होम / साक्षात्कार / शीरीन भान ने बताया, लॉकडाउन ने कैसे ‘CNBC-TV18’ के न्यूजरूम को किया प्रभावित
शीरीन भान ने बताया, लॉकडाउन ने कैसे ‘CNBC-TV18’ के न्यूजरूम को किया प्रभावित
हमारी सहयोगी वेबसाइट ‘एक्सचें4मीडिया’ के साथ CNBC-TV18 की मैनेजिंग एडिटर शीरीन भान ने तमाम मुद्दों पर चर्चा की
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
‘सीएनबीसी-टीवी18’ (CNBC-TV18) स्टार्टअप्स के लिए समर्पित देश के पहले शो ‘यंग तुर्क’ की वर्षगांठ का जश्न मना रहा है। सबसे पहले यह शो वर्ष 2002 में प्रसारित किया गया था और अब 17 जून को यह 18 साल का हो गया है। हमारी सहयोगी वेबसाइट ‘एक्सचेंज4मीडिया’ (exchange4media) के साथ बातचीत में ‘सीएनबीसी-टीवी18’ की मैनेजिंग एडिटर शीरीन भान ने बताया कि करीब दो दशक के दौरान इस शो में लगभग 5000 स्टार्टअप्स और देश में स्टार्टअप्स की बढ़ती कहानी को दिखाया गया है। इस दौरान भान ने महामारी के दौरान न्यूज रूम के बदलते रूप के साथ ही इस बारे में भी चर्चा की कि इस मुश्किल समय में भी इस ब्रैंड ने कैसे व्युअर्स के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को बनाए रखा है। प्रस्तुत हैं शीरीन भान के साथ इस बातचीत के प्रमुख अंश:
हमें सबसे पहले ‘यंग तुर्क’ के बारे में थोड़ा बताएं। आपको क्या लगता है कि इन 18 वर्षों में देश में स्टार्टअप्स का परिदृश्य किस तरह और कितना बदल गया है?
’यंग तुर्क’ को युवा एंटरप्रिन्योर्स, नए आइडिया और उभरते भारतीय ब्रैंड्स पर फोकस करने के लिए बतौर एक प्रयोग शुरू किया गया था। हमने सोचा था कि यह एक सीरीज होगी जो 13 हफ्ते में खत्म हो जाएगी, लेकिन इसने अपना सफर खुद जारी रखा। आज यह न सिर्फ स्टार्टअप्स को समर्पित देश का पहला शो है, बल्कि शायद स्टार्टअप्स और एंटरप्रिन्योरशिप पर दुनिया का सबसे लंबा चलने वाला शो है। इस शो के दौरान, हमने स्टार्टअप की अर्थव्यवस्था को विकसित होते हुए देखा है। 18 वर्ष पहले की तुलना में पारिस्थितिकी तंत्र (ecosystem) ज्यादा विविध हो गया है। युवा भारतीय एंटरप्रिन्योर्स के पास आज के समय में टेक्नोलॉजी की पावर भी है। स्टार्टअप्स ने न सिर्फ नई कैटेगरीज और मार्केट तैयार किए हैं, बल्कि उन्होंने इस सेक्टर को एक व्यवस्थित सेक्टर के रूप में स्थापित करने में भी मदद की है, जो पहले काफी बिखरा हुआ था। इस ईकोसिस्टम की ग्रोथ के साथ ही ‘यंग तुर्क’ ने एक डेली शो ‘स्टार्टअप स्ट्रीट’ (Startup Street) शुरू करने का फैसला लिया, जो इस क्षेत्र के समाचारों पर केंद्रित है। ‘यंग तुर्क’ ने जहां 18 साल पूरे कर लिए हैं, वहीं ‘स्टार्टअप स्ट्रीट’ को अभी एक साल ही हुआ है और हम स्टार्टअप इंडिया की कहानी का एक अभिन्न हिस्सा होने पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं।
इस शो पर अब तक कितने स्टार्ट अप्स दिखाए गए हैं? हमें इस शो की विकास यात्रा के बारे में कुछ बताएं और 18 वर्षगांठ के लिए आपने किस तरह की स्पेशल प्रोग्रामिंग की योजना बनाई है?
