होम / मीडिया फोरम / कोरोना की चपेट में आए दूरदर्शन के कैमरामैन की मौत
कोरोना की चपेट में आए दूरदर्शन के कैमरामैन की मौत
देश में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसकी चपेट में आकर अब तक कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, वहीं बड़ी संख्या में लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
देश में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसकी चपेट में आकर अब तक कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, वहीं बड़ी संख्या में लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। बुधवार को कोरोना की चपेट में आकर पब्लिक ब्रॉडकास्टर दूरदर्शन (डीडी) के कैमरामैन योगेश कुमार (53) की मौत हो गई। कोरोना से अपने एक एम्प्लॉयी की मौत के बाद दूरदर्शन ने अपने कुछ एम्प्लॉयीज को आइसोलेशन में जाने के लिए कहा है। वहीं, बिल्डिंग में सैनिटाइजेशन का काम किया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, योगेश कुमार की मौत बुधवार को हुई हालांकि उनकी कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट गुरुवार को आई। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वह कैसे संक्रमित हुए थे। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, ‘योगेश ने बेचैनी की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें शालीमार बाग एरिया में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से हमें पता चला कि कार्डियक अरेस्ट के कारण उनकी मौत हुई है, हालांकि, गुरुवार को उनकी कोविड-19 की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हम दूरदर्शन के ऑपरेशन के परिचालन को दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट कर रहे हैं और सभी जरूरी प्रोटकॉल का पालन किया जाएगा।’
बताया यह भी जाता है कि योगेश कुमार ने पिछले दिनों कम से कम दो वरिष्ठ अधिकारियों के इंटरव्यू में अपनी सहभागिता निभाई थी। इनमें एक रेलवे के और दूसरा केंद्रीय मंत्रालय के अधिकारी थे। यही नहीं, करीब 12 दिन पहले वह ‘एम्स’ (AIIMS) एरिया में भी गए थे। इस घटना के बाद प्रसार भारती ने डीडी न्यूज के ट्रांसमिशन का कार्य कुछ दिन तक खेलगांव स्थित ऑफिस में शिफ्ट कर दिया है।
टैग्स डीडी न्यूज कोरोना कोविड-19