पुष्पा 2 की जबरदस्त सफलता के बाद अल्लू अर्जुन ने मकर संक्रांति पर अपनी नई फिल्म का ऐलान किया है। इस बार वे साउथ के चर्चित निर्देशक लोकेश कनगराज के साथ काम करेंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन उनकी आने वाली फिल्मों को लेकर चर्चाएं लगातार बनी हुई हैं। ‘पुष्पा 2’ की ऐतिहासिक कामयाबी के बाद अब मकर संक्रांति के खास मौके पर उनकी एक और नई फिल्म का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। इस बार अल्लू अर्जुन ने तमिल सिनेमा के चर्चित निर्देशक लोकेश कनगराज के साथ हाथ मिलाया है।
यह बिग बजट फिल्म मिथ्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बनेगी। इस प्रोडक्शन हाउस ने पहले भी ‘पुष्पा: द राइज’ और ‘पुष्पा 2: द रूल’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का निर्माण किया है। फिल्म का टाइटल अभी तय नहीं किया गया है, लेकिन मेकर्स ने इसे भारतीय सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक सहयोग बताया है।
फिल्म की शूटिंग साल के अंत तक शुरू होने की संभावना है। संगीत की जिम्मेदारी मशहूर कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर संभालेंगे। वर्क फ्रंट की बात करें तो अल्लू अर्जुन जल्द ही निर्देशक एटली की फिल्म AA22xA6 में दीपिका पादुकोण के साथ नजर आएंगे। वहीं लोकेश कनगराज अपनी दमदार एक्शन फिल्मों के लिए पहचाने जाते हैं, जिससे दर्शकों की उम्मीदें इस नए प्रोजेक्ट से और बढ़ गई हैं।
मुंबई स्थित नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने पेमेंट डिफॉल्ट के मामले में 'रिलायंस एंटरटेनमेंट स्टूडियोज' (Reliance Entertainment Studios) को इंसॉल्वेंसी प्रक्रिया में भेजने का आदेश दिया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
फिल्म ‘Auron Mein Kahan Dum Tha’ की फाइनेंसिंग से जुड़ा मामला अब कानूनी मोड़ ले चुका है। मुंबई स्थित नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने पेमेंट डिफॉल्ट के मामले में 'रिलायंस एंटरटेनमेंट स्टूडियोज' (Reliance Entertainment Studios) को इंसॉल्वेंसी प्रक्रिया में भेजने का आदेश दिया है। यह मामला 11.94 करोड़ रुपये के कथित बकाये से जुड़ा है।
NCLT ने 19 अगस्त को दिए अपने आदेश में कहा कि फिल्म की रिलीज के लिए Pen India की ओर से दिए गए 20 करोड़ रुपये को Insolvency and Bankruptcy Code (IBC) के तहत ‘Financial Debt’ माना जा सकता है। इसके बाद ट्रिब्यूनल ने कंपनी पर मोरेटोरियम लागू कर दिया और उमेश बालाराम सोनकर को Interim Resolution Professional (IRP) नियुक्त किया है।
हालांकि, NCLT ने यह भी साफ किया है कि उसने अभी Pen India को दिए जाने वाले बकाये की अंतिम रकम तय नहीं की है। अब इंसॉल्वेंसी प्रक्रिया के दौरान IRP Pen India के दावे की जांच करेगा और उसके बाद दावे की रकम तय प्रक्रिया के तहत सामने आएगी।
20 करोड़ रुपये का था मामला
Pen India ने नवंबर 2022 में हुए एक सिक्योरिटी डिपॉजिट एग्रीमेंट के तहत 'रिलायंस एंटरटेनमेंट स्टूडियोज' को 20 करोड़ रुपये दिए थे। समझौते में इस रकम को 21% सालाना ब्याज, मासिक कंपाउंडिंग के साथ वापस करने की शर्त रखी गई थी।
इसके बाद Reliance से आंशिक रूप से जुड़ी कंपनी Friday Filmworks ने अक्टूबर 2023 में Pen India को 15 करोड़ रुपये का भुगतान किया। Pen India का दावा था कि इसके बाद 4.49 करोड़ रुपये का मूलधन और 7.44 करोड़ रुपये का ब्याज बकाया रह गया था।
Reliance ने क्या दलील दी?
