होम / सोशल मीडिया / जागरूकता अभियान के लिए Meta व सरकार के बीच हुई पार्टनरशिप
जागरूकता अभियान के लिए Meta व सरकार के बीच हुई पार्टनरशिप
जी20 स्टे सेफ ऑनलाइन कैंपेन के लिए ‘मेटा’ (Meta) ने मंगलवार को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के साथ पार्टनरशिप की घोषणा की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
जी20 स्टे सेफ ऑनलाइन कैंपेन के लिए ‘मेटा’ (Meta) ने आज मंगलवार को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के साथ पार्टनरशिप की घोषणा की है। MeitY से पार्टनरशिप के तौर पर मेटा विभिन्न चैनलों के माध्यम से ऑनलाइन सुरक्षा उपायों को लेकर कई भारतीय भाषाओं में वीडियो संदेश के जरिए जागरूकता फैलाएगी। बता दें कि मेटा के पास फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्ऐसप जैसे लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का स्वामित्व है।
इस जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन धोखाधड़ी से निपटने, नुकसानदेह सामग्री की रिपोर्ट कैसे करें और ऑनलाइन बातचीत करते समय खुद को सुरक्षित रखने के टिप्स जैसे कई अन्य विषयों को शामिल किया जाएगा। मेटा पूरे साल इस अभियान में शिरकत करेगी।
भारत एक ट्रिलियन डॉलर की डिजिटल अर्थव्यवस्था बनने के कगार पर है। यह पार्टनरशिप ऐसे समय पर हुई है, जब भारत जी20 की अध्यक्षता कर रहा है। यह रणनीतिक साझेदारी न केवल मौजूदा इंटरनेट यूजर्स को सहायता प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी से आगाह करने के लिए तैयार भी करेगी। भारत में तेजी से बढ़ते नए इंटरनेट यूजर्स के लिए यह पार्टनरसिप फायदेमंद साबित होगी।
अंतरराष्ट्रीय सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर 7 फरवरी को मेटा ने सभी को सुरक्षित और समावेशी इंटरनेट प्रदान करने के लिए #डिजिटलसुरक्षा (#DigitalSuraksha) कैंपेन भी लॉन्च किया। इस कैंपेन के पहले चरण तहत मेटा ने दिल्ली में इंटरनेट यूजर्स को डिजिटल साक्षरता प्रदान करने के लिए दिल्ली पुलिस के साथ भी पार्टनरशिप की है। #डिजिटलसुरक्षा कैंपेन के पहले चरण में युवाओं की भलाई, बाल सुरक्षा, गलत सूचनाओं से निपटने के लिए जागरूगता अभियान चलाया जाएगा। ऑनलाइन सुरक्षा सुनिश्चित करने में कानून प्रवर्तन एजेंसियां एक महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रही हैं। #डिजिटलसुरक्षा अभियान के तहत मेटा दिल्ली के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में 10,000 छात्रों को डिजिटल साक्षरता प्रदान करने के लिए 2 महीने के लंबे कार्यक्रम पर दिल्ली पुलिस के साथ काम करेगा। इसके अलावा मेटा और दिल्ली पुलिस संयुक्त रूप से यूजर्स को ऑनलाइन/डिजिटल स्कैम से खुद को बचाने के बारे में शिक्षित करने के लिए संसाधनों का निर्माण करेगी। इस पार्टनरशिप के तहत मेटा दिल्ली पुलिसकर्मियों को मेटा के विभिन्न सुरक्षा उपकरणों के बारे में भी प्रशिक्षित करेगी।
मेटा ने बाल यौन शोषण संबंधी सामग्रियों की शेयरिंग की रोकथाम और ऐसी सामग्रियों के बारे में जानकारी देने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भी एक जागरूकता अभियान भी शुरू किया है। इसके तहत यूजर्स को बाल यौन शोषण संबंधी सामग्रियों के नुकसान और पीड़ित पर उसके प्रभाव के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोगों को ऐसी किसी भी सामग्री के बारे में फेसबुक को तत्काल सूचित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
टैग्स पार्टनरशिप मेटा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय