होम / सोशल मीडिया / गूगल की हार, न्यूज दिखाने के एवज में 7 मीडिया संस्थानों को करेगा भुगतान
गूगल की हार, न्यूज दिखाने के एवज में 7 मीडिया संस्थानों को करेगा भुगतान
ऑस्ट्रेलिया में न्यूज दिखाने के बदले पैसे का भुगतान करने का विरोध कर रहे गूगल (Google) ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार के सामने उनकी शर्तों को मान लिया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
ऑस्ट्रेलिया के दबाव में आकर आखिरकार गूगल ने हार मान ली। ऑस्ट्रेलिया में न्यूज दिखाने के बदले पैसे का भुगतान करने का विरोध कर रहे गूगल (Google) ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार के सामने उनकी शर्तों को मान लिया है और ऑस्ट्रेलिया के 7 बड़े मीडिया संस्थानों को न्यूज दिखाने के एवज में पैसे का भुगतान करने पर अपनी सहमति जताई है।
अमेरिकी टेक कंपनी ने शुक्रवार को न्यूज शोकेस नाम का एक प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किया, जिसमें समाचारों के लिए भुगतान किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले न्यूज शोकेस को गूगल ने पिछले साल जून में ब्राजील और जर्मनी में पेश किया था, लेकिन गूगल ने ऑस्ट्रेलिया के मीडिया संगठनों को अनिवार्य भुगतान की शर्तों को देख इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया था। गूगल का कहना था कि यदि ऑस्ट्रेलियाई सरकार पैसे के लिए मजबूर करती है तो वह अपनी समाचार सेवा देश में बंद करेगी।
गूगल ने कुछ दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया में अपना सर्च इंजन बंद करने की धमकी दी थी। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई पीएम स्कॉट मॉरिशन ने कहा था- ‘वह धमकियों पर जवाब नहीं देते हैं।’ इसके बाद गूगल को यह स्पष्ट संकेत चला गया था कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार किसी भी कीमत पर इस कानून से पीछे नहीं हटेगी।
लिहाजा पहले तो गूगल ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार के मीडिया संस्थानों को भुगतान करने को लेकर बनाए गए कानून का विरोध किया था, लेकिन अब 7 मीडिया संस्थानों के साथ डील कर न्यूज के लिए पैसे देने पर सहमति जता दी है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने ऐसा ही आदेश फेसबुक को भी दिया है। ऑनलाइन विज्ञापन बाजार में गूगल की हिस्सेदारी 53% और फेसबुक की 23% है। इस कानून का पालन नहीं करने पर दोनों ही कंपनियों पर भारी-भरकम जुर्मान लगाने का भी प्रावधान है।
टैग्स गूगल ऑस्ट्रेलिया न्यूज शोकेस ऑस्ट्रेलिया मीडिया