'रिलायंस एंटरटेनमेंट स्टूडियोज' ने इंसॉल्वेंसी याचिका का विरोध किया। कंपनी का कहना था कि 20 करोड़ रुपये के भुगतान को समझौते में साफ तौर पर Security Deposit बताया गया था, इसलिए इसे लोन या वित्तीय कर्ज नहीं माना जाना चाहिए।
कंपनी ने यह भी दलील दी कि एक कॉन्ट्रैक्चुअल प्रावधान के तहत किसी तीसरे पक्ष के सैटेलाइट या डिजिटल राइट्स प्रदाता के जरिए भुगतान किया जा सकता था और इस व्यवस्था के तहत उसकी जिम्मेदारी खत्म हो गई थी।लेकिन NCLT ने दोनों दलीलों को स्वीकार नहीं किया।
समझौते में नाम से ज्यादा मायने रखता है लेन-देन का असली स्वरूप
ट्रिब्यूनल ने कहा कि किसी लेन-देन को सिर्फ समझौते में इस्तेमाल किए गए नाम से तय नहीं किया जा सकता। यह देखना जरूरी है कि लेन-देन का असल स्वरूप और उसका व्यावसायिक प्रभाव क्या है।
NCLT ने माना कि इस मामले की व्यवस्था में उधार यानी Borrowing की जरूरी विशेषताएं मौजूद थीं। इसलिए 20 करोड़ रुपये के भुगतान को IBC के तहत Financial Debt माना गया।
तीसरे पक्ष के जरिए भुगतान से जुड़ी दलील को भी NCLT ने खारिज कर दिया। ट्रिब्यूनल के मुताबिक यह प्रावधान 'रिलायंस एंटरटेनमेंट स्टूडियोज' की मूल भुगतान जिम्मेदारी को खत्म नहीं करता था, बल्कि बकाया चुकाने का एक वैकल्पिक तरीका उपलब्ध कराता था।
कंपनी ने खुद कई बार बकाया स्वीकार किया
NCLT ने Reliance के बाद के व्यवहार को भी महत्वपूर्ण माना। ट्रिब्यूनल के मुताबिक 15 करोड़ रुपये के भुगतान के बाद कंपनी ने कई मौकों पर बकाया रकम को स्वीकार किया और भुगतान का शेड्यूल भी प्रस्तावित किया था।
अप्रैल 2024 में कंपनी ने बकाया रकम को दो किस्तों में चुकाने का प्रस्ताव रखा था। पहली किस्त 30 जून और दूसरी 30 सितंबर 2024 तक देने की बात कही गई थी। बाद में कंपनी ने भुगतान योजना बदलकर तीन किस्तों का प्रस्ताव दिया और अंतिम भुगतान की तारीख 31 दिसंबर 2024 रखी। हालांकि, इनमें से कोई भी भुगतान योजना पूरी नहीं हो सकी।
NCLT के मुताबिक, कंपनी की ओर से बकाया स्वीकार करने और भुगतान की योजनाएं देने का व्यवहार इस बाद की दलील से मेल नहीं खाता कि उस पर कोई रकम बकाया ही नहीं थी।
‘अनलाइसेंस्ड मनीलेंडर’ वाली दलील भी खारिज
Reliance ने यह तर्क भी दिया था कि Pen India महाराष्ट्र के Money-Lending (Regulation) Act, 2014 के तहत बिना लाइसेंस के मनीलेंडिंग का कारोबार कर रही थी।
NCLT ने इस दलील को भी खारिज कर दिया। ट्रिब्यूनल को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला कि Pen India नियमित तौर पर मनीलेंडिंग का कारोबार करती थी। NCLT ने कहा कि यहां किया गया लेन-देन एक खास फिल्म प्रोजेक्ट से जुड़ी व्यावसायिक व्यवस्था थी।
‘डिफॉल्ट डिस्प्यूटेड’ होने की दलील भी नहीं मानी
Reliance ने यह भी बताया था कि National E-Governance Services Limited, जो एक Information Utility है, ने कथित डिफॉल्ट को ‘Disputed’ के तौर पर रिकॉर्ड किया था।
NCLT ने कहा कि इससे Section 7 के तहत इंसॉल्वेंसी आवेदन अपने आप खारिज नहीं होता। ट्रिब्यूनल ने Section 7 की कार्यवाही और Section 9 की कार्यवाही में अंतर भी स्पष्ट किया, जहां पहले से मौजूद विवाद कुछ परिस्थितियों में आवेदन खारिज करने का आधार बन सकता है।
अब इंसॉल्वेंसी प्रक्रिया में तय होगी बकाये की रकम
