होम / इंटरनेशनल / पाकिस्तान में दो चैनलों पर लगा बैन, सामने आयी ये वजह
पाकिस्तान में दो चैनलों पर लगा बैन, सामने आयी ये वजह
पाकिस्तान की शाहबाज शरीफ सरकार ने एक बार फिर से मीडिया पर स्ट्राइक करते हुए दो चैनलों के प्रसारण पर रोक लगा दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
पाकिस्तान की शाहबाज शरीफ सरकार ने एक बार फिर से मीडिया पर स्ट्राइक करते हुए दो चैनलों के प्रसारण पर रोक लगा दी है। सोमवार को कराची के जिन दो टीवी चैनलों को बंद करने का फैसला लिया गया है, उसमें पहल है ‘बोल न्यूज’ और दूसरा चैनल है ‘बोल एंटरटेनमेंट’।
पाकिस्तान में मीडिया पर निगरानी रखने वाली संस्था (PEMRA) ने इस कदम की वजह गृह मंत्रालय से सिक्योरिटी क्लीयरेंस नहीं मिलना बताया है। पेमरा ने अपनी बैठक में फैसला लिया कि गृह मंत्रालय से सुरक्षा मंजूरी मिलने तक चैनलों को संचालन की मंजूरी नहीं दी जा सकती।
पेमरा की ओर से जारी बयान में कहा गया, पेमरा ने गृह मंत्रालय के सभी रिकॉर्ड, अदालती आदेश और नोटिस की समीक्षा की और तत्काल प्रभाव से ‘बोल न्यूज’ और ‘बोल एंटरटेनमेंट चैनल’ का लाइसेंस रद्द करने का फैसला किया।
बताया जा रहा है कि इस चैनल के ऊपर शाहबाज शरीफ की टेढ़ी नजर काफी समय से थी और इस चैनल पर यह भी आरोप लगाए जा चुके हैं कि वह सिर्फ पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थन वाली खबरें ही दिखाता है। बैन लगते ही इमरान खान भड़क गए और उन्होंने सरकार पर जमकर भड़ास निकाली है। इमरान खान ने लिखा कि आज पाकिस्तान में हम जिस फासीवाद और सेंसरशिप को देख रहे हैं, ऐसा हमने पहले कभी नहीं देखा। सरकार मीडिया और पत्रकारों पर सेंसरशिप लगा रही है और फासीवादी स्तर तक उनका उत्पीड़न कर रही है। अब ‘बोल न्यूज’ का लाइसेंस सिर्फ इसलिए रद्द कर दिया क्योंकि वह हमारी कवरेज कर रहा था।
बता दें कि इससे पहले भी शाहबाज सरकार ने मीडिया पर कार्रवाई करते हुए चैनलों को बैन किया था। कुछ दिन पहले ही देश के नामी ‘एआरवाई’ न्यूज चैनल का प्रसारण बंद कर दिया गया था। यह तब हुआ था जब पाकिस्तान सरकार एक आदेश सामने आया। आदेश के मुताबिक इस चैनल के प्रसारण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है और अब इसका प्रसारण अगल आदेश तक नहीं हो सकेगा।
टैग्स बोल न्यूज बोल एंटरटेनमेंट