होम / टेक वर्ल्ड / क्या OpenAI का नया ब्राउजर Google की सर्च बादशाहत को देगा चुनौती?
क्या OpenAI का नया ब्राउजर Google की सर्च बादशाहत को देगा चुनौती?
गूगल (Google) की ताकत का मुख्य आधार उसका Search इंजन और Chrome ब्राउजर रहा है, जिससे उसे यूजर डेटा मिलता है और वह टार्गेटेड विज्ञापन के जरिए अरबों डॉलर कमाता है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 8 months ago
शांतनु डेविड, स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट, एक्सचेंज4मीडिया ।।
गूगल (Google) की ताकत का मुख्य आधार उसका Search इंजन और Chrome ब्राउजर रहा है, जिससे उसे यूजर डेटा मिलता है और वह टार्गेटेड विज्ञापन के जरिए अरबों डॉलर कमाता है। लेकिन अब इस इंडस्ट्री (जिसका मूल्य 2025 तक $351 बिलियन पार करने की उम्मीद है) को एक नई और गंभीर चुनौती मिलने जा रही है। OpenAI जल्द ही अपना खुद का ब्राउजर लॉन्च करने वाला है, जिसे टेक जगत में गूगल के लिए अब तक का सबसे बड़ा 'डरावना सपना' कहा जा रहा है, क्योंकि इससे यह Google की Search Advertising की बादशाहत को सीधी चुनौती देगा।
ब्राउजर नहीं, एक नई क्रांति
2022 के अंत में जब ChatGPT सामने आया था, तभी से यह हमारी डिजिटल जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन गया है, ठीक वैसे ही जैसे कभी गूगल बना था। आज यह साप्ताहिक 80 करोड़ से 1 अरब यूजर्स और 92% फॉर्च्यून 500 कंपनियों के उपयोग तक पहुंच चुका है (30 मई 2025 के आंकड़े)। और अब यह सीधे गूगल की सबसे बड़ी ताकत (यूजर डेटा) को चुनौती देने आ रहा है।
वर्तमान में दुनिया के 75% से अधिक यूजर वेब ब्राउजिंग के लिए गूगल क्रोम का इस्तेमाल करते हैं। इस वजह से गूगल को हर समय भारी मात्रा में यूजर डेटा मिलता है, जिससे उसे बेहद सटीक टार्गेटिंग वाले विज्ञापन दिखाकर अरबों डॉलर की कमाई होती है। यही वजह है कि सर्च और क्रोम, गूगल की नींव के पत्थर हैं। लेकिन अब OpenAI का नया ब्राउजर इस पूरे मॉडल को बदल सकता है।
भारत में सर्च विज्ञापन: करोड़ों का खेल
भारत में भी सर्च विज्ञापन कोई छोटा मार्केट नहीं, बल्कि एक बड़ा डिजिटल यज्ञ है। MAGNA India की रिपोर्ट के अनुसार, 2025 तक भारत में सर्च विज्ञापन ₹24,000 करोड़ से ज्यादा का हो जाएगा। e4m Dentsu की रिपोर्ट के अनुसार, डिजिटल विज्ञापन खर्चों में 30% हिस्सा सर्च का होता है। वहीं Pitch Madison की रिपोर्ट कहती है कि SME ब्रांड्स की बढ़ती भागीदारी सर्च को सोशल मीडिया से भी तेजी से आगे बढ़ा रही है।
OpenAI का ‘Operator’ एजेंट: एक निजी डिजिटल बटलर
गूगल क्रोम जहां फॉर्म ऑटो-फिल जैसी छोटी सुविधाएं देता है, OpenAI का ब्राउजर उससे कहीं आगे की बात करता है। इसके साथ आने वाला AI एजेंट ‘Operator’ सिर्फ वेबसाइट नहीं दिखाएगा — यह यूजर के लिए काम भी करेगा। जैसे फ्लाइट बुक करना, बिल भरना, रेस्टोरेंट बुक करना — सब कुछ AI खुद करेगा।
यह ब्राउजर, यूजर के कहने पर सीधे निर्णय लेगा और क्रियान्वयन करेगा। यानी गूगल के 10 लिंक दिखाने वाले तरीके के बजाय, AI सीधे एक्शन लेगा। यह वेब ब्राउजिंग नहीं, बल्कि एक डिजिटल कंसीयर्ज सेवा बन जाएगी।
गूगल के डेटा साम्राज्य में सेंध?