सभी दलीलों पर विचार करने के बाद NCLT ने Pen India की इंसॉल्वेंसी याचिका स्वीकार कर ली और 'रिलायंस एंटरटेनमेंट स्टूडियोज' के खिलाफ Corporate Insolvency Resolution Process (CIRP) शुरू करने का आदेश दिया।
हालांकि, Pen India को आखिरकार कितनी रकम मिलनी है, यह अभी तय नहीं हुआ है। अब नियुक्त Interim Resolution Professional कंपनी के दावों और देनदारियों की जांच करेगा और इंसॉल्वेंसी प्रक्रिया के दौरान Pen India के दावे की पुष्टि की जाएगी।
इस तरह ‘Auron Mein Kahan Dum Tha’ की फाइनेंसिंग से शुरू हुआ यह विवाद अब 'रिलायंस एंटरटेनमेंट स्टूडियोज' की इंसॉल्वेंसी प्रक्रिया तक पहुंच गया है। आगे की प्रक्रिया में ही बकाये की अंतिम रकम और उसके भुगतान को लेकर स्थिति साफ होगी।
गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं। साजिद खान की हॉरर-कॉमेडी ‘हीरो की हॉररिन’ में नितांशी गोयल भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
लंबे समय से बॉलीवुड में डेब्यू को लेकर चर्चा में रहे गोविंदा (Govinda) के बेटे यशवर्धन आहूजा (Yashvardhan Ahuja) अब आखिरकार बड़े पर्दे पर अपनी शुरुआत करने जा रहे हैं। उनकी पहली फिल्म का आधिकारिक ऐलान हो गया है। साजिद खान (Sajid Khan) के निर्देशन में बनने वाली इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म का नाम ‘हीरो की हॉररिन’ (Hero Ki Horrorin) रखा गया है।
फिल्म का निर्माण एकता कपूर (Ekta Kapoor) और अमर बुटाला (Amar Butala) मिलकर कर रहे हैं। जय हो मीडिया वेंचर्स प्रोडक्शन (Jai Ho Media Ventures Production) के बैनर तले तैयार होने वाली इस फिल्म को बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड (Balaji Telefilms Limited) प्रस्तुत कर रही है।
फिल्म के कलाकारों को लेकर भी जानकारी सामने आ गई है। यशवर्धन के साथ नितांशी गोयल (Nitanshi Goel) मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। नितांशी को आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म ‘लापता लेडीज’ (Laapataa Ladies) में अपने अभिनय के लिए खास पहचान मिली थी।
फिल्म में यशवर्धन और नितांशी के अलावा सुनीता आहूजा (Sunita Ahuja), जेमी लीवर (Jamie Lever), चंकी पांडे (Chunky Panday), बृजेंद्र काला (Brijendra Kala) और सिमरत कौर रंधावा (Simrat Kaur Randhawa) भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट भी तय कर दी है। ‘हीरो की हॉररिन’ को 7 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है। लंबे समय से यशवर्धन के बड़े पर्दे पर आने का इंतजार कर रहे प्रशंसकों के बीच इस घोषणा के बाद उत्सुकता बढ़ गई है।
‘लापता लेडीज’ से चर्चा में आए सतेंद्र सोनी ने ‘पेड पालकी’ की शूटिंग के दौरान फीस न देने, मारपीट, धमकी और बंधक बनाने के आरोप लगाए हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
फिल्म ‘लापता लेडीज’ (Laapataa Ladies) से पहचान बनाने वाले अभिनेता सतेंद्र सोनी (Satendra Soni) ने फिल्म निर्माता-निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह (Pushpendra Singh) और अभिनेत्री प्रगति चौहान (Pragati Chauhan) के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है।
अभिनेता ने आरोप लगाया है कि फिल्म ‘पेड पालकी’ (Paid Palki) की शूटिंग के दौरान उन्हें फीस का भुगतान नहीं किया गया। इसके अलावा उनके साथ मारपीट, धमकी देने और अवैध रूप से बंधक बनाने जैसी गंभीर घटनाएं भी हुईं।
