया है और ‘एंटनी’ (Antony) की शूटिंग शुरू कर दी है।
बालाजी गणेश (Balaji Ganesh) के निर्देशन में बन रही ‘एंटनी’ एक एक्शन-थ्रिलर (Action Thriller) फिल्म है। इसका निर्माण फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) अपने प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट (Excel Entertainment) के बैनर तले कर रहे हैं।
मिड-डे (Mid-Day) की रिपोर्ट के मुताबिक, सनी देओल ने 26 अगस्त को मुंबई की फिल्म सिटी (Film City) में ‘एंटनी’ की शूटिंग दोबारा शुरू की। फिलहाल फिल्म की टीम हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस (High-Octane Action Sequence) पर काम कर रही है।
फिल्म में सनी एक पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखाई देंगे। उनकी भूमिका एक आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश करने वाले पुलिसवाले की है। शूटिंग के मौजूदा शेड्यूल में कार चेज (Car Chase) से जुड़े कई रोमांचक दृश्य फिल्माए जा रहे हैं।
एक्शन डायरेक्टर रवि वर्मा (Ravi Verma) की निगरानी में इन दृश्यों को तैयार किया जा रहा है। खास बात यह है कि फिल्म के कई एक्शन सीक्वेंस का बड़ा हिस्सा सनी देओल खुद करने वाले हैं। तेज रफ्तार गाड़ियों के पीछा करने वाले दृश्यों में भी अभिनेता की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलेगी।
‘एंटनी’ की स्टारकास्ट में सनी देओल के साथ ज्योतिका (Jyotika) और विजय वर्मा (Vijay Varma) भी शामिल हैं। विजय वर्मा फिल्म में विलेन की भूमिका निभाएंगे। ऐसे में सनी के पुलिस अधिकारी वाले किरदार और विजय के नकारात्मक चरित्र के बीच टकराव कहानी का अहम हिस्सा होने वाला है।
‘सीआईडी’ के बंद होने के सालों बाद दयानंद शेट्टी ने इसकी वजह बताई। अभिनेता के मुताबिक, प्रोड्यूसर बदलने को लेकर चैनल और कलाकारों के बीच मतभेद हुआ था।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
टेलीविजन का लोकप्रिय क्राइम शो ‘सीआईडी’ (CID) लंबे समय तक दर्शकों का पसंदीदा रहा है। शिवाजी साटम (Shivaji Satam), दयानंद शेट्टी (Dayanand Shetty), आदित्य श्रीवास्तव (Aditya Srivastava) और दिनेश फडनीस (Dinesh Phadnis) जैसे कलाकारों से सजे इस शो ने 1998 में शुरुआत की थी और 2018 तक दर्शकों का मनोरंजन किया।
जब 2024 में यह शो दोबारा टेलीविजन पर लौटा, तो पुराने प्रशंसकों में काफी उत्साह देखने को मिला। वहीं, शो के पहले बंद होने की वजह को लेकर भी लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। अब दया का किरदार निभाने वाले दयानंद शेट्टी ने एक बातचीत में 2018 में शो के बंद होने के पीछे की वजह पर खुलकर बात की है।
सिद्धार्थ कनन (Siddharth Kannan) के साथ बातचीत में दयानंद शेट्टी ने बताया कि ‘सीआईडी’ के बंद होने की प्रक्रिया अचानक नहीं शुरू हुई थी। उनके मुताबिक, समस्या करीब 2016 में शुरू हुई, जब चैनल प्रोड्यूसर बदलना चाहता था।
दयानंद ने बताया कि शो की टीम और प्रोड्यूसर के बीच लंबे समय से बेहद सहज रिश्ता था। कलाकारों ने प्रोड्यूसर के साथ करीब 21 साल तक काम किया था और उनके बीच औपचारिक कॉन्ट्रैक्ट भी नहीं था। ऐसे में प्रोड्यूसर को बदलने का चैनल का फैसला कलाकारों को पसंद नहीं आया।
अभिनेता के मुताबिक, कलाकार इस बदलाव के लिए तैयार नहीं थे और उन्होंने चैनल के फैसले का विरोध किया। यही विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि शो को बंद करने की स्थिति बन गई।
दयानंद ने बातचीत में दिवंगत गायिका लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) के शो से जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि लता मंगेशकर को ‘सीआईडी’ काफी पसंद था और शो बंद होने के समय उन्होंने चैनल से इस मुद्दे पर बात भी की थी।
चोट से उबर चुके कार्तिक आर्यन जल्द ‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग शुरू करेंगे। शिमित अमीन के निर्देशन में बन रही फिल्म की शूटिंग एक सितंबर से लंदन में शुरू होने की खबर है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अभिनेता कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) की चोट के कारण उनकी कई फिल्मों की शूटिंग प्रभावित हुई थी। अब अभिनेता के प्रशंसकों के लिए राहत की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि कार्तिक अपनी चोट से काफी हद तक उबर चुके हैं और जल्द ही काम पर वापसी करने वाले हैं।
