राजकुमार हिरानी ने बताया कि वह अपनी लेखन टीम के साथ ऐसी कहानी पर काम कर रहे हैं, जिसके जरिए फिल्म के पुराने किरदारों को दोबारा पर्दे पर लाया जा सकता है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
राजकुमार हिरानी की साल 2009 में रिलीज हुई फिल्म ‘3 इडियट्स’ ने बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ दर्शकों के बीच भी जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी की मुख्य भूमिकाओं वाली यह फिल्म आज भी दर्शकों के बीच पसंद की जाती है। लंबे समय से इसके सीक्वल को लेकर चर्चाएं चल रही हैं, और अब फिल्मकार राजकुमार हिरानी ने इस बारे में बड़ा अपडेट दिया है।
एएनआई (ANI) से बातचीत में राजकुमार हिरानी ने बताया कि वह अपनी लेखन टीम के साथ ऐसी कहानी पर काम कर रहे हैं, जिसके जरिए फिल्म के पुराने किरदारों को दोबारा पर्दे पर लाया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने फिलहाल प्रोजेक्ट से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा करने से इनकार किया।
हिरानी ने कहा कि टीम इस परियोजना पर काम कर रही है और जब यह सही चरण में पहुंचेगी, तभी इसके बारे में विस्तार से चर्चा की जाएगी। राजकुमार हिरानी ने यह भी स्पष्ट किया कि फिल्म के सीक्वल के लिए कास्ट वही रहेगी। उनके इस बयान से संकेत मिलता है कि आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी समेत मूल फिल्म के प्रमुख कलाकार दोबारा अपने किरदारों में नजर आ सकते हैं।
हालांकि, हिरानी ने यह भी साफ कर दिया कि अभी सीक्वल बनने की कोई पक्की गारंटी नहीं है। उनका कहना है कि फिल्म तभी बनाई जाएगी, जब इसकी कहानी उस स्तर की होगी, जिसकी दर्शकों को ‘3 इडियट्स’ से उम्मीद है।
उन्होंने कहा, “हम तभी आगे बढ़ेंगे जब लेखन पूरा हो जाएगा... हम इसे तभी बनाएंगे जब यह ठीक से बन जाएगा, वरना नहीं।” हिरानी के मुताबिक, दर्शकों ने इस फिल्म को बेहद पसंद किया है और अगर टीम उस स्तर तक नहीं पहुंच पाती, तो सीक्वल बनाने का कोई मतलब नहीं होगा।
बता दें कि ‘3 इडियट्स’ में करीना कपूर, बोमन ईरानी और ओमी वैद्य भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म की लोकप्रियता को देखते हुए इसके दूसरे भाग को लेकर दर्शकों के बीच लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई है।
दस साल बाद ‘बिग बॉस बांग्ला’ तीसरे सीजन के साथ टीवी पर लौट आया है। सौरव गांगुली होस्ट हैं और इस बार 15 अलग-अलग क्षेत्र के कंटेस्टेंट शो में पहुंचे हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
करीब एक दशक के लंबे इंतजार के बाद ‘बिग बॉस बांग्ला’ की टीवी पर वापसी हो गई है। रियलिटी शो के बंगाली वर्जन का तीसरा सीजन रविवार को शुरू हुआ। इसे स्टार जलशा (Star Jalsha) पर टेलीकास्ट किया जा रहा है, जबकि दर्शक जियो हॉटस्टार (JioHotstar) पर भी शो देख सकते हैं। इस बार शो की मेजबानी भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) कर रहे हैं।
प्रीमियर एपिसोड में घर में शामिल होने वाले सभी 15 कंटेस्टेंट का परिचय कराया गया। इनमें फिल्म और टीवी कलाकारों के साथ सिंगर, पूर्व फुटबॉलर, एंटरप्रेन्योर और सोशल मीडिया से जुड़े चेहरे भी शामिल हैं। सभी कंटेस्टेंट एक-एक करके बिग बॉस के घर में पहुंचे।
कौन-कौन बना ‘बिग बॉस बांग्ला 3’ का हिस्सा?
