होम / टेलिस्कोप / प्रसिद्ध फिल्मकार प्रेम सागर का 84 वर्ष की आयु में निधन
प्रसिद्ध फिल्मकार प्रेम सागर का 84 वर्ष की आयु में निधन
उन्होंने अपने पिता के प्रोडक्शन हाउस ‘सागर आर्ट्स’ के तहत कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों और फिल्मों में काम किया। फिल्म और टेलीविजन की दुनिया में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 5 months ago
रामानंद सागर के पुत्र और प्रख्यात फिल्मकार प्रेम सागर का रविवार सुबह 84 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें रविवार सुबह घर लाया गया, जहाँ उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार दोपहर तीन बजे जुहू के पवन हंस श्मशान घाट में किया गया।
प्रेम सागर का जन्म एक फिल्मी परिवार में हुआ और उन्होंने अपनी पढ़ाई पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से की थी। साल 1968 के बैच से पासआउट होने के बाद उन्होंने सिनेमैटोग्राफी और फोटोग्राफी में गहरी पकड़ बनाई। उन्होंने अपने पिता के प्रोडक्शन हाउस ‘सागर आर्ट्स’ के तहत कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों और फिल्मों में काम किया।
फिल्म और टेलीविजन की दुनिया में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने न केवल पर्दे के पीछे निर्देशन और तकनीकी विशेषज्ञता दिखाई, बल्कि भारतीय दर्शकों को कई यादगार कृतियाँ दीं। उनके निधन पर पूरी फिल्म इंडस्ट्री शोक में डूब गई है।
अभिनेता अरुण गोविल, जिन्होंने ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाई थी, ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए कहा, प्रेम सागर जी का निधन बेहद दुखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और परिवार को इस क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें। प्रेम सागर का जाना भारतीय सिनेमा और टेलीविजन जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
टैग्स