इस मामले में ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने सतेंद्र सोनी और उनके साथी अभिनेता श्रीधर दुबे (Sridhar Dubey) का समर्थन किया है। संगठन के मुताबिक, मध्य प्रदेश के मैहर में ‘पेड पालकी’ की शूटिंग के दौरान दोनों कलाकारों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उन्हें अवैध रूप से बंधक बनाया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी देने और मेहनताना नहीं देने के भी आरोप सामने आए हैं।
संगठन के प्रयासों के बाद 20 अगस्त 2026 को मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में पुष्पेंद्र सिंह और प्रगति चौहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। AICWA ने निष्पक्ष जांच के साथ-साथ मामले से जुड़े गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
सतेंद्र सोनी इससे पहले ‘डॉक्टर जी’ (Doctor G), ‘बवाल’ (Bawaal), ‘रात अकेली है’ (Raat Akeli Hai) और ‘हैलो बच्चों’ (Hello Bachchon) जैसे प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुके हैं। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता किरण राव (Kiran Rao) के निर्देशन में बनी फिल्म ‘लापता लेडीज’ से मिली। यह फिल्म आमिर खान (Aamir Khan) के प्रोडक्शन से जुड़ी थी और ऑस्कर (Oscar) में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर भी चुनी गई थी।
निमिषा सजयन, बरुण सोबती और अंशुमान पुष्कर स्टारर इन्वेस्टिगेटिव क्राइम-ड्रामा ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ का ट्रेलर जारी हो गया है। फिल्म 28 अगस्त 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अमेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) की आगामी इन्वेस्टिगेटिव क्राइम-ड्रामा फिल्म ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ (Babita Singh Reporting) का ट्रेलर रिलीज हो गया है। निमिषा सजयन (Nimisha Sajayan), बरुण सोबती (Barun Sobti) और अंशुमान पुष्कर (Anshumaan Pushkar) की मुख्य भूमिकाओं वाली यह फिल्म एक हत्या की जांच के जरिए रहस्य, रिश्तों और व्यक्तिगत संघर्ष की कई परतें खोलती नजर आती है। फिल्म का निर्देशन अंबिका पंडित (Ambiecka Pandit) ने किया है और कहानी अमिता व्यास (Amita Vyas) ने लिखी है।
ट्रेलर की शुरुआत निलंबित पुलिस अधिकारी बबीता सिंह उर्फ ‘बेबी’ से होती है। उसकी जिंदगी उस वक्त पूरी तरह बदल जाती है, जब उसके बचपन के दोस्त बंसी की रहस्यमय तरीके से हत्या हो जाती है। बेबी इस मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए जांच शुरू करती है, लेकिन सुरागों की तलाश उसे ऐसे राज तक पहुंचाती है, जिनका असर उसकी निजी जिंदगी और रिश्तों पर भी पड़ता है।
फिल्म सिर्फ हत्या की गुत्थी सुलझाने तक सीमित नहीं है। निर्देशक अंबिका पंडित के मुताबिक, कहानी जांच के साथ भावनात्मक पहलुओं और उन परिस्थितियों को भी सामने लाती है, जिनसे कई महिलाएं अपनी जिंदगी में गुजरती हैं। निमिषा ने भी बताया है कि ‘बेबी’ का किरदार उनके लिए बेहद व्यक्तिगत और प्रभावशाली रहा।
फिल्म का निर्माण फिल्म स्क्वाड प्रोडक्शंस (Film Squad Productions) ने एक्ट थ्री (Act Three) के साथ मिलकर किया है। ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ 28 अगस्त 2026 को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।
कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शर्मिला टैगोर का इंटरव्यू साझा किया और उनकी बात रखने की सराहना की, लेकिन ‘वंदे मातरम’ की व्याख्या को लेकर अपना अलग नजरिया सामने रखा।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
‘वंदे मातरम’ को लेकर दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर (Sharmila Tagore) की टिप्पणी पर अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने असहमति जताई है।
कंगना ने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय (Bankim Chandra Chattopadhyay) की यह रचना केवल धार्मिक संदर्भ में देखने के बजाय स्वतंत्रता संग्राम, कला और राष्ट्रीय चेतना के व्यापक संदर्भ में समझी जानी चाहिए।
कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शर्मिला टैगोर का इंटरव्यू साझा किया और उनकी बात रखने की सराहना की, लेकिन ‘वंदे मातरम’ की व्याख्या को लेकर अपना अलग नजरिया सामने रखा। उन्होंने कहा कि कलात्मक रचनाओं में रूपकों और प्रतीकों का इस्तेमाल होता है, इसलिए उन्हें सीधे धार्मिक ग्रंथ की तरह नहीं देखा जाना चाहिए।
दरअसल, हाल ही में शर्मिला टैगोर ने आईएएनएस (IANS) से बातचीत में ‘वंदे मातरम’ के अलग-अलग छंदों और विभिन्न धर्मों के लोगों के लिए इसकी प्रासंगिकता पर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि बाद के कुछ छंद उन लोगों के लिए असहज हो सकते हैं, जो केवल एक ईश्वर में विश्वास करते हैं।
शर्मिला टैगोर के मुताबिक, ‘वंदे मातरम’ के एक हिस्से में देवी-देवताओं का उल्लेख आता है, जो बहुदेववाद की ओर संकेत करता है। उनका कहना था कि एकेश्वरवाद में विश्वास रखने वाले लोगों के लिए ‘वंदे काली’ और ‘वंदे दुर्गा’ जैसे शब्दों को स्वीकार करना कठिन हो सकता है। इसी आधार पर उन्होंने देश को एकजुट रखने के लिए शुरुआती दो छंदों को अधिक उपयुक्त बताया था।
कंगना ने इस व्याख्या पर सवाल उठाते हुए कहा कि कविता में ‘शक्ति’ का अर्थ केवल धार्मिक संदर्भ तक सीमित नहीं है। उनके अनुसार, इसे सामर्थ्य, ऊर्जा और राष्ट्रीय चेतना के प्रतीक के तौर पर भी समझा जा सकता है।
कंगना ने स्वामी विवेकानंद के युवाओं को मजबूत बनने के आह्वान का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे संदर्भों में ‘शक्ति’ किसी धार्मिक पूजा की बात नहीं, बल्कि देश की ताकत और ऊर्जा को जगाने का प्रतीक है। उन्होंने सवाल किया कि इतनी बड़ी कलाकृति को केवल धार्मिक अभ्यास तक कैसे सीमित किया जा सकता है।
अनुराग कश्यप की क्राइम ड्रामा ‘बंदर’ 28 अगस्त से जी5 पर स्ट्रीम होगी। फिल्म में बॉबी देओल के साथ सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी और सबा आजाद हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
निर्देशक अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) की चर्चित क्राइम ड्रामा फिल्म ‘बंदर’ (Bandar) अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने जा रही है। बॉबी देओल (Bobby Deol) स्टारर यह फिल्म 28 अगस्त 2026 से जी5 (Zee5) पर स्ट्रीम होगी। फिल्म में बॉबी देओल के साथ सान्या मल्होत्रा (Sanya Malhotra), सपना पब्बी (Sapna Pabbi) और सबा आजाद (Saba Azad) अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