शो में सबसे पहले एक्ट्रेस मोनामी घोष (Monami Ghosh) ने एंट्री की। दुर्गा पूजा से पहले वह पारंपरिक सफेद-लाल साड़ी में ‘उमा’ के रूप में स्टेज पर पहुंचीं और अपने ही गाने पर डांस किया। इसके बाद एक्टर भरत कौल (Bharat Kaul) घर में आए। वह फिल्मों और टेलीविजन में नेगेटिव किरदारों के लिए पहचाने जाते हैं। तीसरे कंटेस्टेंट सिंगर दुर्निबार साहा (Durnibar Saha) बने। उन्होंने सिंगिंग रियलिटी शो जीते हैं और बाद में प्लेबैक सिंगिंग में भी पहचान बनाई।
चौथी एंट्री दिवंगत बंगाली अभिनेता तापस पाल की बेटी सोहिनी पाल (Sohini Pal) की हुई। उनके बाद यूट्यूबर निरंजन मंडल (Niranjan Mondal) पहुंचे, जिन्हें ‘लाफ्टरसेन’ के नाम से जाना जाता है। धोती-पंजाबी में नजर आए निरंजन ने खुद को बच्चों जैसा बताते हुए कहा कि वह घर के कामकाज नहीं करते।
छठी कंटेस्टेंट एक्ट्रेस नंदिनी रॉय (Nandini Roy) थीं। उन्होंने हाल ही में टीवी सीरियल ‘कोने देखा आलो’ छोड़ा है। शो में अपनी एंट्री के दौरान नंदिनी ने साफ कहा कि वह यहां सिर्फ हिस्सा लेने नहीं, बल्कि जीतने के इरादे से आई हैं।
इसके बाद पूर्व फुटबॉलर दिपेंदु बिस्वास (Dipendu Biswas) ने घर में कदम रखा। वह ईस्ट बंगाल, मोहन बागान, मोहम्मडन स्पोर्टिंग और भारतीय राष्ट्रीय टीम के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने बताया कि शो में उनके शामिल होने को लेकर उनकी बेटी काफी उत्साहित थी।
आठवीं कंटेस्टेंट एंटरप्रेन्योर तनुश्री रॉय दास (Tanushree Roy Das) बनीं, जो ऑनलाइन साड़ी के कारोबार के लिए जानी जाती हैं। उनके बाद एक्टर अनिंद्य सेनगुप्ता (Anindya Sengupta) घर में पहुंचे। वह फिल्मों, टीवी और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके हैं। गांगुली से बातचीत में उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनका सेंस ऑफ ह्यूमर बहुत अच्छा नहीं है।
दसवें नंबर पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सायक (Sayak) की एंट्री हुई। उन्होंने खुद बताया कि वह अक्सर मुश्किलों और विवादों के बीच घिरे रहते हैं। इस दौरान गांगुली ने उनके पहले बीफ खाने से जुड़े विवाद का भी जिक्र किया और मजाक करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के विवादों से बचने के लिए उन्हें अपना कमेंट सेक्शन ही बंद करना पड़ेगा।
ग्यारहवीं कंटेस्टेंट इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर जयिता (Jayita) बनीं। बंगाली परिवार में जन्मीं जयिता फिलहाल मुंबई में रहती हैं। इसके बाद बंगाली फिल्मों में काम कर चुकीं ब्रिटिश एक्ट्रेस एलेक्जेंड्रा टेलर (Alexandra Taylor) ने एंट्री ली। बंगाली भाषा में अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि उनकी बंगाली बहुत खराब है और उन्हें नहीं पता कि बिग बॉस के घर में जाने के बाद वह क्या करेंगी। उन्होंने बताया कि कोलकाता में उनका घर है और वह अपनी मां के साथ वहां रहना चाहती हैं।
तेरहवीं कंटेस्टेंट एक्ट्रेस सृजला गुहा (Srijla Guha) रहीं। उन्हें ‘मोन फागुन’ से लोकप्रियता मिली और हाल ही में वह जीत की फिल्म ‘केउ बोले बिप्लबी केउ बोले डकैत’ में नजर आई थीं। यह बड़े पर्दे पर उनकी पहली बड़ी भूमिका थी।
चौदहवें नंबर पर सोशल मीडिया पर्सनैलिटी झिलम गुप्ता (Jhilm Gupta) ने घर में प्रवेश किया। वहीं टेलीविजन एक्ट्रेस सोनमोनी साहा (Sonamoni Saha) शो की 15वीं और आखिरी कंटेस्टेंट बनीं। उन्होंने कहा कि वह फिनाले तक पहुंचना और ट्रॉफी अपने नाम करना चाहती हैं।
पहले दो सीजन के विजेता कौन थे?
‘बिग बॉस बांग्ला’ का पहला सीजन साल 2013 में ईटीवी बांग्ला (ETV Bangla) पर प्रसारित हुआ था। इसकी मेजबानी अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने की थी और अनिक धर (Anik Dhar) पहले सीजन के विजेता बने थे। इसके बाद दूसरा सीजन 2016 में कलर्स बांग्ला (Colors Bangla) पर आया। इसे अभिनेता जीत ने होस्ट किया था, जबकि जॉयजीत बनर्जी (Joyjit Banerjee) ने सीजन 2 की ट्रॉफी जीती थी।
अनीत पड्डा की नई थ्रिलर सीरीज ‘हुंकार’ 25 सितंबर 2026 से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। फातिमा सना शेख इसमें पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका निभाएंगी।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
‘सैयारा’ (Saiyaara) से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाने वाली अभिनेत्री अनीत पड्डा (Aneet Padda) अब नई थ्रिलर सीरीज ‘हुंकार’ (Hoonkar) में नजर आने वाली हैं। जियो हॉटस्टार (JioHotstar) पर इस सीरीज की स्ट्रीमिंग 25 सितंबर 2026 से शुरू होगी। सीरीज का टीजर सामने आ चुका है, जिसमें कहानी कई रहस्यों और एक गंभीर मामले के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है।
‘हुंकार’ में अनीत पड्डा मीनू रावत नाम की एक टीनएजर का किरदार निभा रही हैं। मीनू बापजी के खिलाफ आवाज उठाती है और उसके खिलाफ न्याय की लड़ाई लड़ती दिखाई देगी। वहीं, फातिमा सना शेख (Fatima Sana Shaikh) एक पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका में इस पूरे मामले की जांच करती नजर आएंगी।
सीरीज के टीजर से संकेत मिलता है कि कहानी में बापजी के खिलाफ लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद कई छिपे हुए राज सामने आएंगे। मीनू के संघर्ष और मामले की पुलिस जांच के बीच कहानी आगे बढ़ती दिखाई देगी।
Nahi hoga insaaf ka intezaar, bas goonjegi sachhai ki Hunkkaar
— JioHotstar (@JioHotstar) September 1, 2026
Hotstar Specials: Hunkkaar – The Roar, streaming from 25th September only on JioHotstar
Produced by Birla Studios and Applause Entertainment, in association with Purple Pebble Pictures, A Mangata Films Production.… pic.twitter.com/7uROh7vVDK
फातिमा सना शेख का पुलिस अधिकारी वाला किरदार इस मामले की परतें खोलने की कोशिश करेगा। टीजर को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि सीरीज में रहस्य, जांच और संघर्ष के कई पहलू देखने को मिलेंगे।
‘हुंकार’ में अनीत और फातिमा के अलावा राम कपूर (Ram Kapoor), मोहम्मद जीशान अय्यूब (Mohammed Zeeshan Ayyub), अर्जुन माथुर (Arjun Mathur) और जोया हुसैन (Zoya Hussain) जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
अनीत पड्डा ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग और छोटे किरदारों के जरिए की थी। उन्हें 2024 में आई ‘बिग गर्ल्स डोन्ट क्राई’ (Big Girls Don't Cry) से पहचान मिली। इसके बाद ‘सैयारा’ ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी।
रश्मिका मंदाना की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘मायसा’ 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होगी। फिल्म में अभिनेत्री आदिवासी गोंड लड़की के किरदार में नजर आएंगी।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मायसा’ (Mysa) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रवींद्र पुल्ले (Ravindra Pulle) के निर्देशन में बनी इस एक्शन थ्रिलर (Action Thriller) की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। फिल्म अब इसी साल 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
