होम / इंटरनेशनल / लाइव रिपोर्टिंग के दौरान आया भूकंप, रिपोर्टर ने बचायी बच्ची की जान, वीडियो वायरल
लाइव रिपोर्टिंग के दौरान आया भूकंप, रिपोर्टर ने बचायी बच्ची की जान, वीडियो वायरल
मिडिल ईस्ट के चार देश तुर्किये, सीरिया, लेबनान और इजराइल सोमवार सुबह भूकंप से हिल गए।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
मिडिल ईस्ट के चार देश तुर्किये, सीरिया, लेबनान और इजराइल सोमवार सुबह भूकंप से हिल गए। तुर्किये (पुराना नाम तुर्की) व सीरिया में भूकंप के झटकों से भारी तबाही देखने को मिली है। यहां 12 घंटे में तीन बड़े भूकंप आए, जिसमें 4000 से ज्यादा लोग अपनी जान गवां चुके हैं और 6000 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि यह संख्या बढ़ भी सकती है। सबसे ज्यादा तबाही एपिसेंटर तुर्किये और उसके नजदीक सीरिया के इलाकों में देखी जा रही है।
इस बीच, तुर्किये में एक लाइव रिपोर्टिंग कर रहे शख्स के कैमरे में भूकंप का पूरा मंजर कैद हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग चीख-चिल्ला रहे हैं।
टेलीविजन रिपोर्टर युकसेल अकालन सोमवार को भूकंप थमने के बाद तुर्किये के मालट्या की सड़कों से लाइव रिपोर्टिंग कर रहे थे, तभी उनके पैरों के नीचे से जमीन हिलने लगी। लाइव रिपोर्टिंग का वीडियो सीबीएस न्यूज़ ने जारी किया है, जिसमें देखा जा सकता है कि भूकंप के झटके शुरू होते ही युकसेल अकालान और सड़क पर मौजूद अन्य लोग भागने लगते हैं। इसी दौरान कैमरामैन आसपास के भयानक मंजर को कैमरे में कैद करने की कोशिश करता है कि तभी किसी इमारत के गिरने की आवाज सुनाई देती है। इसी पल एक महिला अपने बच्चों की मदद के लिए लोगों को पुकारती नजर आती है, जिसके बाद यह रिपोर्टर इन लोगों की तरफ़ बढ़ जाता है और एक बच्ची को अपनी गोद में उठाकर दूसरी जगह ले जाता है
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, युकसेल अकालन ने कहा कि वह जब इलाके में राहत-बचाव के प्रयासों को लेकर रिपोर्टिंग कर रहे थे, तभी उन्हें लगातार दो भूकंप के झटके महसूस हुए और उनके बाईं ओर की बिल्डिंग जमींदोज हो गई। वहां बहुत धूल थी। एक स्थानीय निवासी भागते हुए आया, जिस पर धूल ही धूल थी। इस दौरान रिपोर्टर युकसेल अकालन दौड़ लगाकर एक बच्ची की जान भी बचाते हुए नजर आ रहे हैं।
टैग्स रिपोर्टर भूकंप तुर्किये