सैफ्रॉन मैजिकवर्क्स (Saffron Magicworks) और जी स्टूडियोज (Zee Studios) द्वारा निर्मित ‘बंदर’ की कहानी समर मेहरा नाम के एक पूर्व टेलीविजन अभिनेता के इर्द-गिर्द घूमती है। समर की जिंदगी उस समय पूरी तरह बदल जाती है, जब उसकी पूर्व पार्टनर उस पर दुष्कर्म का आरोप लगाती है। इसके बाद मामला मीडिया की सुर्खियों में आ जाता है और समर को कानूनी लड़ाई का सामना करना पड़ता है।
फिल्म आरोप, सार्वजनिक धारणा, मीडिया ट्रायल और न्याय जैसे गंभीर मुद्दों को केंद्र में रखती है। कहानी यह सवाल भी उठाती है कि किसी गंभीर आरोप के सामने आने के बाद पूरी सच्चाई सामने आने से पहले ही समाज किसी व्यक्ति को दोषी मान लेता है या नहीं।
‘बंदर’ को #MeTooForMen बहस से भी जोड़कर देखा जा रहा है। फिल्म पीड़ित होने की अवधारणा, सहमति और गंभीर आरोपों से जुड़े मामलों में जनमत की भूमिका जैसे सवालों को सामने लाती है। फिल्म की कहानी को सीधे तौर पर सही और गलत के दो खानों में बांटने के बजाय परिस्थितियों के जटिल पहलुओं को दिखाने की कोशिश की गई है।
निर्देशक अनुराग कश्यप ने फिल्म के बारे में कहा कि उन्हें इसकी कहानी इसलिए आकर्षित करती है क्योंकि यह ऐसे मुश्किल सवाल पूछती है, जिन पर समाज असहज महसूस करता है। उन्होंने खास तौर पर यह सवाल उठाया कि क्या पुरुष भी पीड़ित हो सकते हैं? कश्यप के मुताबिक, फिल्म दर्शकों को किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरी परिस्थिति को समझने और पीड़ित, सच तथा सहानुभूति को लेकर अपनी धारणाओं पर विचार करने के लिए प्रेरित करती है।
कश्यप ने बॉबी देओल के अभिनय की भी तारीफ की और कहा कि अभिनेता ने किरदार में पूरी तरह खुद को ढालते हुए उसकी संवेदनशीलता और तीव्रता को प्रभावी ढंग से पर्दे पर उतारा है।
फिल्म में इंद्रजीत सुकुमारन (Indrajith Sukumaran), राज बी. शेट्टी (Raj B. Shetty) और जितेंद्र जोशी (Jitendra Joshi) समेत कई अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। अब 28 अगस्त से जी5 पर स्ट्रीमिंग शुरू होने के बाद ‘बंदर’ की कहानी और इसके उठाए गए सवालों पर दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
‘बंटवारा 1947’ के बाद सनी देओल और राजकुमार संतोषी फिर साथ काम करेंगे। नई एक्शन थ्रिलर की शूटिंग अक्टूबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
करीब तीन दशक बाद फिल्म ‘बंटवारा 1947’ (Batwara 1947) के जरिए साथ लौटे सनी देओल (Sunny Deol) और निर्देशक राजकुमार संतोषी (Rajkumar Santoshi) की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर दिखाई दे सकती है। संतोषी ने खुलासा किया है कि वह सनी देओल के साथ एक नई एक्शन थ्रिलर की तैयारी कर रहे हैं और फिल्म की शूटिंग अक्टूबर 2026 से शुरू होने की योजना है।
सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी का सफर 1990 में रिलीज हुई फिल्म ‘घायल’ (Ghayal) से शुरू हुआ था। इसके बाद दोनों ने ‘दामिनी’ (Damini) और ‘घातक’ (Ghatak) जैसी चर्चित फिल्मों में साथ काम किया। अब ‘बंटवारा 1947’ के बाद दोनों की जोड़ी एक बार फिर एक्शन जॉनर में वापसी करने की तैयारी में है।
‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के दौरान राजकुमार संतोषी ने बताया कि उनकी अगली फिल्म सनी देओल के साथ एक एक्शन थ्रिलर होगी। उनके मुताबिक, फिल्म की कहानी सनी देओल को पसंद आ चुकी है और वह अक्टूबर 2026 से इसकी शूटिंग शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं।