गूगल का सारा विज्ञापन मॉडल यूजर डेटा पर आधारित है- क्या सर्च किया गया, क्या क्लिक किया गया, कौन-सी साइट देखी गई। लेकिन अगर यूजर अब खुद नहीं खोजेगा और AI ही हर चीज अपने स्तर पर तय करेगा, तो गूगल को वो डेटा नहीं मिलेगा जिसकी बदौलत उसका विज्ञापन साम्राज्य चलता है।
यह गूगल के लिए एक गंभीर खतरा है। कम सर्च का मतलब कम विज्ञापन, कम डेटा और अंततः कम टार्गेटिंग क्षमता। यानी एक AI के आ जाने से गूगल की पूरी रणनीति चरमराने लग सकती है।
विज्ञापनदाताओं के लिए नई चुनौती
अब तक ब्रांड्स गूगल की एल्गोरिदम को ध्यान में रखकर वेबसाइट और पेज बनाते थे। लेकिन अगर OpenAI का ब्राउजर ही अंतिम निर्णय लेगा कि कौन-सी सर्विस यूजर को मिलेगी, तो फिर CTR, SEO और बैनर एड जैसे कॉन्सेप्ट अप्रासंगिक हो सकते हैं।
खतरे की घंटी: AI का नियंत्रण और पारदर्शिता
हालांकि यह सब सुनने में बेहद रोमांचक है, लेकिन इसके साथ जोखिम भी है। अगर AI यह तय करेगा कि कौन-सा प्रोडक्ट “सर्वश्रेष्ठ” है, कौन-सी वेबसाइट दिखेगी, कौन-से ऑफर यूजर को मिलेंगे — तो सवाल उठता है कि यह निर्णय कितना निष्पक्ष और पारदर्शी होगा?
आज भी AI कभी-कभी गलती कर देता है, गलत जानकारी देता है या किसी खास कंटेंट से प्रभावित हो सकता है। ऐसे में क्या हम अपनी पूरी डिजिटल जिंदगी ऐसे सिस्टम के हाथों सौंप सकते हैं, जिसके निर्णय लेने की प्रक्रिया हमें दिखती ही नहीं?
रणनीति का मास्टरस्ट्रोक: गूगल के इवेंट से ठीक पहले लॉन्च का खुलासा
Reuters की रिपोर्ट OpenAI के ब्राउजर लॉन्च को लेकर ठीक उसी दिन सामने आई जिस दिन गूगल का सालाना मार्केटिंग इवेंट 'Google Marketing Live 2025' होने वाला था। यह कोई संयोग नहीं। बीते कुछ वर्षों में OpenAI बार-बार गूगल के बड़े इवेंट्स के ठीक पहले अपने बड़े अपडेट्स अनाउंस कर चुका है, जिससे गूगल का पूरा नैरेटिव बदल जाता है।
सर्च का भविष्य AI के हाथों?
यदि OpenAI का ब्राउजर सफल होता है, तो यह सिर्फ एक नया टूल नहीं बल्कि एक नई प्रणाली की शुरुआत होगी- जहां सर्च, ब्राउजिंग और डिजिटल विज्ञापन पूरी तरह से बदल जाएंगे। जहां आज हम वेब को खोजते हैं, वहीं भविष्य में हम बस कमांड देंगे और AI हमारे लिए सब कुछ कर देगा।
गूगल भले अभी राज कर रहा हो, लेकिन OpenAI का यह ‘ट्रोजन हॉर्स’ उसके किले के दरवाजे तक पहुंच चुका है।
टैग्स