होम / इंटरनेशनल / बांग्लादेश में पत्रकार की हत्या व अखबारों पर हुए हमले को लेकर PEC ने जताई चिंता
बांग्लादेश में पत्रकार की हत्या व अखबारों पर हुए हमले को लेकर PEC ने जताई चिंता
प्रेस सुरक्षा और अधिकारों की वैश्विक संस्था प्रेस एम्ब्लेम कैंपेन (PEC) ने बांग्लादेश में हाल ही में हुई पत्रकार हत्या और अखबारों पर हमले की कड़ी निंदा की है
Samachar4media Bureau,मिलिंद खांडेकर 1 month ago
प्रेस सुरक्षा व अधिकारों की वैश्विक संस्था प्रेस एम्ब्लेम कैंपेन (PEC) ने बांग्लादेश में हाल ही में हुई पत्रकार हत्या और अखबारों पर हमले की कड़ी निंदा की है। PEC ने ढाका की अंतरिम सरकार से पूरे देश में मीडिया प्रोफेशनल्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
घटना में डिजिटल मीडिया के संपादक इमदादुल हक मिलोन (45) की हत्या की गई और एक उग्र भीड़ ने राजधानी में दो बड़े अखबारों 'Prothom Alo' और ‘द डेली स्टार’ के दफ्तरों पर हमला किया। PEC ने ‘New Age’ के संपादक नुरुल कबीर पर भी हुए शारीरिक हमले की निंदा की, जिन्होंने अन्य पत्रकारों के साथ मिलकर हिंसक समूह को रोकने की कोशिश की।
मिलोन 18 दिसंबर की शाम शालुआ मार्केट में चार सशस्त्र बदमाशों द्वारा मारे गए। गंभीर रूप से घायल मिलोन को खुलना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह इस साल बांग्लादेश में मारे गए पांचवें पत्रकार और वैश्विक स्तर पर 163वें पत्रकार शिकार हैं।
PEC के अध्यक्ष ब्लेज लेम्पेन ने कहा, “हम पत्रकार इमदादुल हक मिलोन की हत्या की कड़ी निंदा करते हैं। इसके साथ ही राजधानी ढाका में देर रात हुए अखबारों पर तोड़फोड़ और आगजनी के हमले भी बेहद डरावने हैं। यह प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला है, जिसे सरकार को सुरक्षित बनाना चाहिए, खासकर जब देश 12 फरवरी 2026 में आम चुनाव की तैयारी कर रहा है।”
हमले के कारण दोनों अखबार शुक्रवार को अपने अंक प्रकाशित नहीं कर सके। PEC के दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया प्रतिनिधि नवा ठाकुरिया ने कहा कि इन हमलों के तुरंत बाद हिंसा फैली, जब अंतरिम सरकार के प्रमुख प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस ने पुष्टि की कि इंक़लाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की मृत्यु हो गई।
प्रो. यूनुस ने प्रभावित अखबारों के संपादकों से बात की और उन्हें पूरा समर्थन और सुरक्षा सहायता देने का आश्वासन दिया।
टैग्स