संतोषी ने यह भी संकेत दिया कि यह फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से बिल्कुल अलग होगी। जहां उनकी हालिया फिल्म भावनात्मक कहानी पर केंद्रित है, वहीं अगली फिल्म में एक्शन और थ्रिल का ज्यादा जोर देखने को मिलेगा। हालांकि, फिल्म के नाम और बाकी कलाकारों को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इस बीच सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है। रिलीज के छह दिन बाद तक फिल्म ने भारत में करीब 32 करोड़ रुपये का कारोबार किया है, जबकि इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन अभी 50 करोड़ रुपये के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया है।
एआर रहमान के आशा भोसले Tribute Music Video में सलमान खान शामिल होंगे। शाहरुख खान और कमल हासन भी इस खास म्यूजिकल प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान (AR Rahman) ने बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) का आभार जताया है। सलमान खान दिग्गज गायिका आशा भोसले (Asha Bhosle) को समर्पित एक खास Tribute Music Video में नजर आएंगे। यह प्रोजेक्ट आशा भोसले की शानदार संगीत विरासत और भारतीय संगीत में उनके योगदान को सम्मान देने के लिए तैयार किया जा रहा है।
रहमान ने X पर एक पोस्ट के जरिए सलमान खान के इस Tribute Project से जुड़ने की जानकारी साझा की। उन्होंने सलमान की भागीदारी को खास बताते हुए आशा भोसले के प्रति उनके स्नेह और उनकी विरासत को सेलिब्रेट करने के लिए आगे आने की सराहना की।
रहमान ने लिखा, “आशा जी के Tribute Music Video का हिस्सा बनने के लिए सलमान खान का दिल से शुक्रिया। आशा जी के प्रति आपका स्नेह और उनकी असाधारण विरासत को सेलिब्रेट करने की आपकी उदारता इस पल को बेहद खास बनाती है।”
सलमान खान इस प्रोजेक्ट से जुड़ने वाले भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नामों में शामिल हैं। इससे पहले रहमान ने शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के भी इस Tribute Music Video का हिस्सा बनने की जानकारी दी थी। उन्होंने शाहरुख का आभार जताते हुए कहा था कि आशा भोसले को समर्पित इस खास वीडियो में शामिल होने के लिए वह उनके शुक्रगुजार हैं।
रहमान ने जून में इस Tribute Song का टीजर भी जारी किया था। इसमें इस म्यूजिकल प्रोजेक्ट की मेकिंग से जुड़े पर्दे के पीछे के कई पल दिखाए गए थे। टीजर में अलग-अलग पृष्ठभूमि से आने वाले कलाकारों, संगीतकारों और परफॉर्मर्स को आशा भोसले की विरासत को सम्मान देने के लिए एक साथ काम करते हुए दिखाया गया था।
एटली की साइंस-फिक्शन फिल्म ‘राका’ में विल स्मिथ के शामिल होने की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह फिल्म में मुख्य प्रतिद्वंद्वी की भूमिका निभा सकते हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
हॉलीवुड स्टार विल स्मिथ (Will Smith) के डायरेक्टर एटली (Atlee) की बहुप्रतीक्षित साइंस-फिक्शन फिल्म ‘राका’ (Raaka) से जुड़ने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ऑस्कर विजेता अभिनेता को फिल्म में मुख्य प्रतिद्वंद्वी की भूमिका के लिए अप्रोच किया गया है। अगर यह खबर सही साबित होती है, तो ‘राका’ भारतीय सिनेमा में विल स्मिथ की पहली फिल्म हो सकती है।