रिलीज डेट के साथ निर्माताओं ने फिल्म में रश्मिका मंदाना के किरदार की पहली झलक भी साझा की है। पोस्टर सामने आने के बाद अभिनेत्री का इंटेंस अवतार चर्चा में आ गया है। ‘मायसा’ के पोस्टर में रश्मिका बेहद दमदार और आक्रामक अंदाज में दिखाई दे रही हैं। उनके एक हाथ पर खून लगा हुआ है और वह हाथ में भाला पकड़े नजर आ रही हैं। वहीं, दूसरे हाथ में हथकड़ी दिखाई दे रही है।
MYSAA!
— Rashmika Mandanna (@iamRashmika) September 1, 2026
The rage! The pain! The heartache! The grief! The grit! The courage! The power and the storm you don’t anticipate coming - That’s Mysaa! 🔥
In cinemas worldwide on 27.11.26!❤️@RawindraPulle @jakes_bejoy @unformulafilms @TSeries @tseriessouth pic.twitter.com/aaDqspvHE7
पोस्टर के साथ लिखा गया संदेश भी फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ाता है- ‘जब दुनिया जल रही होती है, तब वह उठ खड़ी होती है।’ फिल्म में रश्मिका एक आदिवासी गोंड लड़की की भूमिका निभा रही हैं। इस किरदार को पर्दे पर प्रभावी ढंग से उतारने के लिए अभिनेत्री ने शारीरिक और भावनात्मक स्तर पर काफी मेहनत की है।
रवींद्र पुल्ले के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रश्मिका मंदाना के साथ ईश्वरी राव (Easwari Rao), गुरु सोमासुंदरम (Guru Somasundaram) और राव रमेश (Rao Ramesh) भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
‘अंबर धारा’ फेम कश्मीरा ईरानी जल्द मां बनने वाली हैं। अभिनेत्री ने पति अक्षत सक्सेना के साथ सोशल मीडिया पर अपने पहले बच्चे के आने की खुशखबरी साझा की है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
टीवी की मशहूर अभिनेत्री कश्मीरा ईरानी (Kashmira Irani) जल्द ही मां बनने वाली हैं। ‘अंबर धारा’ (Amber Dhara) से घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री ने पति और अभिनेता अक्षत सक्सेना (Akshat Saxena) के साथ अपने पहले बच्चे के आने की खुशखबरी सोशल मीडिया पर साझा की है। 40 वर्षीय कश्मीरा की इस घोषणा के बाद मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है।
कश्मीरा ईरानी ने इंस्टाग्राम (Instagram) पर अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी एक बेहद रचनात्मक तस्वीर के जरिए दी। छुट्टियों के दौरान ली गई तस्वीर में दो नारियल दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक पर ‘मॉम’ और दूसरे पर ‘डैड’ लिखा हुआ कैप लगाया गया है।
View this post on Instagram
कश्मीरा ईरानी और अक्षत सक्सेना ने 10 फरवरी 2024 को शादी की थी। कश्मीरा ईरानी ने साल 2008 में टीवी शो ‘अंबर धारा’ से मुख्य अभिनेत्री के तौर पर अभिनय की शुरुआत की थी। इस शो में उन्होंने सुलगना पाणिग्रही (Sulagna Panigrahi) के साथ जुड़ी हुई जुड़वां बहनों का किरदार निभाया था।
टेलीविजन के अलावा कश्मीरा कई फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में भी काम कर चुकी हैं। उनके अभिनय सफर में ‘पीके’ (PK), ‘टाइगर जिंदा है’ (Tiger Zinda Hai), ‘रंगून’ (Rangoon), ‘भारत’ (Bharat), ‘मॉडर्न लव मुंबई’ (Modern Love Mumbai), ‘डिटेक्टिव शेरदिल’ (Detective Sherdil) और इम्तियाज अली (Imtiaz Ali) की ‘मैं वापस आऊंगा’ (Main Wapas Aaunga) जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं।
‘अर्जुन रेड्डी’ फेम शालिनी पांडे का एक फर्जी एआई-जेनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। अभिनेत्री ने लोगों से इसे शेयर, डाउनलोड या फॉरवर्ड न करने की अपील की।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
‘अर्जुन रेड्डी’ (Arjun Reddy) से लोकप्रियता हासिल करने वाली अभिनेत्री शालिनी पांडे (Shalini Pandey) डीपफेक (Deepfake) वीडियो का शिकार हो गई हैं। अभिनेत्री का एक एआई-जेनरेटेड (AI-Generated) फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसकी जानकारी मिलने के बाद शालिनी ने इस मामले पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है।
अभिनेत्री ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें यह वीडियो कहीं दिखाई देता है, तो वे इसे आगे शेयर या फॉरवर्ड न करें। उन्होंने वीडियो को डाउनलोड करने और उसके साथ किसी भी तरह का संपर्क करने से भी बचने की सलाह दी है।
शालिनी पांडे ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी (Instagram Story) के जरिए इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो पूरी तरह फर्जी है और उसमें वह मौजूद नहीं हैं।
View this post on Instagram
अभिनेत्री ने कहा कि उनके बारे में इस तरह का मनगढ़ंत एआई वीडियो ऑनलाइन वायरल होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने तकनीक के गलत इस्तेमाल पर भी सवाल उठाया और कहा कि इसका इस्तेमाल खास तौर पर महिलाओं को निशाना बनाने और उन्हें नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।
शालिनी ने यह मुद्दा ऐसे समय में उठाया है, जब डीपफेक और एआई के जरिए तैयार की गई फर्जी सामग्री को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है। किसी व्यक्ति की तस्वीर या वीडियो में डिजिटल तरीके से बदलाव कर उसे गलत संदर्भ में पेश किए जाने को लेकर खास तौर पर महिला कलाकारों की ओर से आवाज उठाई जाती रही है।
तमिल एडिशन की कमान विजय सेतुपति संभालेंगे, जबकि तेलुगु संस्करण को नागार्जुन होस्ट करेंगे। कन्नड़ में किच्चा सुदीप और मलयालम में मोहनलाल दर्शकों के सामने शो लेकर आएंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
जियोस्टार (JioStar) 6 सितंबर को ‘बिग बॉस’ (Bigg Boss) के चार साउथ एडिशन का एक साथ प्रीमियर करने जा रहा है। तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषा में आने वाले इन चारों संस्करणों की मेजबानी अलग-अलग लोकप्रिय सितारे करेंगे। इस बार विजय सेतुपति (Vijay Sethupathi), नागार्जुन (Nagarjuna), किच्चा सुदीप (Kichcha Sudeepa) और मोहनलाल (Mohanlal) शो को होस्ट करते नजर आएंगे।
तमिल एडिशन की कमान विजय सेतुपति संभालेंगे, जबकि तेलुगु संस्करण को नागार्जुन होस्ट करेंगे। कन्नड़ में किच्चा सुदीप और मलयालम में मोहनलाल दर्शकों के सामने शो लेकर आएंगे।
चारों संस्करणों का प्रसारण जियोस्टार के अलग-अलग टीवी चैनलों पर होगा। बिग बॉस तमिल स्टार विजय, बिग बॉस तेलुगु स्टार मां, बिग बॉस कन्नड़ कलर्स कन्नड़ और बिग बॉस मलयालम एशियानेट पर प्रसारित किया जाएगा। इसके साथ ही सभी एडिशन जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर भी स्ट्रीम होंगे।
शो के प्रीमियर से पहले जियोस्टार ने चारों होस्ट को एक साथ दिखाने वाला क्रॉसओवर प्रोमो जारी किया है। प्रोमो में अलग-अलग दक्षिण भारतीय राज्यों के खान-पान से जुड़े मजेदार कन्फ्यूजन के जरिए चारों भाषाई संस्करणों को जोड़ा गया है। इसके साथ ही हर क्षेत्र की अपनी सांस्कृतिक पहचान को भी बनाए रखा गया है।
जियोस्टार के हेड, एंटरटेनमेंट (साउथ) कृष्णन कुट्टी (Krishnan Kutty) ने कहा कि चारों होस्ट का अपने-अपने दर्शकों के साथ अलग और मजबूत रिश्ता है, जो हर क्षेत्र में बिग बॉस की लोकप्रियता का अहम हिस्सा है। उनके मुताबिक, चारों सितारों को एक साथ लाने वाला यह प्रोमो दक्षिण भारत की संस्कृति और उनके व्यक्तित्व से जुड़ा हुआ है।
इस शो से रणविजय (Rannvijay Singha), नेहा धूपिया (Neha Dhupia), प्रिंस नरूला (Prince Narula), रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) और एल्विश यादव (Elvish Yadav) जैसे नाम भी जुड़े रहे हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
नेटफ्लिक्स (Netflix) भारत में अपनी कंटेंट रणनीति का दायरा बढ़ाते हुए टीवी के लोकप्रिय फ्रेंचाइजी शो की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म एमटीवी रोडीज (MTV Roadies) को नेटफ्लिक्स इंडिया पर लाने के लिए जियोस्टार (JioStar) के साथ करीब 18 करोड़ रुपये की डील कर रहा है।
हालांकि, इस संभावित समझौते की आधिकारिक घोषणा अभी नेटफ्लिक्स या जियोस्टार की ओर से नहीं हुई है। अगर यह डील पूरी होती है तो यह भारत में नेटफ्लिक्स की कंटेंट रणनीति में एक और अहम बदलाव का संकेत होगी। इससे पहले प्लेटफॉर्म द्वारा MTV Hustle के पांचवें सीजन के लिए करीब 13 करोड़ रुपये की डील किए जाने की रिपोर्ट सामने आई थी।
नेटफ्लिक्स ने भारत में अपनी शुरुआत के दौर में ‘सेक्रेड गेम्स (Sacred Games)’ और ‘दिल्ली क्राइम (Delhi Crime)’ जैसे प्रीमियम ओरिजिनल्स के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई थी। लेकिन अब भारतीय स्ट्रीमिंग बाजार में जियोहॉटस्टार (JioHotstar), प्राइम वीडियो (Prime Video) और यूट्यूब (YouTube) जैसे प्लेटफॉर्म के बीच मुकाबला काफी बढ़ चुका है।
ऐसे माहौल में पहले से लोकप्रिय टीवी फ्रेंचाइजी नेटफ्लिक्स के लिए बड़ा आकर्षण बन सकती हैं। ‘रोडीज’ जैसे शो के साथ प्लेटफॉर्म को ऐसे दर्शकों तक पहुंचने का मौका मिलता है, जो पहले से इस फॉर्मेट और ब्रांड से परिचित हैं।
एमटीवी रोडीज दो दशक से ज्यादा समय से युवाओं के बीच लोकप्रिय रहा है। शो ने एडवेंचर रियलिटी फॉर्मेट से आगे बढ़ते हुए ऑडिशन, कंटेस्टेंट्स, गैंग लीडर्स, आपसी टकराव और विवादों के जरिए एक बड़ा पॉप-कल्चर फ्रेंचाइजी रूप ले लिया है।
इस शो से रणविजय (Rannvijay Singha), नेहा धूपिया (Neha Dhupia), प्रिंस नरूला (Prince Narula), रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) और एल्विश यादव (Elvish Yadav) जैसे नाम भी जुड़े रहे हैं।
अगर डील अंतिम रूप लेती है, तो ‘रोडीज’ की नेटफ्लिक्स पर मौजूदगी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के लिए बड़े पैमाने के भारतीय मनोरंजन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम होगी।
नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार वापसी की है। 24वें दिन फिल्म ने 12.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
