होम / सोशल मीडिया / ASCI ने LinkedIn के इन्फ्लुएंसर्स को दी ये सख्त सलाह
ASCI ने LinkedIn के इन्फ्लुएंसर्स को दी ये सख्त सलाह
विज्ञापन क्षेत्र की स्व-नियामक संस्था विज्ञापन मानक परिषद (ASCI) ने 'लिंक्डइन' (LinkedIn) इन्फ्लुएंसर्स को एक सख्त सलाह जारी की है
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 year ago
विज्ञापन क्षेत्र की स्व-नियामक संस्था विज्ञापन मानक परिषद (ASCI) ने 'लिंक्डइन' (LinkedIn) इन्फ्लुएंसर्स को एक सख्त सलाह जारी की है, जिसमें कहा गया है कि वे ब्रैंड या विज्ञापनदाताओं के साथ अपने "भौतिक संबंधों" (Material Connections) का खुलासा करें। ASCI ने चेतावनी दी है कि यदि इसका पालन नहीं किया गया तो उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 और केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) दिशानिर्देशों के तहत कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
ASCI की महासचिव और सीईओ मनीषा कपूर ने पारदर्शिता की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "भौतिक संबंधों का खुलासा करना ASCI कोड और CCPA दिशानिर्देशों द्वारा अनिवार्य है। ऐसा न करने से दर्शकों का भरोसा टूट सकता है और नियामक कार्रवाई हो सकती है।" यह बयान ASCI की नवीनतम मीडिया विज्ञप्ति में दिया गया है।
LinkedIn पर इन्फ्लुएंसर्स को खुद करनी होगी पारदर्शिता सुनिश्चित
अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के विपरीत, LinkedIn पर इन-बिल्ट डिस्क्लोजर टूल्स उपलब्ध नहीं हैं। इस कारण इन्फ्लुएंसर्स को अपने पोस्ट्स में "Ad" या "Partnership" जैसे स्पष्ट शब्दों का उपयोग कर मैन्युअली यह जानकारी देनी होगी कि वे किसी ब्रांड के साथ साझेदारी कर रहे हैं।
ASCI ने यह एडवाइजरी हाल ही में सामने आई शिकायतों में बढ़ोतरी के बाद जारी की है। पिछले सप्ताह में ही 60 मामले दर्ज किए गए, जिनमें ब्रांड साझेदारी का खुलासा नहीं किया गया था। इनमें से 56 मामलों की समीक्षा चल रही है।
इन्फ्लुएंसर्स के लिए ASCI की गाइडलाइन्स का महत्व
ASCI ने LinkedIn इन्फ्लुएंसर्स के लिए निम्नलिखित मुख्य दिशानिर्देश जारी किए हैं:
- भौतिक संबंधों का खुलासा: इन्फ्लुएंसर्स को यह स्पष्ट करना होगा कि उनका विज्ञापनदाता के साथ कोई ऐसा संबंध है, जो उनके कंटेंट की विश्वसनीयता को प्रभावित कर सकता है।
- स्पष्ट डिस्क्लोजर: यह डिस्क्लोजर आसानी से समझ में आने वाला और प्रमुख स्थान पर होना चाहिए। इसे हैशटैग्स या लिंक के अंदर छुपाया नहीं जाना चाहिए।
- दिशानिर्देशों का पालन: इन्फ्लुएंसर्स को ASCI कोड और CCPA दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इन्हें समझना और लागू करना होगा।
इस एडवाइजरी का उद्देश्य उन पेशेवरों पर लगाम लगाना है जो बिना उचित खुलासे के उत्पादों या सेवाओं का समर्थन करते हैं, जिससे दर्शकों को यह विश्वास हो सकता है कि ये समर्थन निष्पक्ष हैं।
पालन न करने पर हो सकती है कार्रवाई
CCPA दिशानिर्देश स्पष्ट रूप से कहते हैं कि भौतिक संबंधों का खुलासा न करना उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन है। ऐसा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें नियामक चेतावनी से लेकर कानूनी परिणाम तक शामिल हो सकते हैं। ASCI ने यह भी स्पष्ट किया है कि बार-बार ऐसा करने वालों को नियामक निकायों के पास रिपोर्ट किया जाएगा।
LinkedIn इन्फ्लुएंसर्स अपने-अपने क्षेत्रों में एक विशिष्ट स्थान रखते हैं और उन्हें जिम्मेदार डिजिटल मार्केटिंग प्रथाओं के पालन में नेतृत्व करना चाहिए। ASCI की इस एडवाइजरी में कहा गया है, "ये प्रोफेशनल विश्वसनीय विचारशील नेता माने जाते हैं, और यह उनके लिए जरूरी है कि वे पारदर्शी डिस्क्लोजर्स के जरिए उस विश्वास को बनाए रखें।"
टैग्स