मिड-डे (Mid-Day) की रिपोर्ट के मुताबिक, विल स्मिथ फिल्म के अगले शूटिंग शेड्यूल से पहले आधिकारिक तौर पर ‘राका’ का हिस्सा बन सकते हैं। उनकी शूटिंग डेट्स को लेकर बातचीत चल रही है और उनकी उपलब्धता के आधार पर फिल्म की इंटरनेशनल लोकेशन तय की जाएगी।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि अभिनेता के कॉस्ट्यूम पहले ही लॉक किए जा चुके हैं और फिल्म की टीम आगामी शेड्यूल को लेकर तैयारी कर रही है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक विल स्मिथ की कास्टिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) फिल्म में चार अलग-अलग किरदारों में नजर आ सकते हैं। इनमें एक दादा, एक पिता और दो बेटों के किरदार शामिल बताए जा रहे हैं। फिल्म की कहानी में पैरेलल यूनिवर्स की अवधारणा भी होने की संभावना है। हालांकि, इन किरदारों और कहानी से जुड़ी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
साइंस-फिक्शन एक्शन ड्रामा ‘राका’ में दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone), रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna), जाह्नवी कपूर (Janhvi Kapoor) और मृणाल ठाकुर (Mrunal Thakur) भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
वरुण का यह अंदाज उनकी आम फिल्मी जिंदगी और ग्लैमर से काफी अलग नजर आया। फार्म खरीदने के बाद वहां चाय और बिस्किट के साथ समय बिताते हुए उन्होंने इस उपलब्धि को बेहद सादगी से सेलिब्रेट किया।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
वरुण धवन (Varun Dhawan) ने अपनी फिल्मी उपलब्धियों से अलग जिंदगी का एक खास पड़ाव हासिल किया है। अभिनेता ने हाल ही में एक फार्म खरीदा है और इसे अपनी जिंदगी की “सबसे बड़ी उपलब्धि” बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर नए खरीदे गए फार्म से एक वीडियो शेयर कर फैंस को इस खास पल की झलक दिखाई।
इंस्टाग्राम (Instagram) पर शेयर किए गए वीडियो में वरुण धवन खुले मैदान में खड़े नजर आ रहे हैं। वह वहां के मौसम का आनंद लेते हुए चाय और बिस्किट का मजा लेते दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने बताया कि अपनी जमीन खरीदना उनके लिए बेहद खास अनुभव है।
वीडियो में वरुण ने कहा, “दोस्तों, मैं आप सभी के साथ एक खबर शेयर करना चाहता हूं। यह मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी उपलब्धि है। मैंने खेत खरीदा है। मुझसे मत पूछिए क्यों, लेकिन यहां खड़े होकर इस मौसम में चाय और बिस्किट पीना... यह अविश्वसनीय है।”
अभिनेता ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में भी अपनी खुशी को बेहद सरल अंदाज में जाहिर किया। उन्होंने लिखा, “I bought a farm #chaibiscut.”
वरुण का यह अंदाज उनकी आम फिल्मी जिंदगी और ग्लैमर से काफी अलग नजर आया। फार्म खरीदने के बाद वहां चाय और बिस्किट के साथ समय बिताते हुए उन्होंने इस उपलब्धि को बेहद सादगी से सेलिब्रेट किया।
फैंस के लिए भी यह वीडियो वरुण की निजी जिंदगी की एक अलग झलक लेकर आया, जहां अभिनेता फिल्मों और शूटिंग से दूर अपनी नई खरीदी गई जमीन पर समय बिताते नजर आए। उनके लिए यह उपलब्धि सिर्फ संपत्ति खरीदने तक सीमित नहीं, बल्कि एक ऐसा निजी सपना है जिसे पूरा करने की खुशी उन्होंने अपने फॉलोअर्स के साथ साझा की।
View this post on Instagram