इन तमाम वर्षों में हमने देश के करीब 5000 एंटरप्रिन्योर्स को दिखाया है और हमने इस शो को ग्लोबल लेवल पर भी पहुंचाया है। दुनिया के विभिन्न हिस्सों से स्टार्टअप के साथ हमारे गहरे संबंध हैं और इस शो को हम लंदन, सिंगापुर, इजराइल ले गए हैं और एक ग्लोबल नेटवर्क तैयार किया है। शो के 18 साल पूरे होने पर हमने एक घंटे का स्पेशल शो तैयार किया है, जिसमें देश के प्रमुख स्टार्टअप्स और इन्वेस्टर्स ‘CNBC-TV18’ पर हमारे साथ जुड़ेंगे। इसमें जाने-माने निवेशक और फाउंडर्स जैसे-‘ Nexus Venture Partners’ के को-फाउंडर और एमडी नरेन गुप्ता, ‘Lightspeed India Partners’ के पार्टनर देव खरे, ‘Indian Angel Network’ की को-फाउंडर पद्मजा रूपारेल, ‘Pine Labs’ के सीईओ अमरीश राव, ‘Rivigo’ की को-फाउंडर गजल कालरा, ‘Meesho’ के फाउंडर और सीईओ विदित आत्रे और ‘Vedantu’ के सीईओ और को-फाउंडर वामसी कृष्णा जैसे नाम शामिल हैं।
वर्तमान दौर की बात करें तो आप कैसे बहुत कम कार्यबल (Workforce) के साथ काम कर रही हैं और लॉकडाउन ने किस प्रकार ‘CNBC-TV18’ के न्यूजरूम को प्रभावित किया है?
इस महामारी ने निश्चित रूप से हमारे आसपास बहुत कुछ बदलकर रख दिया है। कम कार्यबल और लॉकडाउन ने हमें ज्यादा कुशल और इनोवेटिव (innovative) बनाया है। कोविड-19 महामारी हमारे समय की सबसे बड़ी स्टोरी है और CNBC-TV18 ने इसे कवर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। कोविड-19 से जुड़ी स्टोरी और अपडेट्स देने के लिए हमारी एडिटोरियल टीम लगातार काम कर रही है। हम व्यापार निरंतरता योजना (business continuity plan) को अपनाने वाले पहले लोगों में से थे, जिसने हमें न सिर्फ संचालन को निर्बाध रूप से बनाए रखने बल्कि सभी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी सहायता प्रदान की है। ‘CNBC TV-18’ नेटवर्क में एंकर्स, पत्रकार, प्रॉडक्शन टीम और न्यूजरूम से जुड़े सभी लोगों ने नए नियमों को अपनाया और उनका पूरी तरह पालन कर रहे हैं। हमारा पूरा प्रयास ऑडियंस को फ्रेश और डायनामिक कंटेंट प्रदान करने का रहा है।
पिछले तीन महीनों के दौरान न्यूज की व्युअरशिप अब तक सबसे ज्यादा रही है। लोगों ने इस दौरान मार्केट और बिजनेस न्यूज में काफी रुचि दिखाई है। क्या CNBC-TV18 की ग्रोथ में भी इस तरह की बढ़ोतरी हुई है? इस ग्रोथ को बनाए रखने के लिए आपका क्या प्लान है?
जब से लॉकडाउन लागू हुआ था, तब से लोग अपने घर पर बहुत समय बिता रहे हैं। इस दौरान टीवी की व्युअरशिप भी काफी बढ़ी है। दूसरे जॉनर्स की तुलना में बिजनेस न्यूज की खपत (consumption) में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, क्योंकि कोविड-19 महामारी का अर्थव्यवस्था और बाजारों पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा है। यहां तक कि जब हमने घर से काम (work from home) करने के लिए अपने ऑपरेशंस का काफी महत्वपूर्ण हिस्सा शिफ्ट किया, उस दौरान भी हमने प्रभावशाली लोगों को एक साथ लाने के लिए अपनी प्रोग्रामिंग पर नवाचार (innovation) करना जारी रखा। केंद्रीय बैंकर्स, केंद्रीय मंत्रियों, वित्त राज्य मंत्रियों और व्यापार जगत के नेताओं से लेकर वैश्विक स्वास्थ्य सेवा नेताओं और फंड मैनेजरों के द्वारा हमने अपने दर्शकों को समस्या और संभावित समाधानों पर पूरी जानकारी देने की कोशिश की है। एक जिम्मेदारी न्यूज प्लेटफॉर्म होने और बिजनेस न्यूज के क्षेत्र में अग्रणी होने के नाते CNBC-TV18 की व्युअरशिप में भी बहुत ज्यादा इजाफा देखने को मिला है, जो हाल में स्थिर हुआ है। अंग्रेजी बिजनेस न्यूज जॉनर में हमने लगातार 70 प्रतिशत से अधिक मार्केट शेयर हासिल किया है। CNBC-TV18 ने बेजोड़ कवरेज और गहन विश्लेषण के कारण बेहतर प्रदर्शन जारी रखा है।
टैग्स शीरीन भान सीएनबीसी-टीवी18 यंग तुर्क