होम / टेलिस्कोप / वीकेंड पर चली यामी–इमरान की ‘हक’ : तीन दिनों में कमाए 8.41 करोड़ रूपये
वीकेंड पर चली यामी–इमरान की ‘हक’ : तीन दिनों में कमाए 8.41 करोड़ रूपये
यामी गौतम और इमरान हाशमी की फिल्म ‘हक’, जो विवादित शाहबानो केस पर आधारित है, धीमी शुरुआत के बाद वीकेंड पर रफ्तार पकड़ने में सफल रही। तीन दिनों में फिल्म ने 8.41 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 months ago
यामी गौतम और इमरान हाशमी स्टारर फिल्म ‘हक’ 7 नवंबर को रिलीज हुई। यह फिल्म उस ऐतिहासिक शाहबानो केस पर आधारित है, जिसने एक समय देशभर में बहस और विवाद को जन्म दिया था। मुसलमान पर्सनल लॉ के खिलाफ खड़ी एक महिला की कहानी को दर्शाते इस कोर्टरूम ड्रामा को रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित शुरुआत नहीं मिली, लेकिन दर्शकों की सराहना ने फिल्म को वीकेंड पर मजबूती दी।
पहले दिन फिल्म ने 1.75 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके बाद शनिवार को माउथ पब्लिसिटी का असर दिखा और कारोबार में 91.43% की उछाल दर्ज की गई, जिसके साथ कलेक्शन 3.35 करोड़ रुपये पहुंच गया। तीसरे दिन यानी रविवार को भी दर्शकों ने थिएटर का रुख किया और फिल्म ने 3.31 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
कुल मिलाकर ‘हक’ ने तीन दिनों में 8.41 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया है। हालांकि असली चुनौती सोमवार से शुरू होगी, क्योंकि वीकडे में दर्शकों की संख्या स्वाभाविक रूप से कम रहती है। इसके साथ ही फिल्म को थामा और बाहुबली: द एपिक जैसी फिल्मों से भी मुकाबला करना पड़ रहा है।
बावजूद इसके, शुरुआती बॉक्स ऑफिस ट्रेंड्स बताते हैं कि कहानी की गहराई और मजबूत परफॉर्मेंस के कारण दर्शक ‘हक’ को पसंद कर रहे हैं। सुपर्ण एस वर्मा द्वारा निर्देशित इस फिल्म में यामी गौतम और इमरान हाशमी ने सशक्त अभिनय से कहानी को जीवंत बना दिया है। शुरुआती विवादों के बावजूद फिल्म का बॉक्स ऑफिस सफर उम्मीद जगाने वाला साबित हो रहा है।
टैग्स