खान सर और अंजना ओम कश्यप ने कोर्ट के बाहर सुलझाया विवाद

अंजना ओम कश्यप और खान सर के बीच मानहानि मामले में अदालत के बाहर समझौता हो गया है। दिल्ली हाई कोर्ट को आपसी सहमति से विवाद सुलझने की जानकारी दी गई।

Last Modified:
Wednesday, 04 November, 2026
khansir


पत्रकार अंजना ओम कश्यप (Anjana Om Kashyap) और शिक्षक फैजल खान (Faizal Khan), जिन्हें खान सर (Khan Sir) के नाम से जाना जाता है, के बीच मानहानि मामले में अदालत के बाहर समझौता हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कश्यप ने दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में यह मामला दायर किया था।

अंजना ओम कश्यप की ओर से पेश वकील वृंदा भंडारी (Vrinda Bhandari) ने अदालत को बताया कि खान सर सहित पांच अन्य प्रतिवादियों के साथ आपसी सहमति से विवाद सुलझा लिया गया है। उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों में समझौते को औपचारिक रूप से अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।

समझौते में शामिल अन्य लोगों में बबीता त्यागी (Babita Tyagi), अरविंद भदौरिया (Arvind Bhadoria), मनीष यादव (Manish Yadav) और एक्स (X) पर सैमखासा (SamKhasa) तथा अभिमन्यु1305 (Abhimanyu1305) नाम से अकाउंट चलाने वाले दो लोग शामिल हैं।

अंजना ओम कश्यप और टीवी टुडे नेटवर्क (TV Today Network) ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर 2 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की थी। उनका आरोप था कि खान सर ने प्रमुख शिक्षकों और ऑनलाइन कोचिंग इंडस्ट्री पर उनकी रिपोर्टिंग को लेकर पत्रकार के खिलाफ मानहानिकारक बयान दिए थे।

यह विवाद नीट (NEET) परीक्षा प्रणाली पर हुई एक लाइव बहस के दौरान शुरू हुआ था। आरोप है कि इस बहस में कश्यप ने कुछ ऑनलाइन शिक्षकों की आलोचना करते हुए उन्हें धोखेबाज बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि कुछ शिक्षक शिक्षा के बजाय व्यूज को प्राथमिकता दे रहे हैं।

इसके बाद खान सर की ओर से अंजना ओम कश्यप को लेकर की गई टिप्पणियों के चलते मामला अदालत पहुंचा था। अब दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद समझौते की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए