होम / टेलिस्कोप / कलर येलो प्रोडक्शंस व भानुशाली स्टूडियोज मिलकर ला रहे नया सिनेमा
कलर येलो प्रोडक्शंस व भानुशाली स्टूडियोज मिलकर ला रहे नया सिनेमा
फिल्ममेकर आनंद एल राय के प्रोडक्शन हाउस कलर येलो ने विनोद भानुशाली की भानुशाली स्टूडियोज लिमिटेड के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत ऐसे सिनेमा को बढ़ावा दिया जाएगा
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 7 months ago
फिल्ममेकर आनंद एल राय के प्रोडक्शन हाउस कलर येलो ने विनोद भानुशाली की भानुशाली स्टूडियोज लिमिटेड के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत ऐसे सिनेमा को बढ़ावा दिया जाएगा जो नए स्वर, पारंपरिक ढांचों को तोड़ती कहानियां और बड़े पर्दे के लायक सशक्त अनुभव लेकर आए। इस सहयोग की शुरुआत हो रही है फिल्म ‘तू या मैं’ से एक हाई-कॉन्सेप्ट, हाई-इमोशन, डेट-फ्राइट फिल्म जो किसी एक शैली में समा ही नहीं सकती।
इस फिल्म में पहली बार साथ नजर आएंगे शनाया कपूर और आदर्श गौरव की नई जोड़ी और इसका निर्देशन कर रहे हैं बेजॉय नाम्बियार। फिल्म एक हल्की-फुल्की मुलाकात से शुरू होकर एक सर्वाइवल थ्रिलर में तब्दील हो जाती है, जिसकी पृष्ठभूमि में संगीत, पागलपन और प्रकृति की अनिश्चितता का अनोखा मेल देखने को मिलेगा।
‘तू या मैं’ एक ऐसी कहानी है जो रोमांस और सर्वाइवल को इस तरह मिलाती है कि वह शैली की हर परिभाषा को चुनौती देती है। इसका संगीत, जिसमें रैप, बीट ड्रॉप्स और बेहद प्रभावशाली साउंड डिज़ाइन शामिल है, फिल्म को युवा दर्शकों के लिए एक बोल्ड सिनेमाई अनुभव में बदल देता है।
इस प्रोजेक्ट को प्रोड्यूस कर रहे हैं आनंद एल राय, हिमांशु शर्मा, विनोद भानुशाली और कमलेश भानुशाली। फिल्म में राय और शर्मा के जमीन से जुड़े मानवीय ड्रामा और नाम्बियार की स्टाइलिश, रफ-एज फिल्ममेकिंग का गजब का संतुलन नजर आएगा। ‘तू या मैं’ को वेलेंटाइन्स डे 2026 पर रिलीज़ किया जाएगा, और इसे पहले से ही अगले साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिना जा रहा है।
फिल्म को लेकर अपने विचार साझा करते हुए आनंद एल राय ने कहा, “हर फिल्म के साथ हम इस बात की सीमा को और आगे ले जाना चाहते हैं कि कहानियां कैसी महसूस हो सकती हैं। ‘तू या मैं’ उसी दिशा में एक साहसी और चौंकाने वाला कदम है। भानुशाली स्टूडियोज के साथ इस साझेदारी की शुरुआत को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं, क्योंकि वे भी हमारी तरह अप्रत्याशित को खोजने में विश्वास रखते हैं।”
वहीं विनोद भानुशाली ने कहा, “हम जो भी करते हैं, उसके केंद्र में ऐसी कहानियों को सामने लाने की चाह होती है जो दर्शकों को भीतर तक छू जाएं। कलर येलो के साथ हमारी यह साझेदारी रचनात्मक जोखिम और सारगर्भित कंटेंट के प्रति साझा जुनून पर आधारित है। ‘तू या मैं’ के साथ हम एक बेहद रोमांचक, भावनात्मक और असाधारण रूप से साहसी अनुभव में उतर रहे हैं।”
कलर येलो और भानुशाली स्टूडियोज की यह साझेदारी एक ऐसी लाइन-अप तैयार कर रही है जो विविधता, निर्देशन की स्पष्ट दृष्टि और हर मोड़ पर चौंकाने वाली कहानी कहने की क्षमता पर केंद्रित है। यदि ‘तू या मैं’ कोई संकेत है, तो यह साझेदारी अभी शुरुआत भर है और ये पारंपरिक रास्तों पर चलने नहीं आई है।
टैग्स