नीम करौली बाबा (Neem Karoli Baba) के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) बॉक्स ऑफिस पर स्लीपर हिट साबित होती नजर आ रही है। शुरुआत में बेहद धीमी कमाई करने वाली इस भक्ति ड्रामा (Devotional Drama) फिल्म ने तीसरे हफ्ते से ऐसी रफ्तार पकड़ी कि इसके आंकड़ों ने सबको हैरान कर दिया है।
फिल्म की ओपनिंग सिर्फ 10 लाख रुपये से हुई थी और पहले दो हफ्तों में भी इसका प्रदर्शन खास नहीं रहा। लेकिन रिलीज के 24वें दिन रविवार को फिल्म ने 12.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन (Net Collection) कर डाला। खास बात यह है कि इसी दिन इसने ‘आवारापन 2’ (Awarapan 2) से करीब 12 गुना ज्यादा कारोबार किया।
Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ ने चौथे रविवार यानी रिलीज के 24वें दिन भारत में 12.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। यह फिल्म की अब तक की सबसे बड़ी एक दिन की कमाई है।
अगर ओपनिंग डे के आंकड़े से तुलना करें तो फिल्म की 24वें दिन की कमाई 12650 फीसदी ज्यादा रही। चौथे वीकेंड में भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया और कुल 28.25 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया। इसमें शुक्रवार को 6.25 करोड़, शनिवार को 9.25 करोड़ और रविवार को 12.75 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है।
‘हनुमान अंश’ को महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है। फिल्म ने 24 दिनों में भारत में 40.13 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन (Gross Collection) 47.33 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
‘हनुमान अंश’ ने चौथे रविवार की कमाई के मामले में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बॉलीवुड फिल्मों की इस सूची में यह तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
इससे आगे ‘धुरंधर’ (Dhurandhar) 22.50 करोड़ रुपये के साथ पहले और ‘धुरंधर 2’ (Dhurandhar 2) 14.50 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं ‘हनुमान अंश’ ने 12.75 करोड़ रुपये के साथ ‘स्त्री 2’ (Stree 2) के 11 करोड़, ‘छावा’ (Chhaava) के 10.75 करोड़ और ‘जवान’ (Jawan) के 9.37 करोड़ रुपये के चौथे रविवार के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
अजय देवगन करीब 14 साल बाद टीवी पर वापसी कर रहे हैं। वह ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन से जुड़ेंगे, जिसका प्रसारण 31 अगस्त से सोनी टीवी और सोनी लिव पर होगा।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अभिनेता अजय देवगन (Ajay Devgn) करीब 14 साल के लंबे अंतराल के बाद टेलीविजन की दुनिया में वापसी करने जा रहे हैं। अभिनेता लोकप्रिय क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ (Crime Patrol) के नए सीजन का हिस्सा बने हैं। इससे पहले वह 2012 में प्रसारित म्यूजिकल ड्रामा शो ‘रामलीला: अजय देवगन के साथ’ (Ramleela: Ajay Devgn Ke Saath) में नजर आए थे।
अजय के टीवी से जुड़ने के साथ वह उन बड़े बॉलीवुड सितारों की सूची में शामिल हो गए हैं, जो इन दिनों छोटे पर्दे पर भी सक्रिय हैं। इस सूची में अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan), सलमान खान (Salman Khan), अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और अनिल कपूर (Anil Kapoor) जैसे नाम शामिल हैं।
