होम / प्रिंट / ‘Hindustan Times’ में मैनेजिंग एडिटर कुणाल प्रधान ने लिया यह बड़ा फैसला
‘Hindustan Times’ में मैनेजिंग एडिटर कुणाल प्रधान ने लिया यह बड़ा फैसला
‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न केवल न्यूजरूम की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि संपादकीय स्वरूप को भी नया आकार दिया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 11 months ago
‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ (HT) के मैनेजिंग एडिटर कुणाल प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, कुणाल प्रधान ने अपने करीब 28 साल के लंबे करियर के बाद पत्रकारिता से अलग होने का फैसला किया है।
‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न केवल न्यूजरूम की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि संपादकीय स्वरूप को भी नया आकार दिया।
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक कुणाल प्रधान ने वर्ष 1997 में अपने करियर की शुरुआत की थी। उनके करियर में देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित संस्थान शामिल रहे हैं। पूर्व में वह ‘इंडिया टुडे’, ‘मुंबई मिरर’, ‘इंडियन एक्सप्रेस’ और ‘रॉयटर्स’ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण संपादकीय भूमिकाएं निभा चुके हैं। अपने हर कार्यभार में उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग और न्यूज़रूम लीडरशिप का बेहतरीन तालमेल बिठाया।
‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ के एंप्लॉयीज को भेजे गए एक इंटरनल मेल में एडिटर-इन-चीफ आर. सुकुमार ने लिखा है, ‘आज का हिन्दुस्तान टाइम्स न्यूजरूम बेहद प्रतिभाशाली व्यक्तियों के समूह से बना है और क्योंकि ऐसे समूह अचानक नहीं बनते, यह मान लेना सही होगा कि कुणाल ने इसे तैयार करने में कड़ी मेहनत की है।’
बता दें कि कुणाल प्रधान की लेखन शैली उनकी विविधता और गहरी समझ के लिए जानी जाती है। चाहे वह लुटियंस दिल्ली की राजनीति, आम पाठकों के लिए नीति की व्याख्या अथवा खेल से जुड़े विश्लेषण हों, उन्होंने हर विषय में अपनी अलग पहचान बनाई।
कुणाल प्रधान ने ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ में बड़ी संपादकीय टीमों का नेतृत्व किया, नए पत्रकारों का मार्गदर्शन किया और ऐसे विशेष प्रोजेक्ट्स और ग्राउंड-ब्रेकिंग रिपोर्ट्स तैयार करवाईं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया। उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी विशेषता स्पष्टता, विश्वसनीयता, और संदर्भ-आधारित पत्रकारिता पर जोर देना रहा, जहां उन्होंने सनसनीखेज खबरों की बजाय तथ्यों और गहराई पर फोकस किया।
टैग्स