कार्तिक अब शिमित अमीन (Shimit Amin) के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ (Captain India) की शूटिंग शुरू करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता 1 सितंबर से लंदन में इस फिल्म के अगले शेड्यूल की शूटिंग में हिस्सा ले सकते हैं।
‘कैप्टन इंडिया’ एक स्पोर्ट्स ड्रामा बायोपिक (Sports Drama Biopic) है, जिसकी कहानी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म की घोषणा साल 2021 में फिल्मकार हंसल मेहता (Hansal Mehta) के साथ की गई थी। हालांकि, बाद में हंसल मेहता इस प्रोजेक्ट से निर्देशक के तौर पर अलग हो गए।
इसके बाद ‘चक दे इंडिया’ (Chak De India) जैसी चर्चित फिल्म का निर्देशन कर चुके शिमित अमीन को इस प्रोजेक्ट की कमान सौंपी गई। उनके लिए भी यह फिल्म खास है, क्योंकि वह करीब 17 साल बाद निर्देशन की दुनिया में वापसी कर रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की शूटिंग 1 सितंबर से लंदन में शुरू होगी और मेकर्स अक्टूबर के अंत तक इसका शूटिंग शेड्यूल पूरा करने की योजना बना रहे हैं। कार्तिक के चोट से उबरने के बाद इस प्रोजेक्ट पर दोबारा काम शुरू होना उनके व्यस्त फिल्मी शेड्यूल के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
‘कैप्टन इंडिया’ की स्टारकास्ट को लेकर भी पहले जानकारी सामने आ चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दक्षिण भारतीय सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री पार्वती थिरुवोथु (Parvathy Thiruvothu) फिल्म में कार्तिक आर्यन के साथ अहम भूमिका में दिखाई देंगी।
सोनी म्यूजिक पब्लिशिंग और वार्नर चैपल समेत कई संगीत प्रकाशकों ने एंथ्रोपिक पर कॉपीराइट रचनाओं के कथित अवैध इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए मुकदमा किया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence) कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) एक नए कॉपीराइट विवाद में घिर गई है। सोनी म्यूजिक पब्लिशिंग (Sony Music Publishing), वार्नर चैपल (Warner Chappell) और कई अन्य संगीत प्रकाशकों ने कंपनी के साथ-साथ उसके सह-संस्थापकों डारियो अमोदेई (Dario Amodei) और बेंजामिन मान (Benjamin Mann) के खिलाफ मुकदमा दायर किया है।
मामला कैलिफोर्निया के उत्तरी जिले की जिला अदालत (District Court) में दर्ज किया गया है। इसकी जानकारी सबसे पहले म्यूजिक बिजनेस वर्ल्डवाइड (Music Business Worldwide) की रिपोर्ट के जरिए सामने आई।
संगीत प्रकाशकों ने एंथ्रोपिक पर आरोप लगाया है कि कंपनी ने अपने क्लाउड (Claude) मॉडल को प्रशिक्षित करने के लिए बड़ी संख्या में कॉपीराइट वाली रचनाओं का इस्तेमाल किया। शिकायत में कंपनी पर टोरेंटिंग (Torrenting), स्क्रैपिंग (Scraping) और डाउनलोडिंग (Downloading) के जरिए कॉपीराइट सामग्री हासिल करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
प्रकाशकों का दावा है कि एंथ्रोपिक ने हजारों कॉपीराइट वाली रचनाओं का इस्तेमाल अपने एआई मॉडल की ट्रेनिंग (AI Training) में किया। आरोपों में यह भी कहा गया है कि कंपनी ने गैर-कानूनी टोरेंटिंग के जरिए किताबों की लाखों प्रतियां हासिल कीं।
इन किताबों में गाने के बोल (Lyrics) और म्यूजिक शीट (Music Sheets) वाली किताबें भी शामिल होने का आरोप लगाया गया है। संगीत प्रकाशकों ने इस कथित गतिविधि को कॉपीराइट अधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताया है।
मामले पर एंथ्रोपिक के प्रवक्ता ने टेकक्रंच (TechCrunch) को ईमेल के जरिए प्रतिक्रिया दी। कंपनी ने संगीत प्रकाशकों के आरोपों से असहमति जताई है। प्रवक्ता ने कहा कि एंथ्रोपिक इन दावों से सहमत नहीं है और अदालत (Court) में मजबूती के साथ अपना पक्ष रखेगी। यानी फिलहाल कंपनी ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को स्वीकार नहीं किया है।