‘क्राइम पेट्रोल’ का नया सीजन 31 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। दर्शक इसे रात 10:30 बजे सोनी टीवी (Sony TV) पर देख सकेंगे। इसके साथ ही शो की ओटीटी स्ट्रीमिंग सोनी लिव (Sony Liv) पर भी इसी समय होगी।
‘क्राइम पेट्रोल’ को लंबे समय तक अभिनेता अनूप सोनी (Anup Soni) ने होस्ट किया था और शो के साथ उनकी मजबूत पहचान बन गई थी। अब मेकर्स ने नए सीजन के लिए अजय देवगन को चुना है।
अजय की लोकप्रियता को देखते हुए शो के नए सीजन से काफी उम्मीदें हैं। अब देखने वाली बात होगी कि अभिनेता की मौजूदगी ‘क्राइम पेट्रोल’ को दर्शकों के बीच पहले जैसी चर्चा और लोकप्रियता दिला पाती है या नहीं।
अजय की टीवी पर वापसी ऐसे समय में हो रही है, जब बड़े फिल्मी सितारों और टेलीविजन के बीच की दूरी लगातार कम होती नजर आ रही है। ऐसे में ‘क्राइम पेट्रोल’ का नया सीजन अभिनेता के प्रशंसकों के लिए भी खास होने वाला है।
‘बंटवारा 1947’ के बाद सनी देओल ने अपनी अगली फिल्म ‘एंटनी’ की शूटिंग शुरू कर दी है। फिल्म में वह पुलिस अधिकारी की भूमिका में हाई-ऑक्टेन एक्शन करते नजर आएंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
सनी देओल (Sunny Deol) इन दिनों अपनी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ (Bantwara 1947) को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। 14 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने अब तक करीब 53.77 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसी बीच सनी ने अपना ध्यान अगली फिल्म की ओर कर लिया है और ‘एंटनी’ (Antony) की शूटिंग शुरू कर दी है।
बालाजी गणेश (Balaji Ganesh) के निर्देशन में बन रही ‘एंटनी’ एक एक्शन-थ्रिलर (Action Thriller) फिल्म है। इसका निर्माण फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) अपने प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट (Excel Entertainment) के बैनर तले कर रहे हैं।
मिड-डे (Mid-Day) की रिपोर्ट के मुताबिक, सनी देओल ने 26 अगस्त को मुंबई की फिल्म सिटी (Film City) में ‘एंटनी’ की शूटिंग दोबारा शुरू की। फिलहाल फिल्म की टीम हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस (High-Octane Action Sequence) पर काम कर रही है।
फिल्म में सनी एक पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखाई देंगे। उनकी भूमिका एक आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश करने वाले पुलिसवाले की है। शूटिंग के मौजूदा शेड्यूल में कार चेज (Car Chase) से जुड़े कई रोमांचक दृश्य फिल्माए जा रहे हैं।
एक्शन डायरेक्टर रवि वर्मा (Ravi Verma) की निगरानी में इन दृश्यों को तैयार किया जा रहा है। खास बात यह है कि फिल्म के कई एक्शन सीक्वेंस का बड़ा हिस्सा सनी देओल खुद करने वाले हैं। तेज रफ्तार गाड़ियों के पीछा करने वाले दृश्यों में भी अभिनेता की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलेगी।
‘एंटनी’ की स्टारकास्ट में सनी देओल के साथ ज्योतिका (Jyotika) और विजय वर्मा (Vijay Varma) भी शामिल हैं। विजय वर्मा फिल्म में विलेन की भूमिका निभाएंगे। ऐसे में सनी के पुलिस अधिकारी वाले किरदार और विजय के नकारात्मक चरित्र के बीच टकराव कहानी का अहम हिस्सा होने वाला है।