होम / मीडिया फोरम / सिर्फ इतनी सी बात पर पत्रकार पर बोल दिया हमला
सिर्फ इतनी सी बात पर पत्रकार पर बोल दिया हमला
पीड़ित पत्रकार की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
पत्रकारों पर हमले की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में मध्य प्रदेश के चित्रकूट में खबर चलाने से नाराज माफियाओं द्वारा पत्रकार पर हमले की घटना के बाद कुछ इसी तरह का मामला उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिले के मुरादनगर से सामने आया है, जहां अव्यवस्थाओं की पोल खोलना पत्रकार को भारी पड़ गया। सोमवार की सुबह यहां कई लोगों ने न सिर्फ उन पर हमला बोल दिया, बल्कि मोबाइल फोन छीनकर फोटो भी डिलीट कर दिए। पीड़ित पत्रकार की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। मुरादनगर प्रेस क्लब ने इस घटना की निंदा करते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित पत्रकार का नाम दिग्विजय त्यागी है और वह दैनिक हिंट अखबार में कार्यरत हैं। समाचार4मीडिया के साथ बातचीत में शहर की महाजनान कॉलोनी निवासी दिग्विजय त्यागी ने बताया कि मुरादनगर के मेन बाजार स्थित सराय में अवैध रूप से चल रही सब्जी मंडी में लॉकडाउन की धज्जियां उड़ रही थीं। यहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं किया जा रहा था। इस पर उन्होंने यहां के कुछ फोटो खींच लिए। इसी बात से नाराज इन दुकानदारों ने उन पर हमला बोल दिया और मोबाइल फोन छीनकर फोटो डिलीट कर दिए।
पीड़ित पत्रकार की शिकायत पर एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। दिग्विजय त्यागी ने 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टैग्स पत्रकार पर हमला दिग्विजय त्यागी