होम / टेलिस्कोप / कॉमेडियन जाकिर खान पिछले एक साल से बीमार, लंबे ब्रेक का ऐलान
कॉमेडियन जाकिर खान पिछले एक साल से बीमार, लंबे ब्रेक का ऐलान
दरअसल, अपनी कॉमेडी से दुनिया को हंसाने वाले जाकिर पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे हैं और इस वजह से अब उन्होंने स्टेज शोज से ब्रेक लेने की घोषणा कर दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 5 months ago
भारत के मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने अपने फैंस को चौंकाते हुए घोषणा की है कि वे स्वास्थ्य कारणों से लंबा ब्रेक ले रहे हैं। जाकिर खान ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश में बताया कि वे पिछले एक साल से अस्वस्थ चल रहे हैं, लेकिन पेशेवर जिम्मेदारियों की वजह से लगातार शो करते रहे।
उन्होंने लिखा, पिछले एक साल से बीमार हूँ। मैं काम करता रहा, शो करता रहा, लेकिन अब महसूस किया कि अगर मैंने अभी अपनी सेहत पर ध्यान नहीं दिया, तो बहुत देर हो जाएगी। इसलिए यह निर्णय समय रहते लेना जरूरी था। हालांकि, जाकिर ने फैंस को खुशखबरी भी दी कि उनका सीमित भारत दौरा "Papa Yaar India Tour" अक्टूबर 2025 से शुरू होगा और जनवरी 2026 तक चलेगा।
इस दौरे के बाद वे लंबा ब्रेक लेंगे और पूरी तरह से स्वास्थ्य लाभ पर ध्यान केंद्रित करेंगे। जाकिर खान की इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस ने उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना की। कई बड़े कलाकारों ने भी उनकी इस पहल का समर्थन किया और कहा कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य सबसे पहले होना चाहिए।
जाकिर की बात करें तो कॉमेडियन ने साल 2012 में 'कॉमेडी सेंट्रल' में भारत के सर्वश्रेष्ठ स्टैंड-अप कॉमेडियन का खिताब जीतकर लोकप्रियता हासिल की थी। जाकिर लोगों के बीच अपने वीडियो के चलते सुर्खियों में बने रहते हैं। उन्होंने अब तक OTT पर 'हक से सिंगल', 'कक्षा ग्यारवी', 'तथास्तु' और 'मनपसंद' जैसे स्टैंडअप स्पेशल जारी किए हैं।
टैग्स